Breaking News Classified Reports

पेंटागन में पत्रकारों की एंट्री पर रोक, खुफिया जानकारी नहीं कर पाएंगे प्रकाशित

अमेरिका में डिफेंस और नेशनल सिक्योरिटी जैसे संवेदनशील मामलों को कवर करने वाले पत्रकारों पर पेंटागन ने कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं. अमेरिका रक्षा विभाग के नए नियमों के तहत पेंटागन प्रेस कोर के सदस्यों (मीडियाकर्मियों) को नेशनल सिक्योरिटी से जुड़ी क्लासिफाइड इंटेलिजेंस (सीएनएसआई) को सुरक्षित रखने को लेकर लिखित में गारंटी देनी होगी. यानी ऐसी खुफिया जानकारी जो देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी होगी, उसे पत्रकार सार्वजनिक नहीं कर सकते हैं. 

हेगसेथ के ऑफिस नहीं आ सकते डिफेंस जर्नलिस्ट

हूती विद्रोहियों के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान संवेदनशील जानकारी सोशल मीडिया पर लीक होने के बाद अमेरिका के रक्षा विभाग (मंत्रालय) ने पेंटागन में पत्रकारों की मूवमेंट पर भी रोक लगा दी है. अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने खुद इस बाबत अधिसूचना जारी की है और साफ तौर से कहा है कि जिस फ्लोर पर उनका ऑफिस है, वहां पत्रकारों की नो-एंट्री है. 

पेंटागन में पत्रकारों की आवाजाही पर प्रतिबंध

अमेरिका के रक्षा विभाग (मंत्रालय) के मुख्यालय को पेंटागन के नाम से जाना जाता है. पेंटागन में ही अमेरिका रक्षा सचिव (मंत्री) और ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ (भारत के सीडीएस तुल्य) सहित सशस्त्र-बलों के प्रमुखों के ऑफिस हैं. अमेरिका में डिफेंस बीट कवर करने वाले पत्रकारों की पेंटागन में आवाजाही पर अभी तक कोई रोक नहीं थी. ट्रंप प्रशासन की दूसरी पारी में हालांकि, कई मौकों पर यूएस फोर्सज की संवेदनशील जानकारी लीक होने की घटनाएं सामने आ रही थी. ऐसे में पेंटागन ने पत्रकारों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है. 

अमेरिकी रक्षा विभाग की नई अधिसूचना के तहत, पत्रकारों और मीडियाकर्मियों को पेंटागन के थर्ड फ्लोर पर ई-रिंग के कॉरिडोर 8 और 9 के बीच जाने की पूरी तरह मनाही है. दरअसल, यहां पर अमेरिकी रक्षा सचिव का ऑफिस है. यहां बिना अपॉइंटमेंट के किसी भी मीडियाकर्मी के जाने पर रोक है.साथ ही रक्षा सचिव के पब्लिक अफेयर्स असिस्टेंट के साथ ही पत्रकार, पीट हेगसेथ के ऑफिस में दाखिल हो सकते हैं. 

इसी तरह से पत्रकारों को पेंटागन के दूसरे फ्लोर पर ज्वाइंट (चीफ) स्टाफ के ऑफिस में कॉरिडोर 9 और 7 के बीच जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. यहां तक की पेंटागन स्थित एथलेटिक सेंटर (जिम) में भी पत्रकारों के जाने पर रोक लगा दी गई है. इस जिम में पेंटागन में तैनात सैन्य और गैर-सैन्य अधिकारी वर्क-आउट के लिए इस्तेमाल करते हैं.

वाशिंगटन डीसी के करीब है अमेरिका के रक्षा विभाग का मुख्यालय

करीब 70 लाख स्क्वायर मीटर में फैले पेंटागन में कुल सात फ्लोर हैं, जिनमे से दो फ्लोर बेसमेंट में हैं. अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के करीब वर्जनिया में पेंटागन बिल्डिंग है.

रक्षा विभाग के मुताबिक,पेंटागन में तैनात किसी भी अधिकारी से मुलाकात या फिर इंटरव्यू के लिए उस अधिकारी के ऑफिस में तैनात कर्मचारी,एस्कॉर्ट कर पत्रकार को लेकर आएंगे.

नए दिशा निर्देशों के मुताबिक, पेंटागन में एंट्री के दौरान भी पत्रकारों को ‘प्रेस’ का बैज लगाकर रखना होगा.

भारत के रक्षा मंत्रालय में क्या हैं पत्रकारों के लिए नियम

उल्लेखनीय है कि पिछले कई सालों से भारत के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय,साउथ ब्लॉक में भी डिफेंस बीट कवर करने वाले चुनिंदा पत्रकारों के लिए खास आई-कार्ड पहचान बनाए गए हैं. इस येलो-कार्ड के जरिए मीडियाकर्मी, रक्षा मंत्रालय से जुड़े पब्लिक रिलेशन (पीआर) ऑफिस में ही जा सकते हैं. मीडिया-रिलेशन से जुड़े ऑफिस के अलावा साउथ ब्लॉक के बाकी सभी फ्लोर पत्रकारों के लिए आउट ऑफ बाउंड्स हैं.

जिन पत्रकारों के पास येलो-कार्ड नहीं है, उन्हें जिन अधिकारी से मिलना होता है, उनके ऑफिस से लिखित में इजाजत लेना अनिवार्य है. साउथ ब्लॉक में विदेशी पत्रकारों की एंट्री पर भी पूरी तरह रोक लगी हुई है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.