Breaking News Reports

मेंचो की मौत से जला मेक्सिको, अमेरिकी tip-off से मारा गया ड्रग लॉर्ड

मेक्सिको के सुरक्षाबलों ने एक सैन्य एक्शन में ड्रग्स के सबसे खतरनाक और खूंखार डेढ़ करोड़ डॉलर के वांटेड नेता नेमेसियो ‘एल मेंचो’ ओसेगुएरा सर्वेंट्स को क्या मार गिराया, पूरा मेक्सिको जल उठा है. 

एल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (सीजेएनसी) के सदस्यों ने पूरे मेक्सिको में बदले की कार्रवाई शुरू कर दी. ऐसी हिंसा भड़की कि मेक्सिको के कई राज्यों में ड्रग कार्टेल के सदस्यों ने गाड़ियों, बसों, दुकानों में आग लगा दी. हर ओर हाहाकार मच गया. ड्रग्स अपराधियों के सामने मेक्सिको प्रशासन, पुलिस, सेना सब फेल नजर आने लगा. 

बताया जाता है कि अमेरिका की खुफिया जानकारी के बाद मेक्सिको ने ड्रग्स के इस ग्रुप के खिलाफ एक्शन लिया था. 

मारा गया खूंखार एल मेंचो, मेक्सिको में भड़की हिंसा

22 फरवरी को सैन्य ऑपरेशन के तहत जालिस्को के टपालपा में सुरक्षाबलों ने एल मेंचो को मौत के घाट उतार दिया था. एल मेंचो को मेक्सिको के सबसे खतरनाक और प्रभावशाली ड्रग लॉर्ड्स में से एक माना जाता था. जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (सीजेएनसी) का ये नेता  नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वांटेस उर्फ ‘एल मेंचो’ लंबे वक्त से फरार था. इस सैन्य ऑपरेशन में कई सीजेएनसी सदस्य भी मारे गए हैं. 

बताया जाता है कि अमेरिका जिस फेंटेनिल ड्रग्स से परेशान है. उस ड्रग्स की तस्करी का प्रमुख स्रोत, यही ग्रुप है. सिर्फ फेंटेनिल ही नहीं, यह गैंग अमेरिका तक कोकीन, मेथामफेटामाइन, और अवैध प्रवासियों की तस्करी में शामिल रहा है. ओसेगुएरा, अमेरिका में कई मामलों में मेंचो वांटेड था. अमेरिकी विदेश विभाग ने उसकी गिरफ्तारी पर 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने एल मेंचो कार्टेल को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया था. 

बताया जाता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने जब से दूसरी बार सत्ता संभाली वो मेक्सिको के खिलाफ दबाव बनाए हुए थे, चाहे वो अवैध प्रवासियों का मामला हो या फेंटेनिल ड्रग्स हो. मेक्सिको पर मेंचो के खिलाफ खुफिया जानकारी भी अमेरिका ने मुहैया कराई थी. जिसके बाद ही मेक्सिकन सेना ने मेंचो कार्टेल के खिलाफ एक्शन लिया था.

मेक्सिको में हालात बेकाबू, दहशत में लोग, कई शहर घोस्ट टाउन बने

एल मेंचो और उसके सदस्यों की मौत के बाद मेक्सिको के कई राज्यों में हिंसा भड़क गई है. कई राज्यों में आगजनी, रोडब्लॉक, हवाई अड्डे बंद, और सड़कें खाली हो गई हैं. 250 से ज्यादा सड़कों को ब्लॉक कर दिया गया. इस हिंसा में 14 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि दर्जनों घायल हुए हैं. 

मेक्सिको के शहर जलिस्को, मिचोआकान, कोलिमा, तामौलिपास,  गुआनाजुआटो, वेराक्रोज और अन्य राज्यों में हालात अनियंत्रित हैं. ड्रग्स गैंग के लोग सड़कों पर उतरकर खुलेआम फायरिंग करने लगे, जिससे चीखपुकार मच गई. आम लोग प्रभावित हुए. 

मेंचो के शहर जलिस्को में 20 बैंकों में आग लगा दी गई. गुआडालाजारा को “घोस्ट टाउन” बताया जा रहा है, जहां लोग घरों में शरण लिए हुए हैं 

हालात देखते हुए कई शहरों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. मेक्सिकन सरकार ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से घरों में रहने की अपील की है. पूरे देश में अराजकता और डर का माहौल है. 

मेक्सिको के दूसरे सबसे बड़े शहर ग्वाडलाहारा में लोग घरों में कैद हैं. सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया. ग्वाटेमाला ने भी मेक्सिको सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी है. 

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम ने शांति की अपील की है.

कई एयरलाइन्स ने रोकी सेवाएं, देशों ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

कई एयरलाइन्स ने पुर्तगाल वल्लार्ता में अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं, जिनमें वोलारिस, विवाएरोबस, एयर कनाडा, साउथवेस्ट, और अलास्का एयरलाइन्स शामिल हैं. यूनाइटेड और डेल्टा ने यात्रा अलर्ट जारी किए हैं. 

मेक्सिको में बिगड़ते हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने भी अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. भारतीय दूतावास ने कहा है, “अपने आस-पास का ध्यान रखें. मेक्सिको में सिक्योरिटी ऑपरेशन चल रहे हैं और उससे जुड़ी सड़कें जाम हैं और क्रिमिनल एक्टिविटी हो रही है.”

मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने कहा कि “लॉ एनफोर्समेंट एक्टिविटी वाले इलाकों में जाने से बचें. जरूरत पड़े तो शेल्टर लें और अपने शेल्टर के बाहर गैर-जरूरी मूवमेंट कम करें. स्थानीय मीडिया पर नजर रखें और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें. भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें. अपने परिवार और दोस्तों को फोन, टेक्स्ट और सोशल मीडिया के जरिए अपनी लोकेशन और सेहत के बारे में बताते रहें. जलिस्को स्टेट, तमाउलिपास स्टेट, मिचोआकन स्टेट, गुएरेरो स्टेट और न्यूवो लियोन स्टेट के इलाकों में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक वहीं रहना चाहिए.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *