भारतीय एयरलाइंस कंपनियों की फ्लाइट को मिल रही धमकियों के बीच सिंगापुर ने एयर इंडिया के एक विमान में बम की खबर मिलते ही अपने फाइटर जेट स्क्रैम्बल कर दिए. सिंगापुर के रक्षा मंत्री एन जी इंग हेन ने खुद इस बाबत जानकारी साझा की है.
पिछले दो दिनों में अचानक से भारतीय विमानों को उड़ा देने की मिल रही है. ऐसे ही एक धमकी के बीच सिंगापुर ने अपने लड़ाकू विमानों से एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को घेर लिया और चांगी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया. इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए सिंगापुर के मंत्री ने बताया कि “एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को बचाने के लिए सिंगापुर वायुसेना के दो विमानों को फौरन भेजा गया और विमान की सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई.”
एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को सिंगापुर के लड़ाकू विमान ने घेरा
तमिलनाडु के मदुरै से सिंगापुर के लिए उड़ान भरने वाले आईएक्स-684 को संचालित करने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को बम की धमकी मिली थी. एक ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी. धमकी भरे मेल में कहा गया था “अब तुम सभी मरोगे.” जैसे ही धमकी भरे ईमेल की जानकारी सिंगापुर एयरफोर्स को मिली बिना देर किए विमान को बचाने के लिए दो लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी.
सिंगापुर के रक्षा मंत्री के मुताबिक, “एयर इंडिया एक्सप्रेस को एक ईमेल मिला कि सिंगापुर जा रहे विमान एएक्सबी-684 में बम है. इसके बाद सिंगापुर वायुसेना के दो एफ-15 फाइटर जेट
ने उड़ान भरी और विमान को आबादी वाले इलाकों से दूर ले गए. इसके बाद प्लेन को रात के लगभग 10.04 बजे सिंगापुर के चांगी हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया.” (https://x.com/Ng_Eng_Hen/status/1846214516461523182)
सिंगापुर में एयर डिफेंस सिस्टम भी एक्टिव
सिंगापुर के रक्षामंत्री ने बताया कि धमकी वाले ईमेल के बाद सिंगापुर ग्राउंड बेस्ड एयर डिफेंस (जीबीएडी) सिस्टम और एक्सप्लोसिव ऑर्डिनेंस डिस्पोजल (ईओडी) को भी एक्टिव कर दिया गया. एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को लैंड करने के बाद विमान को एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया गया है. सभी यात्री सुरक्षित है. विमान की जांच की गई है”
हालांकि एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है.
48 घंटे में 10 धमकी…कनाडा में उतरा बोइंग 777
पिछले दो दिनों में तकरीबन 10 भारतीय विमानों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है. जिसके बाद सभी विमानों की कहीं ना कहीं इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. मंगलवार को शिकागो जाने वाला एयर इंडिया का विमान बोइंग-777 कनाडा के इकालुइट हवाई अड्डे पर डायवर्ट कर दिया गया. एक ऑनलाइन पोस्ट में इस विमान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. धमकी सामने आने के बाद हड़कंप मच गया. जिस विमान को उड़ाने की धमकी दी गई, वो विमान एआई-127 दिल्ली से शिकागो जा रहा था. बम की धमकी देने के बाद विमान को कनाडा के इकालुइट एयरपोर्ट पर उतारा गया.
कौन दे रहा धमकी, जांच में जुटी एजेंसियां?
सोमवार को तीन विमानों को धमकियां दी गई. अभी उस मामले की जांच चल ही रही थी कि मंगलवार को एक के बाद एक कई उड़ानों में बम की धमकियां दी गई. दमन-लखनऊ इंडिगो उड़ान, अयोध्या-बेंगलुरु एयर इंडिया एक्सप्रेस, दरभंगा से मुंबई जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान, बागडोगरा से बेंगलुरु जाने वाली अकासा एयर की फ्लाइट, एलायंस एयर की अमृतसर-देहरादून-दिल्ली उड़ान और मदुरै से सिंगापुर जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को धमकियां मिली. जांच एजेंसियां सभी धमकियों को गंभीरता से ले रही है और मामले की जांच चल रही है.
इससे कुछ महीने पहले दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों, गुजरात और महाराष्ट्र के स्कूलों में भी बम होने की धमकी दी गई थी.


Leave feedback about this