Breaking News Reports

सैन्य धर्म मानते हैं सैनिक, राहुल गांधी पर राजनाथ का पलटवार

सेना में जाति के मुद्दे को लेकर बिहार चुनाव में मचा हुआ है घमासान. कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सेना पर 10 प्रतिशत कब्जे वाले बयान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘सैन्य धर्म’ का अपमान बताते हुए पलटवार किया है. राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा है कि सेना को राजनीति में घसीटना गलत है. जवानों का एक ही धर्म है और वो भी सैन्य धर्म है.

राहुल गांधी पर भड़के राजनाथ, याद दिलाया सैन्य धर्म

बिहार की एक चुनावी रैली में सेना पर राहुल गांधी के बयान पर राजनाथ सिंह भड़क गए हैं. राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को जवाब देते हुए कहा, “हमारी सेना के जवानों का एक ही धर्म है. वह धर्म है ‘सैन्य धर्म’. इसके अलावा कोई दूसरा धर्म नहीं है. हमारी सेना को राजनीति में न घसीटें. जब भी इस देश पर संकट आया है, हमारे सैनिकों ने अपनी बहादुरी और पराक्रम का प्रदर्शन करके भारत का सिर ऊंचा किया है.”

राजनाथ सिंह ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए ये भी कहा कि, “जाति, संप्रदाय और धर्म की इस राजनीति ने देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है और हमारी सोच है कि समाज के सभी वर्गों का उत्थान होना चाहिए. हम समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहते हैं. हम जाति, संप्रदाय या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करना चाहते. हमारे देश के ऋषियों और लोगों ने कभी इस बारे में सोचा भी नहीं.”

राहुल गांधी ने सेना पर कहा क्या था, जिसे लेकर शुरु हुआ आरोप प्रत्यारोप

मंगलवार को पहले चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राहुल गांधी ने औरंगाबाद और कुटुम्बा की रैलियों में सेना को लेकर आरोप लगाया था. राहुल गांधी ने कहा था कि “देश की 10 प्रतिशत आबादी का ही सेना पर भी नियंत्रण है.”

राहुल गांधी के इस दावे को सेना को जाति के आधार पर विभाजित करने के तौर पर देखा गया, क्योंकि उनका इशारा ऊंची जातियों की ओर था.

राहुल गांधी ने कहा, “500 सबसे बड़ी कंपनियों की लिस्ट निकालिए और उनमें दलितों, अति पिछड़ों, महादलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों को ढूंढिए. आपको कोई नहीं मिलेगा. ये सभी 10 फीसद आबादी से आते हैं.”

बीजेपी ने राहुल को बताया अर्बन नक्सल, प्रियंका गांधी ने किया बचाव

राहुल गांधी के सेना पर दिए गए बयान को लेकर बीजेपी फ्रंटफुट पर उतर आई. बीजेपी ने कहा, “राहुल गांधी शहरी नक्सली की भाषा बोल रहे हैं. राहुल ने सेना को भी नहीं बख्शा. राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए. ऐसा करके उन्होंने सेना का मनोबल गिराया है. जनता उन्हें इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी.”

वहीं प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी का बचाव किया. प्रियंका गांधी ने कहा, “सेना का अपमान नहीं किया है और न ही कभी करेंगे.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.