Alert Breaking News Russia-Ukraine War

यूक्रेन से अब नहीं होगी कोई बातचीत: पुतिन

कुर्स्क में यूक्रेनी सेना के घुसकर हमला करने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ऐलान कर दिया है कि अब कीव से कोई बातचीत नहीं की जाएगी. पुतिन ने रूसी रक्षा मंत्रालय से कुर्स्क से दुश्मन (यूक्रेन) को खदेड़ने का आह्वान किया है. क्योंकि यूक्रेनी सेना ने कुर्स्क के 28 रिहायशी इलाकों पर कब्जा कर लिया है.

सोमवार को पुतिन ने रक्षा मंत्रालय और यूक्रेन से सटे बॉर्डर इलाकों के गवर्नर के साथ अहम बैठक की. बैठक में कुर्स्क सहित बेलगोरोड और ब्रायंस्क प्रांतों के गर्वनर शामिल हुए. इसी दौरान कुर्स्क के डिप्टी गर्वनर ने बताया कि यूक्रेनी सेना ने 28 बस्तियों पर कब्जा कर लिया है. इसके साथ ही 2000 लोगों का कोई अता-पता नहीं है. साथ ही यूक्रेन के इन इलाकों पर कब्जा करने से 1.21 लाख बेघर हो गए हैं. 

6 अगस्त से यूक्रेनी सेना ने रूस के कुर्स्क प्रांत में 10 किलोमीटर अंदर घुसकर कई वर्ग किलोमीटर के इलाके पर अपना कब्जा कर लिया है. रूस-यूक्रेन युद्ध मे ये अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है. क्योंकि पिछले 30 महीने से रूसी सेना यूक्रेन पर जबरदस्त तरीके से हावी थी. रूसी सेना ने यूक्रेन के डोनबास प्रांत को पूरी तरह अपने अधिकार-क्षेत्र में कर लिया है. डोनबास का पूरा इलाका यूक्रेन का करीब एक-चौथाई है. (यूक्रेन का बड़ा उलटफेर, रूस में घुसकर स्ट्राइक)

पुतिन ने मीटिंग को संबोधित करते हुए कहा कि कुर्स्क पर हमला करने के चलते ही यूक्रेन ने मॉस्को और मध्यस्थतों के शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि कुर्स्क पर हमला कर यूक्रेन भविष्य में होने वाली बातचीत में मोल-भाव करना चाहता है. पुतिन ने हालांकि कहा कि अब कीव से बातचीत के लिए कुछ नहीं बचा है. क्योंकि यूक्रेनी सेना आम नागरिकों और परमाणु संयंत्रों पर हमला कर रहा है. (रूस में युद्ध की तपन, कुर्स्क में यूक्रेन जमा तीन दिन से)

पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन के जरिए पश्चिमी देश रूस से युद्ध कर रहे हैं. पुतिन ने दावा किया कि कुर्स्क पर आक्रमण के बाद से रूस ने यूक्रेन पर हमले डेढ़ गुना तेज कर दिए हैं. इसके साथ ही यूक्रेन से सटी पूरी सीमा को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया.

इस बीच यूक्रेनी सेना ने कुर्स्क इलाके में रूस सैनिकों को बंधक बनाए जाने का वीडियो जारी किया है. रूसी सेना ने भी यूक्रेनी सैनिकों को बंधक बनाए जाने का दावा किया है.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.