Breaking News Conflict Islamic Terrorism Kashmir

आतंकियों को ठिकाने लगाने में जुटी सेना, विधानसभा में धारा 370 हावी

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में जहां शुक्रवार को दूसरे दिन भी धारा 370 को वापस लाने के प्रस्ताव पर जबरदस्त हंगामा और मारपीट जैसी नौबत आ गई, राज्य में सुरक्षाबल लगातार आतंकियों को ठिकाने लगाने में जुटे हैं. 

उत्तरी कश्मीर के सोपोर के एक गांव में छिपे दो आतंकियों को एनकाउंटर में मार गिराया गया है. जम्मू-कश्मीर को अशांत करने और लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले आतंकियों को ढेर किया गया है. 

मारे गए आतंकियों से हथियार बरामद हुए हैं. ये एनकाउंटर ऐसे वक्त में अंजाम दिया गया है जब किश्तवाड़ इलाके में दो विलेज गार्ड्स की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या की गई है. हत्या की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संगठन ‘कश्मीर टाइगर्स’ ने ली है. 

नवंबर महीने की शुरुआत में ही सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच श्रीनगर, बांदीपोरा और अनंतनाग में तीन एनकाउंटर हो चुके हैं. इनमें चार (04) जवान घायल हुए तो तीन (03) आतंकी भी ढेर किए गए.

सोपोर में 2 आतंकी ढेर, इलाके की घेराबंदी
सुरक्षाबलों को सोपोर के सागीपोरा गांव में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी. खुफिया जानकारी के बाद गुरुवार शाम को सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरु किया था. इस दौरान एनकाउंटर शुरु हो गया. सुरक्षाबलों ने एहतियातन लोगों को मुठभेड़ स्थल से हटाया गया और गांव में आने और जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया. गुरुवार से शुरु हुई मुठभेड़ में शुक्रवार सुबह गांव में छिपे दो आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है.

कश्मीर जोन की पुलिस ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया, “सोपोर मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया है. उनकी पहचान और का पता लगाया जा रहा है. मारे गए आतंकियों के पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है.”

गांव रक्षा समिति के 2 सदस्यों की हत्या!
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में गांव रक्षा समिति के दो सदस्य गुरुवार सुबह से लापता थे. सेना के जवान दोनों विलेज गार्ड्स की तलाश के लिए अभियान चलाए हुए हैं. ऐसे में आतंकी संगठन कश्मीर टाइगर्स ने दावा किया है कि उन्होंने दोनों विलेज गार्ड्स को किडनैप करके उनकी हत्या की है. कश्मीर टाइगर्स ने सोशल मीडिया पर मृतक वीडीजी  के शवों की तस्वीरें शेयर करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है. 

बताया जा रहा है कि ओहली-कुंतवाड़ा के विलेज गार्ड नजीर अहमद और कुलदीप कुमार गुरुवार सुबह अपने मवेशियों को चराने गए थे, जिसके बाद वे लापता हो गए. शाम को कुलदीप कुमार के भाई ने बताया कि कुलदीप की मौत की सूचना मिली है.

जम्मू में आक्रोश, पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी
दो वीडीजी की हत्या के बाद जम्मू की सड़कों पर लोग उतर आए. लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की है. वहीं जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी हत्या पर दुख जताते हुए लिखा है कि “कुलदीप कुमार और नजीर अहमद पद्दर की हत्या से दुखी हूं. मैं सुरक्षा बलों से अपेक्षा करता हूं कि वो हमारे आतंकवाद-रोधी ग्रिड में किसी भी कमी को दूर करने के लिए तेजी से कदम उठाए.”

दूसरे दिन भी विधानसभा में जबरदस्त हंगामा

जम्मू कश्मीर विधानसभा में लगातार दूसरे दिन भी धारा 370 को लेकर हंगामा होता रहा. अलगाववादी सांसद रशीद इंजीनियर के विधायक भाई खुर्शीद शेख ने सदन के भीतर धारा 370 के पक्ष में बैनर दिखाया, तो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायकों ने कड़ा ऐतराज जताया. 

विधानसभा में मौजूद मार्शल ने विधायक खुर्शीद को पकड़कर सदन से बाहर कर दिया. गुरूवार को भी खुर्शीद के बैनर दिखाने को लेकर बीजेपी के विधायकों ने आपत्ति दर्ज कराई थी. (जम्मू कश्मीर विधानसभा में मारपीट, धारा 370 के प्रस्ताव पर भिड़े विधायक)

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.