Alert Breaking News Conflict Islamic Terrorism Kashmir Terrorism

जम्मू में क्यों बढ़ें आतंकी हमले, रक्षा मंत्री ने बुलाई आपात बैठक

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों के ऐलान से पहले बढ़ी आतंकी वारदातों को लेकर एक्शन में हैं रक्षा मंत्री. स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले यानी बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाई लेवल बैठक बुलाई जिसमें एनएसए अजीत डोवल के अलावा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और डीजीएमओ समेत सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख शामिल हुए.
रक्षा मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से ठीक एक दिन पहले ये उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई है. साफ है कि रक्षा मंत्री भी जम्मू-क्षेत्र में लगातार हो रही आतंकी वारदातों से चिंतित हैं.

डोडा में घेरे गए आतंकी, हथियार, विस्फोटक बरामद
डोडा में पटनीटॉप के जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच बुधवार को मुठभेड़ हुई है. सेना की जवाबी कार्रवाई में आतंकवादी हथियार छोड़कर भाग गए. वहीं एनकाउंटर के दौरान एक नागरिक और सेना के एक अफसर के घायल होने की खबर है. सर्च ऑपरेशन के दौरान सेना ने अमेरिकी एम4 राइफल और कुछ विस्फोटक बरामद किया है. हाल के ही दिनों में ये चौथी मुठभेड़ है.

गंडोह एनकाउंटर पर खुलासा, आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़
26 जून को जम्मू कश्मीर के गंडोह इलाके में मारे गए 3 आतंकियों के मददगारों और मॉड्यूल को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. खुलासा ये कि अचानक से जम्मू-कश्मीर में बढ़े आतंकी हमलों के पीछे थे स्थानीय मददगार. वो स्थानीय मददगार जो घुसपैठ करने वाले आतंकियों को ना सिर्फ खाना-पानी मुहैया कराते थे, बल्कि आतंकी हमलों की रेकी से लेकर हमलों के बाद सुरक्षाबलों से बचाने का भी काम करते थे. 

जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए कई ग्राउंड वर्कर्स की गिरफ्तारी की है. केंद्रीय एजेंसियों की ओर से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर डोडा, उधमपुर और कठुआ के ऊपरी इलाकों में हाल ही में घुसपैठ और बढ़ी गतिविधियों के लिए यही मॉड्यूल जिम्मेदार है.  

आतंकियों को छिपाने, बचाने, रेकी करने वाले गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ में ऐसे 9 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है, जो ओवर ग्राउंड वर्कर्स के तौर पर आतंकी गुटों के साथ जुड़े थे. ये वो आतंकी हैं जो जम्मू-क्षेत्र में हमला करने वाले आतंकवादियों को खाने-पीने, रहने और रास्ता दिखाने का काम करते थे. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया है. आतंकी मॉड्यूल के सरगना की पहचान मोहम्मद लतीफ उर्फ हाजी लतीफ के तौर पर हुई है. मोहम्मद लतीफ के अलावा अख्तर अली, सद्दाम, कुशाल, नूरानी, मकबूल, लियाकत, कासिम दीन, खादिम को भी गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, “इसी मॉड्यूल के सदस्यों ने विदेश आतंकवादियों की घुसपैठ में मदद की थी. मोहम्मद लतीफ उर्फ हाजी लतीफ कठुआ के अम्बे नाल का निवासी है. लतीफ ही इलाके में ओवरग्राउंड वर्कर्स के नेटवर्क का मास्टरमाइंड है. लतीफ इलाके से गुजरने वाले आतंकवादियों के समूहों के लिए गाइड और लॉजिस्टिक सपोर्ट का काम करता था.” आतंकियों के 9 मददगारों के अलावा तकरीबन और 50 लोगों से जम्मू-कश्मीर पुलिस पूछताछ कर रही है.

सीमा पार से आका के संपर्क में था मॉड्यूल का मास्टरमाइंड लतीफ
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, मॉड्यूल के सदस्य सीमा पार आतंकी हैंडलर के संपर्क में थे और इसी ग्रुप के लोगों ने सांबा-कठुआ सेक्टर में आतंकवादियों की भारतीय सीमा में अवैध और सीक्रेट तरीके से घुसपैठ कराने में मदद की थी. इसी मॉड्यूल के ने आतंकवादियों को उधमपुर-कठुआ-डोडा जिलों के पहाड़ों और जंगलों की ऊपरी इलाकों में रेकी करवाई थी. ताकि वो सुरक्षाबलों के काफिले पर अटैक कर सकें.  

जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, “आतंकी सिर्फ घुसपैठ और रेकी ही नहीं करते बल्कि आतंकियों को रुकने के लिए सुरक्षित जगह, भोजन और हर जरूरी सामान तक मुहैया कराते थे.” पुलिस ने खुलासा किया कि, “26 जून को गंडोह मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकवादियों ने छिपने और ऊपरी इलाकों तक पहुंचने और हमले के बाद छिपने में इसी मॉड्यूल की मदद ली थी.”

8 जुलाई को कठुआ में अटैक के पीछे ये मॉड्यूल जिम्मेदार
8 जुलाई को कठुआ में सर्च ऑपरेशन करने गए सेना के गश्ती दल पर बड़ा अटैक हुआ था. ऊंची पहाड़ी से आतंकियों ने अटैक किया था और फिर छिप गए थे. हमले में 5 जवानों को वीरगति मिली थी, तो 5 जवान घायल हो गए थे. पुलिस के मुताबिक इसी मॉड्यूल के लोगों ने हमला करने वाले आतंकियों की मदद की थी.

हाल ही में हुए कई आतंकी वारदातों में जिस तरह से सुरक्षाबलों के काफिले पर निशाना बनाया गया है, उससे शुरुआत से स्थानीय लोगों के शामिल होने का शक था. कठुआ जिले के रियासी में हिंदू दर्शनार्थियों के बस पर हुए हमले के मामले में आतंकवादियों को स्थानीय मदद मिली थी. ग्राउंड वर्कर की मदद से आतंकी हमला करने के बाद फरार होने में कामयाब रहे थे.

आतंकियों के स्केच जारी, सूचना देने पर 5 लाख का इनाम
जम्मू-कश्मीर की कठुआ पुलिस ने 10 अगस्त को 4 आतंकियों के स्केच जारी किए थे. ये आतंकी कठुआ में हुए सेना के काफिले पर हमले में शामिल हैं. इन संदिग्ध आतंकियों को आखिरी बार कठुआ जिले के मल्हार, बानी और सोजधर के ढोक में देखा गया था. पुलिस ने आतंकियों की जानकारी देने वालों को 5 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.