Breaking News India-Pakistan Reports Viral News

पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा की निकाली हवा, भारत के मिलिट्री कमांडर्स को लेकर उड़ाई अफवाह

पहलगाम हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई से घबराए पाकिस्तान की मीडिया और आईएसआई ने सोशल मीडिया पर प्रोपेगेंडा फैलाना शुरु कर दिया है. फर्जी अकाउंट्स के जरिए भारत के सैन्य अधिकारियों के बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं.

हाल ही में जितने भी सीनियर मिलिट्री कमांडर का तबादला हुआ या रिटायरमेंट हुआ, पाकिस्तान ने उन्हें पहलगाम हमले की नाकामी से जोड़कर फर्जी प्रचार-प्रसार करने की कोशिश में है.

डिफेंस इंटेलिजेंस चीफ (डीआईए) चीफ लेफ्टिनेंट जनरल राणा के अंडमान निकोबार कमान ट्रांसफर को कालापानी की सजा से जोड़कर दिखाना शुरु कर दिया है. जबकि हकीकत ये है कि ले.जनरल राणा, अंडमान निकोबार में देश की प्रतिष्ठित ट्राई-सर्विस कमान की जिम्मेदारी संभालने के लिए गए हैं.

डीआईए चीफ को मिली बेहद संवेदनशील और अहम जिम्मेदारी

अंडमान निकोबार कमान (एएलसी), देश की उन तीन महत्वपूर्ण कमांड में से एक है जहां सेना की तीनों अंग यानी थलसेना, वायुसेना और नौसेना एक कमांडिंग इन चीफ के अंतर्गत काम करती हैं. तीनों अंगों के सीनियर कमांडर को बारी-बारी से अंडमान निकोबार कमान की जिम्मेदारी मिलती है. एएनसी, देश की पहली ट्राई-सर्विस कमान है. 

अभी तक अंडमान निकोबार कमान की जिम्मेदारी वायुसेना के सीनियर कमांडर, एयर मार्शल साजू बालकृष्णन के हवाले थी. दो साल का कार्यकाल खत्म होने के बाद अब उनकी जगह थलसेना के ले. जनरल राणा को दी गई है. राणा के लिए ये एक प्रमोशन है. क्योंकि अब वे स्टाफ पोस्टिंग से कमान पोस्टिंग में जा रहे हैं. राणा की गिनती अब सीनियर थ्री-स्टार जनरल में की जाएगी. 

लगातार सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ा रहा आईएसआई, रहना है सावधान

पहलगाम हमले के बाद जब पिछले महीने की 30 तारीख को थलसेना की उत्तरी कमान के कमांडिंग इन चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार, 40 साल की उत्कृष्ट सेवाओं के बाद रिटायर हुए, तो पाकिस्तानी मीडिया ने फर्जी खबर चलाते हुए कह डाला कि ले.जनरल सुचिंद्र कुमार को पहलगाम हमले को रोकने में नाकाम रहने के चलते जेल भेज दिया गया है. सुचिंद्र कुमार की जगह अब थलसेना के डिप्टी चीफ (उप प्रमुख) ले.जनरल प्रतीक शर्मा ने ली है.

पाकिस्तानी मीडिया ने भारतीय वायुसेना के वाइस चीफ (सह-प्रमुख) एयर मार्शल एसपी धरकड़ के रिटायरमेंट को कोर्ट मार्शल से जोड़ दिया. पाकिस्तान ने कहा, कि एयर मार्शल धरकड़ ने पाकिस्तान के खिलाफ लड़ने से मना कर दिया था. ऐसे में उनका कोर्ट मार्शल कर दिया गया है. जबकि हकीकत ये थी कि वे भी करीब चार दशक की सेवाओं के बाद वायुसेना की नंबर टू पोजीशन से सम्मानित होकर रिटायर हुए हैं. 

भारत लगातार पाकिस्तान की अफवाह को कर रहा पंचर

पीआईबी-फैक्ट चेक सोशल मीडिया अकाउंट पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा की लगातार पोल खोल रहे हैं. फिर भी पाकिस्तानी मीडिया और सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें और बेबुनियाद बातें उड़ाई जा रही हैं. यही वजह है कि भारत ने पाकिस्तानी न्यूज चैनल और फर्जी प्रोपेगेंडा फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स को लगातार बैन कर रहा है. भारत ने डिजिटल स्ट्राइक करते हुए कई बड़े पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल्स पर भी प्रतिबंध लगा दिया है. (https://x.com/PIBFactCheck/status/1918696021669949948)

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.