पीओके, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वां के बाद अब पाकिस्तान की राजधाानी इस्लामाबाद भी सुरक्षित नहीं बची है. क्योंकि पाकिस्तानी वायुसेना के एक सीनियर अधिकारी की सरेराह एयर हेडक्वार्टर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई है. ग्रुप कैप्टन असीम तारिक, पाकिस्तानी वायुसेना की इंटेलिजेंस से जुड़ा था और हाल में अफगानिस्तान पर हुई एयर- स्ट्राइक में अहम भूमिका निभाई थी.
इस्लामाबाद पुलिस का दावा है कि अधिकारी की हत्या एक युवती के अपहरण से जुड़ी है. पुलिस की कहानी में हालांकि, काफी झोल नजर आ रहे हैं. क्योंकि मौका ए वारदात के वीडियो से साफ हो गया है कि ग्रुप कैप्टन असीम अपनी कार से बाहर नहीं निकला था और सीट बेल्ट लगा रखी थी. ऐसे में सवाल खड़े हो रहे हैं कि जब असीम कार से बाहर नहीं निकला तब उसने युवती का अपहरण कैसे रोकने की कोशिश की.
इस्लामाबाद पुलिस के मुताबिक, एयर-हेडक्वार्टर से निकलने के बाद असीम ने देखा कि एक युवक (आरोपी) एक युवती को अपनी बाइक पर जबरदस्ती बैठाने की कोशिश कर रहा है. ऐसे में असीम ने अपनी कार उसके पास ले जाकर युवक को ऐसा ना करने की चेतावनी दी. असीम ने अपने सर्विस रिवाल्वर से युवक को धमकाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद असीम ने अपनी कार आगे बढ़ा दी. लेकिन थोड़ी दूर जाने पर आरोपी युवक ने असीम की कार के पास जाकर अपनी बाइक रोकी और गोली चला दी. गोली असीम के लगी और मौके पर मौत हो गई.
कुछ घंटे बाद इस्लामाबाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करने का दावा किया. पुलिस ने बताया कि आरोपी एक शोरूम में काम करता है और वहां काम करने वाली महिलाओं को परेशान करता था. इसी कड़ी में शोरूम में काम करने आई एक नई युवती को भी उसने अपनी बाइक पर बैठाने की कोशिश की थी. युवती से बहस के दौरान असीम से कहासुनी हुई और युवक ने हत्या को अंजाम दिया.
पिछले दो-तीन साल से पाकिस्तान में भारत विरोधी आतंकियों को बाइक सवार अज्ञात हमलावर चुन-चुनकर मौत के घाट उतार रहे हैं. इसे लेकर पूरे पाकिस्तान में खौफ का आलम है. लेकिन पाकिस्तानी वायुसेना की इंटेलिजेंस डायरेक्टरेट से जुड़े ग्रुप कैप्टन असीम तारिक की बाइक सवार युवक द्वारा हत्या से इस्लामाबाद में सनसनी फैल गई है.
जानकारी के मुताबिक, पिछले महीने अफगानिस्तान के एक अस्पताल में हुई पाकिस्तानी एयर स्ट्राइक की साजिश, एयर हेडक्वार्टर में ग्रुप कैप्टन असीम ने रची थी. इस हमले में अफगानिस्तान के कई नागरिकों की जान चली गई थी. अफगानिस्तान ने भी पाकिस्तान से बदला लेने के लिए बलूचिस्तान में ड्रोन स्ट्राइक की थी.
ग्रुप कैप्टन असीम की हत्या ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान के तीन बड़े प्रांतों में हालात बेकाबू हैं. पाकिस्तान के गैरकानूनी कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में पिछले एक महीने से जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं. विद्रोह का दमन करने के लिए पाकिस्तानी पुलिस प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध गोलियों बरसा रही है.
दूसरी तरफ बलोच लड़ाकों ने पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर हमला कर पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर की रातों की नींद उड़ा रखी है. इसी तरह, खैबर पखतूनख्वां प्रांत में अफगानिस्तान के तालिबान लड़ाकों ने भी पाकिस्तानी सेना के काफिलों और चौकियों पर ताबड़तोड़ हमले जारी रखे हैं.

