‘एयरो-इंडिया 2025’ का हुआ शुभारंभ. आसमान में भारतीय लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनकर हर किसी ने दांतों तले उंगली दबा ली. बेंगलुरु के येलहंका वायुसेना स्टेशन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होकर आत्मनिर्भर भारत के नारे को दोहराया, विदेश कंपनियों का स्वागत किया और हिंदुस्तान की सेना की ताकत की प्रशंसा की.
एयरो इंडिया 10 फरवरी से 14 फरवरी तक आयोजित हो रहा है, जिसे एशिया की शीर्ष एयरोस्पेस प्रदर्शनी माना जाता है.
एयरो इंडिया में शुरु हुआ पराक्रम का महाकुंभ: राजनाथ सिंह
एयरो इंडिया 2025 के उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “इस समय भारत में महाकुंभ चल रहा है, मुझे भी संगम में डुबकी लगाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. मैं समझता हूं कि एयरो इंडिया के रूप में आज से भारत में एक और महाकुंभ का प्रारंभ हो रहा है. जहां एक तरफ प्रयागराज का महाकुंभ आत्म साधन का कुंभ है, वहीं दूसरी तरफ एयरो इंडिया का यह महाकुंभ अनुसंधान का कुंभ है.”
रक्षा मंत्री ने कहा कि “जहां एक तरफ प्रयागराज का महाकुंभ आंतरिक मजबूती पर ध्यान दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ एयरो इंडिया का यह महाकुंभ हमारी बाहरी मजबूती पर ध्यान दे रहा .जहां एक तरफ प्रयागराज का महाकुंभ भारत की संस्कृति को दर्शा रहा है, वहीं दूसरी तरफ एयरो इंडिया का यह महाकुंभ भारत की शक्ति को दर्शा रहा है.”
राजनाथ सिंह के मुताबिक, “जहां एक तरफ परंपरा और आध्यात्म का महाकुंभ चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ पराक्रम का महाकुंभ चल रहा है.”
दुनिया में अनिश्चितता, शांति कभी कमजोर स्थिति में हासिल नहीं हो सकता: राजनाथ
राजनाथ सिंह ने अलग-अलग मोर्चों पर हो रहे युद्ध का जिक्र करते हुए कहा, “वैश्विक अनिश्चितता के इस माहौल में, भारत एक ऐसा बड़ा देश है, जहां पर हमें शांति और समृद्धि दिख रही है.”
राजनाथ सिंह ने कहा कि “भारत के इतिहास का भी यदि आप आकलन करेंगे, तो आप पाएंगे कि हमने न ही किसी देश पर आक्रमण किया है, और न ही हम किसी ग्रेट पावर राइवलरी में शामिल हुए हैं. एक बड़े देश के रूप में, भारत हमेशा से शांति और स्थिरता का हिमायती रहा है और जब मैं यह कह रहा हूं, तो यह सिर्फ कहने की बात नहीं है, बल्कि यह हमारे मौलिक आदर्श की बात है.”
देश-विदेश के रक्षा मंत्रियों, सेना प्रमुख, राजनयिकों और डिफेंस इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में राजनाथ सिंह ने कहा कि “शांति कभी भी सुरक्षा की कमजोर स्थिति में हासिल नहीं की जा सकती. शांति का वटवृक्ष, शक्ति की जड़ों पर ही खड़ा रह सकता है. हम सबको मिलकर मजबूत होना होगा, तभी हम शांति सुनिश्चित कर पाएंगे. मजबूत होकर ही, हम एक अच्छे विश्व के लिए, काम कर पाएंगे.”
राजनाथ सिंह ने गिनाई आत्मनिर्भर भारत की ताकत
राजनाथ सिंह ने कहा, “पिछले एयरो इंडिया से लेकर अब तक, यानि सिर्फ 2 सालों में, हमने अनेक उपलब्धियाँ हासिल की हैं. भारत ने कई हाई टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट जैसे अस्त्र मिसाइल, न्यू जनरेशन आकाश मिसाइल, ऑटोनोमस अंडरवाटर व्हीकल, अनमैन्ड सरफेस वेसेल, पिनाका गाइडेड रॉकेट, जैसे कई उपकरण भारत में निर्मित किए जा रहे हैं. मुझे पूरा विश्वास है, कि यदि हमने 2 वर्षों में इतनी प्रगति की है, तो आने वाले वर्षों में हम इससे भी कहीं अधिक तेज गति से आगे बढ़ेंगे.
राजनाथ सिंह ने कहा,”हमने साल 2025 को रक्षा मंत्रालय में ईयर ऑफ रिफॉर्म घोषित किया है और हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं.”
एशिया का सबसे बड़ा एयरो शो है एयरो इंडिया 2025
बेंगलुरु में शुुरु हुआ एयरो इंडिया शो 2025 एशिया का सबसे बड़ा एयर शो है. एयर शो कुल 42,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है. 150 विदेशी कंपनियों समेत 900 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी के साथ यह आयोजन अपने आप में अब तक का सबसे बड़ा ‘एयरो इंडिया’ है. राजनाथ सिंह ने इस मौके पर कहा,” यह एक ऐसा मंच है जो नए भारत की ‘शक्ति और आत्मनिर्भरता’ को प्रदर्शित करता है.”


Leave feedback about this