ईरान के साथ युद्ध के चक्कर में भूल गई एपस्टीन फाइल को लेकर अमेरिका में एक बार फिर से हलचल बढ़ गई है. ईरान के साथ सीजफायर की घोषणा के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने कुख्यात जेफरी एपस्टीन को लेकर कई सनसनीखेज खुलासा किया है. एपस्टीन के साथ ट्रंप और मेलानिया की कई तस्वीरें पब्लिक डोमेन में आ चुकी हैं, जिसे लेकर अमेरिकी जनता में भूचाल मचा हुआ है. ऐसे में मेलेनिया ट्रंप ने प्रेसकॉन्फ्रेंस करके एपस्टीन से पल्ला झाड़ने की कोशिश की है.
इतना ही नहीं मेलानिया ट्रंप ने खुद को पीड़ितों की आवाज बताते हुए पीड़ितों की सुनवाई की मांग की है, जिसे लेकर राष्ट्रपति ट्रंप और व्हाइट हाउस पर दबाव बनना लाजिमी है.
एपस्टीन से मेरा कोई रिश्ता नहीं, मुझे बदनाम करने की कोशिश: मेलानिया ट्रंप
ट्रंप की पत्नी मेलानिया ने व्हाइट हाउस से अचानक एक सनसनीखेज बयान जारी किया, वो भी ऐसे वक्त में जब ईरान के साथ युद्ध को लेकर ट्रंप की किरकिरी हो रही है और पूरा ओवल ऑफिस पाकिस्तान में होने वाली वार्ता पर फोकस किए हुए है.
मेलानिया ने अपने बयान में जेफरी एपस्टीन से जुड़ी सभी झूठी खबरों और अफवाहों को साफ तौर पर खारिज कर दिया. कहा, “एपस्टीन एक दोषी यौन अपराधी था, जिसकी मौत हो चुकी है. ये अफवाहें मेरे नाम को बदनाम करने की कोशिश हैं और इन्हें अब तुरंत रोकना चाहिए.”
मेलानिया ने कहा, “ मेरे बयान के बाद जेफरी एपस्टीन से मेरे नाम को जोड़ने वाली झूठी बातें आज ही खत्म होनी चाहिए. मैं एपस्टीन की दोस्त कभी नहीं रही. डोनाल्ड और मैं कभी-कभी उसी पार्टी में जाते थे जहां एपस्टीन भी होता था, क्योंकि न्यूयॉर्क और पाम बीच के सोशल सर्कल में ऐसा आम है. लेकिन मैंने एपस्टीन या उसकी साथी घिस्लेन मैक्सवेल के साथ कभी कोई रिश्ता नहीं रखा.”
मैं एपस्टीन के निजी द्वीप और उसके विमान में कभी नहीं गई: मेलानिया ट्रंप
मेलानिया ने यहीं नहीं रुकीं. अपनी सफाई में मेलानिया ने कहा, “मैं एपस्टीन के अपराधों के बारे में कभी कुछ नहीं जानती थीं. मैं कभी उसकी शिकार नहीं रही. मैं उसके विमान पर कभी नहीं चढ़ी और न ही उसके निजी द्वीप पर गई. मैं उसके किसी भी काम में शामिल नहीं थी.”
मेलानिया ने पीड़ितों के न्याय की मांग की है. कहा, “मैं कांग्रेस से कहती हूं कि इन महिलाओं को शपथ लेकर अपनी कहानी बताने का मौका दें. हर महिला को, अगर वह चाहे, अपनी बात सार्वजनिक रूप से कहने का अधिकार मिलना चाहिए. उनकी गवाही को कांग्रेस के रिकॉर्ड में हमेशा के लिए दर्ज किया जाना चाहिए.”
मुझे मेरे पति ट्रंप से एपस्टीन ने नहीं मिलवाया था: मेलानिया
मेलानिया ने उन अफवाहों को भी गलत बताया जिनमें कहा जाता है कि एपस्टीन ने ही उन्हें डोनाल्ड ट्रंप से मिलवाया था. मेलानिया ने कहा, “मैं अपने पति से 1998 में न्यूयॉर्क की एक पार्टी में अचानक मिली थी. मेरी किताब मेलानिया में इसकी पूरी डिटेल है. उनकी एपस्टीन से पहली मुलाकात साल 2000 में हुई तब उन्हें एपस्टीन के जुर्मों का अंदाजा नहीं था.”
हालांकि मेलानिया के बयान के बाद सोशल मीडिया पर एपस्टीन के दस्तावेजों के जरिए मेलानिया ट्रंप के दावे को झूठ बताया जाने लगा. लोगों ने एपस्टीन के एक ईमेल और पुरानी तस्वीरों को शेयर करना शुरु कर दिया.
जिस मुद्दे को दबा रहा व्हाइट हाउस, उसे मेलानिया ने फिर उछाला
सवाल ये है कि मेलानिया ट्रंप ने ऐसे वक्त में एपस्टीन पर क्यों बात की जब ट्रंप ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका में सवालों के घेरे में हैं. हालांकि एपस्टीन के साथ रिश्तों और उसकी प्राइवेट पार्टियों में जाने को लेकर ट्रंप से अमेरिकी जनता में उबाल है. मेलानिया ने इस मुद्दे पर पहले कभी भी सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा था. पर अब दुनिया के सामने आकर सीधे तौर पर अपना पक्ष रखा है. क्या व्हाइट हाउस ने ही मेलानियो को मीडिया के सामने आने के लिए कहा था.
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप को अपनी पत्नी के बयान की जानकारी थी लेकिन बाद में एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उन्हें इसकी पहले से कोई जानकारी नहीं थी.
फर्स्ट लेडी के सीनियर एडवाइजर ने कहा, “ एपस्टीन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों से मेलानिया ट्रंप परेशान थीं. झूठ अब बंद होना चाहिए. अब लोगों और मीडिया को उनकी फर्स्ट लेडी के रूप में किए गए शानदार कामों पर फोकस करना चाहिए.”

