Breaking News Reports Russia-Ukraine War

जंग के मैदान में Beauty Contest, रूस ने कराई यूक्रेन से छीने डोनबास में

रूस-यूक्रेन जंग के मैदान से एक सुंदर खबर सामने आई है. यूक्रेन के जिस डोनबास क्षेत्र को रूस ने छीनकर अपने फेडरेशन में शामिल किया है, वहां एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया है. ये खबर ऐसे समय में सामने आई है जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही डोनबास का दौरा करने जा रहे हैं.

ब्यूटी ऑफ डोनबास पेजेंट का आयोजन दोनेत्स्क शहर में किया गया. इस कॉन्टेस्ट में दोनेत्स्क के अलावा, लुहांस्क (लुगांस्क), जपोरिजिया और खेरसोन क्षेत्र की युवतियों ने हिस्सा लिया. फाइनल में पहुंची सुंदरियों ने अपने पारंपरिक कॉस्ट्यूम के साथ-साथ अपनी कला का भी प्रदर्शन किया.

जानकारी के मुताबिक, दोनेत्स्क की सोफिया ग्रेसको ने ये प्रतियोगिता जीती और जल्द ही मिस रशिया कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेगी. (https://x.com/FinalAssault23/status/1861092830447304923)

दरअसल, फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला करने के दौरान ही रूस ने यूक्रेन के डोनबास इलाके पर कब्जा कर लिया था. ये यूक्रेन के क्षेत्रफल का कुल पांचवा हिस्सा था. इसमें दोनेत्स्क, लुहांस्क, जपोरिया, खेरसोन और मारियूपोल जैसे इलाके आते हैं. युद्ध के शुरूआती महीनों में यहां रूस और यूक्रेन की सेनाओं में जबरदस्त घमासान हुआ था. हजारो-लाखों की तादाद में लोग इन इलाकों को छोड़कर भाग खड़े हुए थे.

पिछले साल रूस ने पूरे डोनबास में जनमत संग्रह कराकर आधिकारिक तौर से रशियन फेडरेशन में शामिल कर लिया था. इसी साल मई में रूस के राष्ट्रपति के चुनने के लिए हुए आम चुनावों में डोनबास में भी पोलिंग कराई गई थी.

ब्यूटी कॉन्टेस्ट की खबर से ऐसा लगता है कि अब वहां स्थिति सामान्य की तरफ बढ़ रही है और लोग वापस लौट आए हैं.

अभी भी हालांकि, डोनबास के कुछ इलाके ऐसे हैं जहां रूस और यूक्रेन की सेनाओं के बीच जंग चल रही है. क्योंकि डोनबास का कुछ इलाका अभी भी यूक्रेन के अधिकार-क्षेत्र में है.

इस बीच खबर है कि पुतिन जल्द ही दोनेत्स्क प्रांत का दौरा करने जा रहे हैं. पिछले ढाई साल में ये दूसरी बार होगा, जब पुतिन डोनबास के किसी इलाके का दौरा करेंगे. वर्ष 2023 में पुतिन ने मारियूपोल का दौरा कर पुनर्निर्माण के कार्यों का जायजा लिया था. क्योंकि युद्ध में मारियूपोल को सबसे ज्यादा मार झेलनी पड़ी थी.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.