ट्रंप के विशेष दूत भले मॉस्को और कीव का दौरा कर रूस-यूक्रेन के बीच युद्धविराम के प्रयासों में जुटे हैं, लेकिन जंग रूकने का नाम नहीं ले रही है. जिस दिन ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरड कुशनर कीव में थे, यूक्रेन ने रूस की एक ऑयल रिफाइनरी पर ड्रोन अटैक कर दिया. इसके अलावा, रोस्तोव-ऑन-डॉन की एयरफील्ड और क्रीमिया में एक रेलवे लाइन को भी निशाना बनाया.
रूस के रेयज़न में तेल रिफाइनरी पर यूक्रेन के ड्रोन अटैक का वीडियो खुद जेलेंस्की ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है. वीडियो में एक अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल पर भी एक ड्रोन का जबरदस्त हमला दिखाई पड़ रहा है.
यूक्रेन की लॉन्ग रेंज फोर्सेज़ ने रूस के पर्म-करई और तातारस्तान में भी ऑयल रिफाइनरियों पर हमले का दावा किया है. कुर्स्क में एक ड्रोन बेस और ब्लैक सी में हमले का दावा यूक्रेन ने किया है. रूस के कब्जे वाले लुहांस्क और जपोरिजिया में भी रूसी सेना के ठिकानों पर हमले की खबर है.
ट्रंप के विशेष दूतों के लौटते जंग हुई भीषण
रविवार को विटकॉफ और कुशनर ने कीव में जेलेंस्की से मुलाकात कर रूस के साथ युद्धविराम पर चर्चा की थी. इस दौरान, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के सुरक्षा सलाहकार भी कीव में मौजूद थे. इससे पहले, ट्रंप के दोनों दूत ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी. पुतिन ने विटकॉफ और कुशनर को, जंग के मैदान के सूरते-हाल बताए थे और बताया था कि किस तरह रूसी सेना ने यूक्रेन पर बढ़त बना रखी है.
माना जा रहा है कि विटकॉफ और कुशनर ने ट्रंप के शांति प्रस्ताव सहित पुतिन की शर्तों को भी जेलेंस्की से साझा किया था. युद्ध के मोर्चे पर पुतिन के दावों के चलते, जेलेंस्की ने रूस के खिलाफ एक के बाद एक कई बड़े अटैक किए हैं.
विटकॉफ ने कीव और मॉस्को के दौरे को बताया सार्थक
पुतिन और जेलेंस्की से मुलाकात के बाद विटकॉफ ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि वार्ता काफी सार्थक रही है और आने वाले दिनों में त्रिकोणीय चर्चा हो सकती है. यानी अमेरिका की मध्यस्थता में रुस और यूक्रेन एक बार फिर वार्ता शुरु कर सकते हैं. इसके लिए टर्की को वार्ता-स्थल के तौर पर चुना जा सकता है. विटकॉफ ने कीव और मॉस्को में तीन दिनों के युद्धविराम की भी चर्चा की. कुशनर और विटकॉफ के दौरे के दौरान, पुतिन और जेलेंस्की ने एक दूसरे की राजधानी (कीव और मॉस्को) पर अगले तीन दिनों (72 घंटे) के लिए हमले रोकने का ऐलान किया था.
रूस ने यूक्रेन के 1700 सैनिकों को घेरने का किया दावा
यूक्रेन ने ही अकेले अटैक नहीं किए हैं. रूस ने भी यूक्रेन पर हमले जारी रखे हैं. बीती रात (रविवार-सोमवार) को रूस ने यूक्रेन पर 90 से ज्यादा ड्रोन से हमला किया. ये हमले, यूक्रेन के 12 अलग-अलग इलाकों में किए गए. इनमें प्रमुख रुप से जपोरिजिया में एक शॉपिंग सेंटर और ओडेशा में रिहायशी इलाके और सिविल गाड़ियां, हमले की जद में आई. इसके अलावा खारकीव और खेरसोन में भी रूस के हमले देखने को मिले.
इस बीच रुस ने खारकीव में 1700 यूक्रेनी सैनिकों को घेरने का दावा किया है. रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इन यूक्रेनी सैनिकों ने अपने 40 साथियों के मारे जाने के बाद लड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखाई और हथियार डाल दिए हैं.

