यूक्रेन की राजधानी कीव में डच (नीदरलैंड) एंबेसी पर हुई मिसाइल स्ट्राइक के बाद अब रूस की राजधानी मॉस्को में डच दूतावास के करीब एक बिल्डिंग पर मिसाइल की एक पेंटिंग दिखाई देनी लगी है. अभी तक ये साफ नहीं है कि ये पेंटिंग किसने की है, लेकिन इसके पीछे क्रीमिया ब्रिज को उड़ाने के लिए नीदरलैंड की मिसाइलों को माना जा रहा है.
इस पेंटिंग में तीन मिसाइलों के साथ ट्यूलिप के फूल भी दिखाई पड़ रहे हैं. इस पेंटिंग को नीदरलैंड के राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से रंगा गया है. हालांकि, ये तीनों रंग, सफेद, नीला और लाल, रूस के फ्लैग का भी हिस्सा हैं. रूस और नीदरलैंड का फ्लैग लगभग एक जैसा है. महज रंगों के ऊपर नीचे होने का अंतर है. नीदरलैंड का फ्लैग तीनों रंगों की धारी वाली है, जिसमें सबसे ऊपर रेड कलर है, फिर सफेद रंग की धारी है और सबसे नीचे ब्लू (नीला) कलर है. रूस के झंडे में सबसे ऊपर सफेद रंग की धारी है,फिर ब्लू कलर है और सबसे नीचे रेड (लाल) रंग है.
पेंटिंग में जो मिसाइल हैं, वे यूरोप के नक्शे के ऊपर गिरती दिखाई पड़ रही हैं और इस पर एक लाइन लिखी है, फ्लावर्स ऑफ डच डिप्लोमेसी. रूस की तरफ से कीव में डच एम्बेसी पर हुई स्ट्राइक का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन ऐसा लगता है कि रूस ने क्रीमिया ब्रिज पर हुए हमले के लिए नीदरलैंड को जिम्मेदार ठहराते हुए हमला किया था.
रूस ने पहले भी कई बार कीव में मौजूद यूरोपीय देशों के दूतावास को यूक्रेन छोड़ने की चेतावनी दी है. क्योंकि रूस का मानना है कि यूरोपीय देशों के हथियारों की सप्लाई और वित्तीय मदद के चलते यूक्रेन जंग को पिछले पांच साल से खींचता आ रहा है.
क्रीमिया ब्रिज पर हमले के जवाब में नीदरलैंड की एम्बेसी पर हुई थी रशियन स्ट्राइक
19 नवम्बर को कीव में डच दूतावास के बेहद करीब एक बिल्डिंग पर मिसाइल आकर गिरी थी. इस मिसाइल स्ट्राइक से डच दूतावास को भी नुकसान पहुंचा था. हालांकि, एंबेसी में तैनात किसी भी डिप्लोमेट के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई थी. ये हमला क्रीमिया ब्रिज पर हुए हमले के महज दो दिन बाद हुआ था. क्योंकि जिस मिसाइल से रूस के मेनलैंड को क्रीमिया से जोड़ने वाले कर्च ब्रिज पर अटैक हुआ था, वो नीदरलैंड की एक प्राइवेट कंपनी ने यूक्रेन को सप्लाई की थी. ऐसे में रुस ने क्रीमिया (कर्च) ब्रिज पर हमले के लिए नीदरलैंड को जिम्मेदार ठहराया है.
नीदरलैंड ने हालांकि, रुस के आरोपों को निराधार बताया है. डच विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ये यूक्रेन पर निर्भर करता है कि वो मिसाइलों को कैसे इस्तेमाल करता है और कहां करता है. इसमें नीदरलैंड का कोई लेना-देना नहीं है. यूक्रेन को मिसाइल की सप्लाई, अंतरराष्ट्रीय कानूनों के आधार पर की जाती है.
पौलेंड से भी बढ़ गई है रूस की तनातनी
शेनझेन समिट के बाद यूक्रेन जंग के खत्म होने की संभावना दिखाई पड़ रही थी. लेकिन जिस तरह यूरोप के अलग-अलग देशों से रूस की तनातनी बढ़ रही है, उससे युद्ध जल्द समाप्त होने की संभावना क्षीण हो रही है. हाल में पौलेंड ने यूक्रेन बॉर्डर के करीब एक युद्धाभ्यास के दौरान मिसाइल और ड्रोन स्ट्राइक का आरोप लगाया था. पौलेंड ने इस स्ट्राइक के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया था. लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर पौलेंड ने इस हमले को नजरअंदाज कर दिया था.
इंग्लैंड ने एक लाख पूर्व फौजियों को युद्ध की तैयारी के लिए लिखा पत्र
महज तीन महीने बाद यानी फरवरी 2027 में रूस-यूक्रेन जंग को पूरे पांच साल हो जाएंगे. इस बीच खबर है कि इंग्लैंड ने रूस से युद्ध की संभावना को देखते हुए रिजर्व फोर्स को अलर्ट कर दिया है. इंग्लैंड के रक्षा मंत्रालय ने करीब एक लाख पूर्व सैनिकों को पत्र लिखकर डाटा इकट्ठा करना शुरु कर दिया है. रक्षा मंत्रालय ने पूर्व सैनिकों को एक फॉर्म भेजकर ताजा जानकारी इकठ्ठा की है और नाटो एक्सरसाइज में हिस्सा लेने की इच्छा पूछी है.

