Breaking News Geopolitics Khalistan Terrorism

कनाडा की खालिस्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, फिर भी साधी चुप्पी

खालिस्तानी आतंकियों को संरक्षण देने के मामले में घिरे कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पुलिस ने भारत के मोस्ट वांटेड को गिरफ्तार किया है. गैंगस्टर और खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के आतंकी अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला को कनाडाई पुलिस ने एक शूटआउट के बाद पकड़ा है. 

कनाडा के ओंटारियो के मिल्टन शहर में 27-28 अक्तूबर एक बड़ा शूटआउट हुआ था, जिसमें कनाडाई एजेंसी ने डल्ला को गिरफ्तार किया था. डल्ला को पिछले साल जनवरी (जनवरी 2023) में गृह मंत्रालय ने आतंकवादी घोषित किया था. लेकिन कनाडा पुलिस अर्शदीप की गिरफ्तारी को लेकर चुप्पी की वजह से सवालों के घेरे में है.

कनाडा में पकड़ा गया भारत का मोस्टवांटेड
जिस खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या मामले में भारत-कनाडा के रिश्ते तल्खी भरे हैं, उस निज्जर का राइट हैंड है अर्शदीप सिंह डल्ला. साल 2020 में भारत से फरार होकर कनाडा में शरण लिए हुए था डल्ला. कनाडा में ही बैठकर डल्ला पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत के खिलाफ साजिशें रचता है और अवैध हथियारों का कारोबार संभालता है.

बताया जा रहा है कि कनाडा के मिल्टन में 27-28 अक्तूबर को गोलीबारी हुई थी. इस दौरान डल्ला मौके पर मौजूद था. आधिकारिक तौर पर अर्शदीप सिंह डल्ला के गिरफ्तार या हिरासत में होने की कोई पुष्टि कनाडा पुलिस या सरकार ने नहीं की है. (कनाडा में मौजूद हैं खालिस्तानी, ट्रूडो ने माना)

खूंखार है अर्शदीप डल्ला, ये है उसकी काली कुंडली
अर्श डल्ला खालिस्तानी टाइगर फोर्स (केटीएफ) का कार्यवाहक प्रमुख है. डल्ला को आतंकी हरदीप सिंह निज्जर का उत्तराधिकारी माना जाता है. पंजाब के मोगा का रहने वाले डल्ला पर पंजाब पुलिस और केन्द्रीय एजेंसी की सख्ती के बाद साल 2022 में नकली पासपोर्ट बनाकर कनाडा फरार होने का आरोप लगा था. 

अर्शदीप पर पंजाब में आतंकी फंडिंग, दंगा भड़काने, हत्या और जबरन वसूली के जैसे कई मामले दर्ज हैं. एनआईए के मुताबिक, अर्शदीप कनाडा में बैठकर पंजाब, हरियाणा सहित कई प्रदेशों में गैंगस्टर्स को ऑपरेट कर रहा था. डल्ला के संपर्क में ना सिर्फ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई थी, बल्कि पाकिस्तान में बैठे आतंकियों से भी डल्ला का लिंक पाया गया है. 

पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में अर्शदीप अपना मॉडयूल चला रहा था. 

इसी साल अर्शदीप के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था. पंजाब पुलिस अर्श डल्ला के फंड किए गए कई गिरोहों का भंडाफोड़ कर चुकी है. अर्शदीप के कई सहयोगियों की गिरफ्तारी भी हुई थी. पंजाब पुलिस ने आरोपी सहयोगियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में नकली आईईडी, हैंड ग्रेनेड, गोला बारूद और हथियार भी बरामद किए थे. पंजाब पुलिस की फाइल्स में भी अर्शदीप डल्ला वांटे़ड है.

पिछले साल सितंबर में की थी कांग्रेस नेता की हत्या
मोगा के स्थानीय नेता बलजिंदर सिंह बल्ली की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की गई थी. शूटर्स ने घर में घुसकर कांग्रेस नेता को गोलियों से छलनी किया था. हत्या के कुछ घंटों बाद ही अर्शदीप सिंह डल्ला ने कनाडा से इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी.अर्श डल्ला ने अपनी पोस्ट में लिखा, “इसने मेरी मां को काफी रुलाया है. इसकी वजह से मेरी मां को एक हफ्ते तक सीआईए ने अपने पास बैठा कर रखा. मेरे घर में पुलिस के साथ जाकर तोड़फोड़ करवाई, इसकी वजह से हुआ है सब.”

एनआईए के मुताबिक आतंकी अर्शदीप सिंह का भाई बलदीप सिंह डल्ला भी फर्जी तौर पर कनाडा भागा हुआ है. साल 2021 में बलदीप डल्ला को गिरफ्तार किया गया था. भारत-पाकिस्तान सीमा के पास से चार विदेशी पिस्टल की बरामदगी की गई थी. पंजाब पुलिस ने दावा किया था कि अर्शदीप के कहने पर बलदीप डल्ला आतंकी वारदातों को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा था. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.