Alert Breaking News Lone-Wolf Russia-Ukraine Terrorism War

स्लोवाकिया की यूक्रेन नीति से नाराज था लोन-वुल्फ, हमले के बाद पीएम फिको अस्पताल में

स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री पर हमला करने वाला आरोपी लोन-वुल्फ था जो यूक्रेन को भेजे जाने वाली हथियारों की सप्लाई रोकने से नाराज था. खुद स्लोवाकिया के आंतरिक मंत्रालय ने इस बात का खुलासा किया है. बुधवार को स्लोवाकिया के पीएम रॉबर्ट फिको पर भीड़ में मौजूद एक शख्स ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थी. वे फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं. 

स्लोवाकिया के आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक, आरोपी इस बात से खफा था कि प्रधानमंत्री फिको के नेतृत्व में कैबिनेट ने यूक्रेन को भेजे जाने वाली हथियारों की सप्लाई को रोक दिया था. इस बात से नाराज होकर उसने फिको पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थी. उस वक्त फिको सड़क पर खड़ी भीड़ से मुलाकात कर रहे थे. फिको की सीक्रेट सर्विस में तैनात अधिकारियों ने आरोपी को मौके से ही धर-दबोचा था. लेकिन अभी तक उसकी पहचान को उजागर नहीं किया गया है. लेकिन 24 घंटे की पूछताछ के बाद आंतरिक मंत्रालय ने इतना जरूर बताया कि हमले की साजिश उसने अकेले रची थी और उसके साथ कोई साथी नहीं है ना ही अभी तक किसी संगठन के जुड़े होने की बात सामने आई है (https://x.com/neeraj_rajput/status/1790792957521432877).

दरअसल, फिको को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का करीबी माना जाता है. पिछले साल अक्टूबर में वे तीसरी बार स्लोवाकिया के पीएम चुने गए थे. चुनावों में उन्होंने यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई को रोकना और नाटो में शामिल ना होने देना प्रमुख मुद्दा बनाया था. पिछले महीने ही फिको ने अपने पर हुए हमले की आशंका जताई थी. उनके उस दौरान का वीडियो भी सामने आया है. 

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर फिको पर हमले की आलोचना करते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की. फिको फिलहाल अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती हैं लेकिन उनकी हालात स्थिर बताई जा रही है (https://x.com/narendramodi/status/1790946804709879953).

उधर बीजिंग पहुंचे पुतिन ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के दौरान यूक्रेन संकट को सुलझाने में मदद करने के लिए आभार प्रकट किया. पुतिन दो दिवसीय (16-17 मई) दौरे पर चीन गए हैं. पांचवी बार रुस की सत्ता संभालने के बाद ये उनकी पहली विदेश यात्रा है. 

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.