Breaking News Conflict NATO Russia-Ukraine

ट्रंप ने रूस को बताया कागज़ी शेर, यूक्रेन जीत लेगा खोई जमीन

रूस-यूक्रेन युद्ध न रोक पाने से कसमसाए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को बताया है कागज़ी शेर. और ये भी कहा कि यूक्रेन अपने खोए क्षेत्र को वापस जीत सकता है. न्यूयॉर्क में यूएनजीए की बैठक के बाद ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की.

इस मीटिंग के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में एक लंबी पोस्ट लिखी. जिससे पता चलता है कि ट्रंप युद्ध रोक न पाने से कितनी हताश हैं, साथ ही बार-बार ट्रंप के बदलते बयानों से उनकी विदेश नीति को भी स्थिर नहीं नजर आती है. ट्रंप ने अपनी पोस्ट में रूस के खिलाफ नाराजगी जताई है.

इस दौरान ट्रंप ने ये भी कहा कि अगर रूसी विमान नाटो के हवाई क्षेत्र में घुसते हैं तो उन्हें मार गिराना चाहिए.

ट्रंप का बदला सुर, कहा, यूक्रेन जंग जीतने की स्थिति में है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर न्यूयॉर्क में मंगलवार को रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर एक बड़ा बयान दिया. ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन अपने उन सभी इलाकों को वापस हासिल कर सकता है, जो रूस ने 2014 से अब तक कब्जे में लिए हैं.

ट्रंप ने जेलेंस्की के साथ द्विपक्षीय बैठक की. बैठक के बाद ट्रंप ने लिखा, यूरोपीय संघ और नाटो की मदद से यूक्रेन अपने मूल स्वरूप में वापस लौट सकता है. रूस के युद्ध प्रयासों ने उसकी ताकत की बजाय कमजोरियों को उजागर किया है. 

ट्रंप ने कहा, “रूस साढ़े 3 साल से बिना किसी उद्देश्य के लड़ रहा है. एक ऐसा युद्ध जिसे जीतने में एक वास्तविक सैन्य शक्ति को एक हफ्ते से भी कम समय लगना चाहिए था. यह रूस को अलग नहीं बना रहा है. सच्चाई ये है कि यह रूस को कागजी शेर (पेपर टाइगर) जैसा बना रहा है.”

ट्रंप लिखते हैं कि, “समय, धैर्य और यूरोप व नाटो के आर्थिक समर्थन से यह संभव है कि यूक्रेन अपने मूल सीमाओं तक लौट आए. क्यों नहीं? जब मॉस्को और रूस के सभी बड़े शहरों, कस्बों और डिस्ट्रिक्ट में रहने वाले लोगों को पता चलेगा कि इस युद्ध में वास्तव में क्या हो रहा है, तब यूक्रेन अपने देश को उसके मूल स्वरूप में ला सकेगा और कौन जाने, शायद उससे भी आगे बढ़ जाए. यूक्रेन अपने देश को पूरी तरह वापस पा सकता है.”

आर्थिक तंगी से जूझ रहा रूस, यूक्रेन के लिए कार्रवाई का सही वक्त: ट्रंप

ट्रंप ने कहा, “पुतिन और रूस बड़ी आर्थिक मुश्किल में हैं और यूक्रेन के लिए यही समय है कि वह कार्रवाई करे. ट्रंप ने संघर्ष की स्थिति में अमेरिका की भूमिका पर भी बात की और कहा कि उनका देश नाटो को हथियार देना जारी रखेगा, ताकि ‘नाटो उनके साथ जो करना चाहे कर सके. किसी भी स्थिति में, मैं दोनों देशों के लिए शुभकामनाएं देता हूं.”

नाटो को रूसी विमान को मार गिराना चाहिए: ट्रंप

जेलेंस्की के साथ मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा कि “अगर रूसी विमान किसी भी नाटो देश के हवाई क्षेत्र में घुसते हैं, तो उन्हें मार गिराया जाना चाहिए.”

दरअसल इस बैठक दौरान जब ट्रंप से सवाल किया गया- “क्या आपको लगता है कि नाटो देशों को रूसी विमानों को गिरा देना चाहिए अगर वे उनके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करें?’, इस पर ट्रंप ने फौरन कहा- हां, बिल्कुल.”

आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों में नाटो देश पोलैेंड, एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र में रूसी लड़ाकू विमानों ने प्रवेश किया था. जिसके बाद यूरोपीय देशों में उबाल है. रूस की इस कार्रवाई पर यूएन का आपात बैठक भी बुलाई गई थी.

ट्रंप के बयान से जेलेंस्की खुश, ट्रंप को बताया गेमचेंजर

ट्रंप की इस टिप्पणी पर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसे ‘बड़ा बदलाव’ बताया. जेलेंस्की ने कहा, “यह पोस्ट ट्रंप की ओर से एक बड़ा शिफ्ट है. राष्ट्रपति ट्रंप अपने आप में ही गेमचेंजर हैं. मैंने युद्ध की मौजूदा स्थिति को लेकर ट्रंप को विस्तार से जानकारी दी और ट्रंप उनसे सहमत भी हुए.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.