Breaking News Middle East War

नेतन्याहू से मतभेद, रक्षा मंत्री बर्खास्त

ईरान, लेबनान, गाजा में जारी जंग के बीच इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने रक्षामंत्री को बर्खास्त कर दिया है. वो रक्षा मंत्री यौव गैलेंट जो पिछले साल 7 अक्टूबर (2023) से बेंजामिन नेतन्याहू के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े थे. यौव गैलेंट को इसलिए बर्खास्त किया गया है क्योंकि गाजा और लेबनान में युद्धों से निपटने को लेकर नेतन्याहू और गैलेंट में असहमति थी.

बेंजामिन नेतन्याहू ने यौव गैलेंट को बर्खास्त करके विदेश मंत्री इजरायल काट्ज को नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया है, जबकि गिदोन सा’आर को नया विदेश मंत्री बनाया है.

रक्षा मंत्री के साथ विश्वास की कमी, नेतन्याहू का बड़ा कदम

बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को रक्षा मंत्री योव गैलेंट को बर्खास्त कर दिया. इस कदम के पीछे नेतन्याहू ने तर्क दिया कि उनके और गैलेंट के बीच धीरे-धीरे विश्वास की कमी हो रही थी, जिसकी वजह से हमास और हिजबु्ल्लाह के खिलाफ एक्शन लेने में दिक्कतें आने लगी थीं.

बेंजामिन नेतन्याहू के ऑफिस की ओर से कहा गया, “युद्ध के बीच में, पहले से कहीं अधिक, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के बीच पूर्ण विश्वास की आवश्यकता है. गाजा और लेबनान में इजरायली सैन्य अभियान के शुरुआती दिनों में दोनों के बीच यह विश्वास था और बहुत ही अच्छा काम हुआ, लेकिन पिछले कुछ महीनों में वह विश्वास खत्म हो गया है.”

काट्ज बने इजरायल के नए रक्षा मंत्री
बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की कि “विदेश मंत्री इजरायल काट्ज को नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है, जिन्होंने अपनी क्षमताओं और राष्ट्रीय सुरक्षा में अपने योगदान को पहले ही साबित किया हुआ है. वहीं, गिदोन सा’आर  को नया विदेश मंत्री बनाया गया है.”

पीएम नेतन्याहू ने कहा कि मैंने अपने और गैलेंट के बीच मतभेदों को दूर करने की कोशिश की लेकिन यह कम होने की बजाय बढ़ता ही गया. हमारे मतभेद और असहमतियां सार्वजनिक हो गई थीं. जो हमारे दुश्मनों को भी पता चल चुकी थीं, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई थी. इजरायल के दुश्मनों ने मतभेदों का फायदा उठाया, इसलिए मैंने यौव गैलेंट को बर्खास्त करने का फैसला किया है.

यौग गैलेंट को हटाए जाने के बाद इजरायल में प्रदर्शन, क्यो बोले गैलेंट?
रक्षा मंत्री यौव गैलेंट को हटाए जाने के खिलाफ इजरायली लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. लोग प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के इस फैसले के खिलाफ सड़क पर उतर आए हैं. इस बीच योव गैलेंट ने रक्षा मंत्री के पद से अपनी बर्खास्तगी के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘इजरायल की सुरक्षा मेरे जीवन का मिशन और हमेशा रहेगा”

नेतन्याहू और गैलेंट में क्यों थे मतभेद?
दरअसल गैलेंट ने मिडिल ईस्ट में इजरायल के युद्ध के संबंध में असहमति व्यक्त की थी. गैलेंट ने कहा “युद्ध में स्पष्ट दिशा का अभाव है, जबकि नेतन्याहू ने दोहराया कि जब तक गाजा में हमास का सफाया नहीं हो जाता, तब तक लड़ाई बंद नहीं हो सकती.” इस साल ये दूसरी बार है जब नेतन्याहू ने गैलेंट को रक्षा मंत्री के पद से हटाया है. मार्च 2023 में भी नेतन्याहू ने गैलेंट को पद से हटा दिया था. हालांकि कुछ महीने बाद उनकी वापसी हो गई थी.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.