Breaking News Geopolitics Indian-Subcontinent

शेख हसीना की प्रतिद्वंदी की सेहत खराब,मोदी ने इलाज के लिए बढ़ाया कूटनीति का हाथ

बांग्लादेश के पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी चीफ खालिदा जिया की लगातार बिगड़ती हालत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताई है चिंता. ढाका के एवरेकेयर अस्पताल में बेहद नाजुक हालात पर वेंटिलेटर पर जिंदगी के लिए लड़ रहीं खालिदा जिया के लिए भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है. 

पीएम मोदी ने अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए हर संभव मदद करने की पेशकश की है. तो बीएनपी ने भी प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए भारत के सहयोग के लिए धन्यवाद कहा है.

बेगम खालिदा जिया बांग्लादेश का एक मजबूत और अहम चेहरा है. पिछले एक साल से ज्यादा समय से भारत में शरण लिए हुए शेख हसीना की सीधी टक्कर खालिदा जिया से मानी जाती है. 

जब तक खालिदा सत्ता में थीं, बीएनपी का झुकाव पाकिस्तान की ओर था. लेकिन भारत संग भी रिश्ता रणनीतिक और क्षेत्रीय तौर पर संतुलित रहा. जिस तरह है बीएनपी होने वाले चुनाव में अंतरिम सरकार और मोहम्मद यूनुस का विरोध कर रही है, उसे देखते हुए पीएम मोदी का खालिदा जिया के स्वास्थ्य की चिंता करना भारत की ओर से बड़ा कूटनीतिक कदम माना जा रहा है. 

खालिदा जिया के स्वास्थ्य के लिए हर संभव मदद के लिए तैयार: पीएम मोदी

पिछले 48 घंटों से बांग्लादेश से खालिदा जिया को लेकर चिंता वाली खबरें आ रही हैं. 80 वर्षीय खालिदा जिया को 23 नवंबर को दिल और फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था. उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने के बाद उन्हें चार दिन बाद सीसीयू में शिफ्ट किया गया. रविवार रात से खालिदा जिया को वेंटिलेटर पर रखा गया है. 

इस बीच पीएम मोदी ने एक्‍स पर लिखा, “बेगम खालिदा ज‍िया के स्वास्थ्य के बारे में जानकर बहुत चिंता हुई, जिन्होंने कई वर्षों तक बांग्लादेश के सार्वजनिक जीवन में योगदान दिया है. हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. भारत हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है.” 

हम प्रधानमंत्री की मदद की पेशकश और प्रार्थना के आभारी हैं: बीएनपी

पीएम मोदी की खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी ने तारीफ की है. बीएनपी ने एक्स पर पीएम मोदी को टैग करते हुए लिखा, “भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उनके विचारशील संदेश और बीएनपी अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाओं के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करती है. बीएनपी इस सद्भावनापूर्ण भाव और सहयोग हेतु तत्परता की अभिव्यक्ति की हार्दिक सराहना करती है.”

चीन से बांग्लादेश पहुंची डॉक्टर्स की विशेष टीम, अस्पताल के बाहर बढ़ी सुरक्षा

चीन की पांच सदस्यीय डॉक्टरों की विशेष टीम खालिदा जिया के इलाज के लिए बांग्लादेश पहुंची है. इस टीम ने अस्पताल के चिकित्सा बोर्ड से बैठक की, जिसमें उनके स्वास्थ्य के बारे में चर्चा हुई. बेगम खालिदा जिया का इलाज विदेश में ही होता रहा है. लेकिन इस वक्त जब हालात बेहद नाजुक है, तो उन्हें विदेश नहीं ले जाया जा सकता है. लिहाजा एक्सपर्ट डॉक्टर्स को विदेश से बुलाया गया है. 

इस बीच यूनुस सरकार ने खालिदा जिया को वीवीआईपी मरीज घोषित करते हुए अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी है. स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (एसएसएफ) के जवान अस्पताल में तैनात किए गए. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चप्पे-चप्पे पर जवान मौजूद हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.