Alert Breaking News Classified Documents Geopolitics Indian-Subcontinent

पाकिस्तान में दो महीने से ब्लॉक है Twitter !

कभी जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट बंद करने पर दुनियाभर में चिल्लपो करने वाले पाकिस्तान ने पिछले दो महीने से अपने देश में एक्स (ट्विटर) को ब्लॉक कर रखा है. पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के मुताबिक, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक्स सोशल मीडिया को अस्थायी तौर से बंद किया गया है. नाराज सिंध हाई कोर्ट ने सरकार से एक हफ्ते के अंदर एक्स पर लगे बैन को हटाने का आदेश दिया है. 

पाकिस्तान ने ये कहकर एक्स को बंद किया था कि सोशल मीडिया कंपनी ने पाकिस्तानी सरकार से कोई करार नहीं किया है और ना ही यहां कोई ऑफिस है. ऐसे में कंपनी पर पाकिस्तानी कानून लागू नहीं होते हैं. लेकिन सोशल एक्टिविस्ट की अपील पर हाई कोर्ट ने एक्स पर लगा बैन हटा दिया है. एक हफ्ते के अंदर पाकिस्तानी सरकार को अपने नागरिकों को एक बार फिर से एक्स ऐप को शुरु करना होगा. 

दरअसल, इसी साल फरवरी के महीने में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल से ही सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने का आह्वान किया था. इमरान खान के आह्वान से सरकार डर गई और एक्स की सर्विस को बंद करा दी. क्योंकि पिछले साल मई (2023) के महीने में इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तानी की जनता सड़कों पर उतर आई थी और पूरे देश में जमकर तोड़फोड़ और हिंसक प्रदर्शन किए थे. पाकिस्तानी आवाम ने अपनी सेना को नहीं बख्शा था और मिलिट्री कमांडर्स के घर तक आग के हवाले कर दिए थे और छावनियों तक में घुस गए थे. ऐसे में सरकार ने फरवरी में इमरान खान के आहवान से डर कर ट्विटर पर रोक लगा दी थी.  

पाकिस्तान के आंतरिक (गृह) मंत्रालय ने कोर्ट को लिखकर दिया था कि ये संघीय सरकार पर निर्भर करता है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कदम उठाने चाहिए और डिफेंस और सिक्योरिटी के दायरे में क्या क्या आता है और क्या नहीं. मंत्रालय के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर ट्विटर को बंद करने का फैसला लिया गया था. 

फरवरी के महीने में पाकिस्तान में आम चुनाव के लिए मतदान हुआ था और नतीजे भी आए थे. इमरान खान की पार्टी ने चुनाव मतगणना में भारी धांधली के आरोप लगाए थे. इस दौरान सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी सामने आने लगे थे जिसमें मतदान और मतों की गिनती में गड़बड़ी भी सामने आने लगी थी. दुनियाभर में चुनाव में गड़बड़ी के वीडियो प्रचारित और प्रसारित ना हो जाए, इसके डर से ही पाकिस्तान सरकार ने ट्विटर पर रोक लगा दी थी. लेकिन अब एक हफ्ते के अंदर सभी पाबंदियां हटाने होंगी. 

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.