Breaking News Indian-Subcontinent

पाकिस्तानी जनरल बांग्लादेश में, चिकन-नेक साजिश लेकिन रह जाएगी धरी

ऑपरेशन सिंदूर में पटखनी खाने के बाद पाकिस्तान ने अब भारत की पूर्वी सीमा पर साजिश रचने की तैयारी की है. ऐसा इसलिए, क्योंकि पाकिस्तान का एक टॉप मिलिट्री कमांडर बांग्लादेश दौरे पर है और भारत के संवेदनशील चिकन-नेक एरिया के करीबी इलाकों में जाने की तैयारी कर रहा है. खास बात है कि पाकिस्तान के पूर्व तानाशाह परवेज मुशर्रफ के बाद पहली बार कोई फॉर स्टार जनरल ढाका के दौरे पर गया है.

पाकिस्तान का ये टॉप मिलिट्री कमांडर है ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी का चेयरमैन, जनरल साहिर शमशाद मिर्जा. पाकिस्तानी सेना के तीनों अंगों (थलसेना, वायुसेना और नौसेना) के बीच समन्वय की जिम्मेदारी संभालने वाला शमशाद मिर्जा, असीम मुनीर के बाद पाकिस्तान का दूसरा सबसे ताकतवर सैन्य कमांडर है. मुनीर के फाइव स्टार (फील्ड मार्शल) बनने के बाद मिर्जा को फाइव स्टार जनरल बना दिया गया था. 

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की शाम को पाकिस्तान के छह सदस्य सैन्य प्रतिनिधिमंडल के साथ शमशाद मिर्जा ढाका पहुंचा है. इस दौरे के दौरान, शमशाद मिर्जा की मुलाकात बांग्लादेश के सेना प्रमुख वकार उज जमां सहित दूसरे सैन्य कमांडर से होनी है. खबर ये भी है कि मिर्जा और पाकिस्तानी सैन्य प्रतिनिधिमंडल, भारत के चिकन-नेक (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) का दौरा भी करने जा रहा है. पाकिस्तान या फिर बांग्लादेश सेना की तरफ से हालांकि, इस दौरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है. 

दरअसल, सिलीगुड़ी कॉरिडोर के करीब बांग्लादेश के सीमावर्ती इलाकों में द्वितीय विश्वयुद्ध की कुछ हवाई पट्टियां हैं. इन हवाई पट्टियों का इस्तेमाल अमेरिकी सेना ने चीन में जापान के खिलाफ ऑपरेशन में किया था. लेकिन लंबे समय से ये हवाई पट्टियां बंद है.

हाल ही में बांग्लादेश के सेना प्रमुख वकार जमां ने भी चिकन नेक के करीब द्वितीय विश्वयुद्ध की पुरानी पड़ चुकी हवाई पट्टियों का दौरा किया था. ऐसे में अटकलें इस बात कि लगाई जा रही हैं कि बांग्लादेश इन हवाई पट्टियों को एक बार फिर अमेरिका या फिर पाकिस्तान को सौंपने की तैयारी कर रहा है. क्योंकि, बांग्लादेश की अंतरिम (युनूस) सरकार पाकिस्तान के साथ करीबी संबंध बनाने में जुटी है. पिछले एक वर्ष से पाकिस्तानी सेना की एक टुकड़ी बांग्लादेशी सेना को ट्रेनिंग दे रही है. वहीं, अमेरिका के स्पेशल फोर्सेज के कमांडो की मौजूदगी भी बांग्लादेश में देखी गई है.

पिछले एक वर्ष से बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस और उनके अधिकारी, चिकन-नेक और उत्तर-पूर्व के राज्यों को लेकर अनाप-शनाप बयान करते रहे हैं. 

भारत की तरफ से पाकिस्तानी सैन्य कमांडर के बांग्लादेश दौरे को लेकर हालांकि कोई बयान सामने नहीं आई है. लेकिन हाल ही में असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वसरमा ने भारत के चिकन नेक के करीब बांग्लादेश की खिचड़ी को लेकर सख्त लहजे में चेतावनी दी थी. सरमा ने कहा था कि बांग्लादेश की दो-दो चिकन नेक को तोड़ दिया जाएगा. सरमा का इशारा, बांग्लादेश के चटगांव (चतोग्राम) और रंगपुर इलाकों को लेकर था. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.