TheFinalAssault Blog Alert Breaking News ज्योति मल्होत्रा का यूट्यूबर साथी गिरफ्तार, पाकिस्तानी मोहरा निकला
Breaking News India-Pakistan Reports

ज्योति मल्होत्रा का यूट्यूबर साथी गिरफ्तार, पाकिस्तानी मोहरा निकला

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में छिपे गद्दारों की धरपकड़ जारी है. पंजाब पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने वाले एक ऐसे यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है, जिसकी जबर्दस्त फैन फोलोइंग थी. यूट्यूबर का हरियाणा की जासूस ज्योति मल्होत्रा से संपर्क था और दोनों मिलकर भारत की संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान के अधिकारी जट्ट रंधावा (फर्जी नाम) को शेयर कर रहे थे.

11 लाख फोलोअर्स वाला यूट्यूबर जसबीर निकला जासूस

रूपनगर के रहने वाले जसबीर सिंह को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल के मुताबिक जसबीर सिंह, पाकिस्तानी खुफिया एजेंट शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा को संवेदनशील जानकारियां दे रहा था. पुलिस के मुताबिक जसबीर सिंह एक बड़े जासूसी नेटवर्क का हिस्सा था. 

पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों के संपर्क में था जसबीर सिंह

पंजाब पुलिस का दावा है कि हाल ही में गिरफ्तार हुई पाकिस्तानी जासूस ज्योति मल्होत्रा के संपर्क में था. यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के जरिए जसबीर पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में आया था. जसबीर सिंह ने दानिश के निमंत्रण पर दिल्ली में आयोजित पाकिस्तान नेशनल डे समारोह में हिस्सा लिया था, जहां उसकी मुलाकात पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों और तमाम पाकिस्तानी नागरिकों के संपर्क में आया था. जसबीर सिंह ने 2020, 2021 और 2024 में तीन बार पाकिस्तान की यात्रा की थी.

जसबीर के पास से मिले पाकिस्तानी संदिग्ध नंबर

पुलिस का कहना है कि उसके जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में पाकिस्तान स्थित कई संपर्क नंबर मिले हैं, जिनकी फॉरेन्सिक जांच की जा रही है. ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी के तुरंत बाद जसबीर सिंह ने नेटवर्क के साथ अपने सभी कम्यूनिकेशन के सबूत मिटाने की कोशिश की थी. लेकिन पंजाब पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए जसबीर सिंह के खिलाफ पर्याप्त सबूत इकट्ठा कर लिए हैं. कई अहम डाटा भी पुलिस के पास हैं जो जसबीर सिंह कि पाकिस्तानी एजेंट दानिश के साथ संपर्क को साबित करते हैं. 

राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, राष्ट्र विरोधियों को पनपने नहीं देंगे: डीजीपी

डीजीपी के मुताबिक जसबीर सिंह के खिलाफ मोहाली में एफआईआर दर्ज की गई है. जासूसी नेटवर्क की सीमा का पता लगाने और अतिरिक्त सहयोगियों की पहचान करने के लिए पूरी तरह से जांच चल रही है. डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है और हमारी धरती पर राष्ट्र-विरोधी तत्वों को पनपने नहीं देगी. 

ऑपरेशन सिंदूर के बाद खुफिया जानकारी लीक करने वाला गिरफ्तार

पंजाब में एक और जासूस गगनदीप सिंह उर्फ गगन को गिरफ्तार किया गया है, जो सेना से जुड़ी जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा था. पंजाब पुलिस ने खुलासा किया है कि खालिस्तानी आतंकी गोपाल सिंह चावला, जो पाकिस्तान में छिपा हुआ है, उसके लिए गगन काम कर रहा था. ऑपरेशन सिंदूर के बाद गगनदीप ने आईएसआई को आर्मी के मूवमेंट की जानकारी लीक कर रहा था.

पहलगाम नरसंहार और ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश में पाकिस्तानी जासूसों की सफाई का काम जारी है. पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, यूपी, गुजरात, दिल्ली राजस्थान समेत कई जगहों से जासूसों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0