Alert Breaking News Conflict DMZ

बैलून और लाउडस्पीकर के बाद DMZ पर फायरिंग

नॉर्थ कोरिया की ओर से गंदगी भरे गुब्बारे और साउथ कोरिया की ओर से लाउडस्पीकर वाली तनातनी अभी चल ही रही है कि अब दोनों पड़ोसी (दुश्मन) देशों के सैनिकों के बीच झड़प की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि दक्षिण कोरियाई सैनिकों ने उत्तर कोरिया के जवानों पर गोलियां चलाई हैं. गुब्बारे वाले विवाद के दौरान ही उत्तर कोरियाई सैनिकों ने जमीनी सीमा पार की थी जिसके बाद दक्षिण कोरिया के सैनिकों ने नॉर्थ कोरिया के जवानों पर फायरिंग करके खदेड़ दिया.

‘उत्तर कोरियाई सैनिकों पर हुई फायरिंग’

दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ली सुंग जून के मुताबिक, “रविवार दोपहर उत्तर कोरिया के कुछ सैनिक दोनों देशों को अलग करने वाली सैन्य सीमा (डिमिलिट्राइज जोन यानी डीएमजेड) को पार कर उसके अधिकार क्षेत्र में घुस आए. जिन उत्तर कोरिया के सैनिकों ने घुसपैठ की थी, उनके पास निर्माण उपकरण थे, जबकि कुछ सैनिकों के पास हथियार भी थे. दक्षिण कोरियाई सेना ने वॉर्निंग दी, जब वो नहीं लौटे तो एहतियातन गोलियां चलाई गई. जिसके बाद उत्तर कोरियाई सैनिक तुरंत वापस लौट गए.” 
हालांकि बात ज्यादा ना बढ़े लिहाजा दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा कि “शायद उत्तर कोरिया के सैनिक गलती से डीएमजेड सीमा पार कर गए थे, क्योंकि जंगली सीमा है. वापस लौटने के बाद कोई जवाबी कार्रवाई भी नहीं की गई.”

सैनिकों की घुसपैठ की ये घटना ऐसे समय है जब पिछले कुछ दिनों से दोनों देशों के बीच तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया है. उत्तर कोरिया लगातार गुब्बारों में कचरा भरकर दक्षिण कोरिया की तरफ भेज रहा है जिसके बाद दक्षिण कोरिया ने किम जोंग उन को चिढ़ाते हुए बॉर्डर पर लाउडस्पीकर बजाना शुरू कर दिया है.

लाउडस्पीकर पर भड़की तानाशाह की बहन
किम जोंग उन की शक्तिशाली बहन किम यो जोंग ने साउथ कोरिया की लाउडस्पीकर बजाने को तनाव बढ़ाने वाला बताया है. किम यो जोंग ने कहा है कि लाउडस्पीकर के प्रसारण से “टकराव का संकट” बढ़ेगा. किम यो जोंग ने एक बयान में कहा, “यह एक बहुत ही खतरनाक स्थिति है.”

दरअसल उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया के लाउडस्पीकर प्रसारणों को लेकर बेहद संवेदनशील है. क्योंकि दक्षिण कोरिया के भाषण और म्यूजिक फ्रंट-लाइन पर तैनात नॉर्थ कोरिया के सैनिकों और निवासियों को भड़का सकते हैं. इससे पहले दक्षिण कोरिया के लाउडस्पीकर को लेकर नॉर्थ कोरिया तोप के गोले तक दाग चुका है. जिसपर साउथ कोरिया ने भी जवाबी कार्रवाई की थी (DMZ पर लौट रहे हैं प्रोपेगेंडा-लाउडस्पीकर, बैलून का जवाब).

गोलियों के बाद चुप नहीं बैठेगा तानाशाह किम जोंग ?
रविवार को घुसपैठ के बाद दक्षिण कोरिया द्वारा चलाई गई गोलियों के बाद उत्तर कोरिया की ओर से कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की गई है, ना ही कोई असामान्य घटना हुई है. पर किम जोंग को जानने वाले मानते हैं कि उत्तर कोरिया का तानाशाह ऐसी किसी भी कार्रवाई पर चुप नहीं बैठता है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.