ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीर जवानों के साहस और समर्पण को नमन किया है. राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को राष्ट्रीय संकल्प, तैयारी और सैन्य क्षमता का शक्तिशाली प्रतीक बताते हुए, कहा है कि यह अभियान दिखाता है कि भारतीय सशस्त्र बल हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में निर्णायक कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत बड़े कैबिनेट मंत्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल तस्वीर चेंज की है. नई डिस्प्ले पिक्चर में भारतीय तिरंगे के साथ ऑपरेशन सिंदूर का आधिकारिक लोगो प्रमुखता से दिखाया गया है.
पिछले वर्ष 06-07 मई के देर रात भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च करके पाकिस्तान में पनाह और ट्रेनिंग लेने वाले आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा और जैश ए मोहम्मद के हेडक्वार्टर पर एयरस्ट्राइक की थी. ऑपरेशन सिंदूर 22 अप्रैल 2025 को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मारे गए 26 पर्यटकों के मौत का बदला था.
ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने पाकिस्तानी सेना को भारी सबक दिया था, भारत के खिलाफ सिर उठाने की कोशिश करने वाली पाकिस्तानी वायुसेना को हिंदुस्तानी वीरों ने कुचल कर रख दिया था. पाकिस्तान एयरबेस, लड़ाकू विमान सब तबाह हो गए थे. आलम ये है कि एक वर्ष बाद भी पाकिस्तान के कई एयरबेस संचालन की हालत में नहीं हैं, मरम्मत का काम किया जा रहा है.
ऑपरेशन सिंदूर सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक: राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर, हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदानों को सलाम करते हैं, जिनका साहस और समर्पण राष्ट्र की रक्षा करता रहता है. ऑपरेशन के दौरान उनकी कार्रवाई ने बेजोड़ सटीकता, निर्बाध संयुक्तता और सेवाओं के बीच गहरे तालमेल को दर्शाया, जो आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक मानदंड स्थापित करता है.”
राजनाथ सिंह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प और तैयारी का एक शक्तिशाली प्रतीक है, जो दर्शाता है कि हमारे सशस्त्र बल सबसे महत्वपूर्ण समय पर निर्णायक कार्रवाई के लिए हमेशा तैयार हैं. यह आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में भारत की निरंतर प्रगति का भी प्रमाण है, जो क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ लचीलेपन को भी मजबूत करता है.”
राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर भारत के आत्मनिर्भरता अभियान की दिशा में लगातार बढ़ते कदमों का प्रमाण है. रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी क्षमता और तकनीक के बढ़ते उपयोग ने देश की सैन्य ताकत और लचीलापन दोनों को मजबूत किया है.”
आतंकी आकाओं के लिए सरहद पार भी जमीन सुरक्षित नहीं रहेगी: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने एक बार फिर से आतंकियों और उनके आकाओं को चेतावनी दी, कि भारत की ओर आंख उठाई तो फिर कमर तोड़ दी जाएगी. राजनाथ सिंह ने सेना की ताकत दिखाते हुए एक वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में राजनाथ सिंह ने हुंकार भरते हुए कहा, कि “भारत आतंकवाद के खिलाफ जब भी कोई कार्रवाई करेगा तो आतंकवादियों और उनके आकाओं की सरहद पार की जमीन भी सुरक्षित नहीं रहेगी.”
पीएम मोदी-जयशंकर ने सोशल मीडिया पर बदली फोटो
प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर अपनी डिस्प्ले पिक बदल दी है और ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगा दिया है. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है. उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है. उदीर्णमनसो योधा वाहनानि च भारत, यस्यां भवन्ति सेनायां ध्रुवं तस्यां जयं वदेत्.”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत का एक ऐतिहासिक अभियान बताते हुए कहा, कि “यह मिशन दुश्मनों को भारतीय सशस्त्र बलों की अचूक मारक क्षमता की याद दिलाता रहेगा. इतिहास इस दिन को भारतीय सेनाओं की सटीक कार्रवाई, खुफिया एजेंसियों की सूक्ष्म जानकारी और आतंक के हर ठिकाने को खत्म करने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के संगम के रूप में याद रखेगा. पहलगाम में भारतीय नागरिकों पर हमला करने वालों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि वे कहीं भी छिप जाएं, भारत की नजर और उसकी ताकत से बच नहीं सकते. गृह मंत्री ने इस मौके पर भारतीय जवानों के अद्वितीय शौर्य को सलाम किया.”
22 अप्रैल को पहलगाम में हुआ था नरसंहार, ऑपरेशन सिंदूर के आगे पाकिस्तान पस्त
22 अप्रैल 2025 को जम्मू कश्मीर की बैसरण घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने नरसंहार किया था. पर्यटकों के बीच घुसकर आतंकियों ने 25 पर्यटकों समेत 26 लोगों की निर्ममता से हत्या कर दी थी. पाकिस्तानी आतंकवादियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर उनका नरसंहार किया और हिंदुओं को टारगेट किया. पर्यटकों से कलमा पढ़ने को कहा गया और फिर गोलियों से भून दिया गया.
इस जघन्य एवं क्रूर आतंकवादी घटना की पूरी दुनिया ने निंदा की थी. पूरा यूरोप भारत के साथ खड़ा हो गया था और संयुक्त राष्ट्र ने भी माना था कि आतंकियों पर कार्रवाई करना जरूरी है.
धर्म पूछकर लोगों की हत्या करने के पीछे पाकिस्तान का मकसद भारत में सांप्रदायिक हिंसा शुरू करना और समाज को तोड़ना था. लेकिन पाकिस्तान इस नापाक इरादे में सफल नहीं हो सका, भारतीय एकजुट रहे.
06-07 मई की रात भारत ने वो कर दिखाया, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. महज 72 घंटों के अंदर पाकिस्तान की हालत पस्त हो गई. भारतीय वायुसेना ने मोर्चा संभालते हुए रफाल लड़ाकू विमान की ताकत दिखाई, तो ब्रह्मोस मिसाइल ने आतंकियों के अड्डों को उड़ा डाला. आतंकियों के मारे जाने के बाद बिलबिलाए पाकिस्तान के जनरल असीम मुनीर ने भारतीय सैन्य और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के एक-एक ड्रोन और मिसाइलों को जमीन में गिरने से पहले ही नष्ट कर दिया.
भारतीय नेवी ने भी मोर्चो संभाला और लाहौर, कराची को जवाब दिया तो वहीं एलओसी पर भारतीय सेना के शूरवीरों ने पाकिस्तान को मजा चखाया. तीनों सेनाओं ने मिलकर काम किया और मजबूरन पाकिस्तान को भारत के आगे गिड़गिड़ाना पड़ा और ऑपरेशन सिंदूर रोकने की गुहार लगानी पड़ी.
पाकिस्तान के डीजीएमओ की गुहार के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया. लेकिन ये ऑपरेशन अब तक खत्म नहीं हुआ है. अगर पाकिस्तान ने फिर कोई हिमाकत की तो ऑपरेशन सिंदूर पार्ट 02 फौरन शुरु हो जाएगा.

