Breaking News Geopolitics Reports Russia-Ukraine War

रूस-यूक्रेन के मारे गए लाखों सैनिक, ट्रंप ने बताया पागलपन

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन जंग में बड़ी संख्या में मारे जा रहे सैनिकों और आम-नागरिकों को पागलपन करार दिया है. पेरिस में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात में ट्रंप ने साफ कर दिया कि रूस से जल्द युद्धविराम होना चाहिए ताकि बातचीत शुरू हो सके.

ट्रंप ने जंग के दौरान रूस और यूक्रेन के मारे गए सैनिकों का आंकड़ा भी जारी किया. जवाब में जेलेंस्की ने सफाई देते हुए मारे हुए यूक्रेनी सैनिकों की संख्या को काफी कम बताया.

ट्रंप के मुताबिक, पिछले तीन साल से जारी जंग में यूक्रेन ने चार लाख (4,00,000) सैनिकों को खोया है. ट्रंप ने दावा किया कि मारे गए आम नागरिकों की संख्या कही ज्यादा है. ट्रंप ने जेलेंस्की और यूक्रेन को इस पागलपन को खत्म कर रूस से डील करने का आह्वान किया.

ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अपनी नजदीकियों का हवाला देते हुए कहा कि अब पुतिन को (युद्ध को रोकने के लिए) कुछ करना होगा. ट्रंप ने इस काम में चीन से मदद करने की भी अपील की है.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान बिना किसी कारण के चली गई है, भारी संख्या में परिवार नष्ट हो गए हैं. ट्रंप ने आगाह किया कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो परिस्थितियों इससे भी बदतर हो सकती हैं.

जेलेंस्की ने कहा कि रूस से बातचीत और युद्धविराम बिना किसी गारंटी के नहीं किया जा सकता है. जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के जिन इलाकों पर कब्जा कर लिया है उनसे आंखें नहीं चुराई जा सकती है.

जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि पुतिन को युद्ध की लत है जिसकी शुरुआत चेचन्या से हुई थी और अब जॉर्जिया में भी ऐसे हालात पैदा हो रहे हैं.

जवाब में जेलेंस्की ने बताया है कि रूस से जंग में यूक्रेन के 43 हजार सैनिक मारे गए हैं और 3.70 लाख सैनिक घायल हुए हैं.

साथ ही जेलेंस्की ने ये भी कहा कि पिछले तीन सालों में रूस के 7.50 लाख सैनिक हताहत हुए हैं. इनमें मारे गए सैनिकों का आंकड़ा है 1.98 लाख और घायल हुए हैं 5.50 लाख.

ट्रंप ने भी यूक्रेन जंग में रूस के छह लाख (6,00,000) सैनिकों के मारे जाने या फिर घायल होने का दावा किया है. ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन जंग में रूस को बड़ा नुकसान हुआ है जिसके चलते पुतिन ने सीरिया के (पूर्व) राष्ट्रपति बशर अल असद की मदद नहीं की. ट्रंप ने कहा कि रूस और ईरान, दोनों ही अब बेहद कमजोर हो चुके हैं.

हालांकि, कुछ महीने पहले पुतिन ने दावा किया था कि रूस के मारे गए सैनिकों की संख्या यूक्रेन के सैनिकों को दसवां हिस्सा है (1/10).

 

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.