Breaking News Geopolitics Indo-Pacific

अमेरिकी राजदूत विदा, उतार-चढ़ाव वाला रहा कार्यकाल

अमेरिका में सत्ता परिवर्तन के बाद भारत में यूएस एंबेसडर एरिक गार्सेटी का भी कार्यकाल खत्म हो गया है. अपने कार्यकाल के आखिरी दिन अमेरिकी राजदूत भावुक दिखे और परिवार संग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. हालांकि, गार्सेटी के कार्यकाल के दौरान खालिस्तान, डीप स्टेट और एलएसीए तेजस प्रोजेक्ट जैसे मामलों से दोनों देशों के संबंधों में खटास जरूर आई.

एरिक गार्सेटी ने एक वीडियो शेयर करके भारत को अपना दूसरा घर बताते हुए कहा है कि पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त. अमेरिकी राजदूत ने अपनी बेटी, पत्नी के साथ पीएम मोदी से मुलाकात की तस्वीरें शेयर करके लिखा, पीएम मोदी और जो बाइडेन के प्रयासों के कारण अमेरिका और भारत के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं.

गार्सेटी ने भारत छोड़ते हुए अपने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपना भारत का सफर दिखाते हुए भारत की संस्कृति, पकवान, अत्मीयता की प्रशंसा की है.

एरिक गार्सेटी ने शेयर किया भावुक करने वाला वीडियो 

एक्‍स पर वीडियो शेयर करते हुए एर‍िक गार्सेटी ने लिखा, “इस अद्भुत देश में 26वें अमेरिकी राजदूत के रूप में सेवा करने के बाद जब मैं भारत से विदाई ले रहा हूं, तो मेरा दिल भरा हुआ है. आपने मुझे दूसरा घर, दोस्तों का परिवार और जीवन भर याद रहने वाली तमाम यादें दी हैं. आज मैं एक राजदूत से कहीं अधिक यहां से लेकर जा रहा हूं. मैं अमेर‍िका इंडिया फ्यूचर के ल‍िए आजीवन भारत का मित्र रहूंगा. एंबेसडर ने लिखा, “प्रिय इंडिया, आप न केवल अविश्वसनीय हो, बल्कि अविस्मरणीय भी हो.”

अपने 03.25 मिनट के वीडियो में एरिक गार्सेटी ने हिंदी में भारत की दोस्ती जिंदादिली की बात की. इसके अलावा वीडियो के आखिर में शाहरुख खान की फिल्म का डायलॉग ‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त’ कहते हुए एरिक ने भारत से विदा ली. (https://x.com/USAmbIndia/status/1880918574757285959)

बेटी और पत्नी के साथ पीएम मोदी से मिले एरिक गार्सेटी 

एरिक गार्सेटी ने पीएम मोदी से मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “उन्होंने और राष्ट्रपति बाइडेन ने हमारी आकर्षक और बेहद सार्थक यूएस-भारत साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है- रिकॉर्ड वीजा, रिकॉर्ड व्यापार, रिकॉर्ड रक्षा सहयोग, रिकॉर्ड अंतरिक्ष सहयोग, रिकॉर्ड छात्र, रिकॉर्ड निवेश और बहुत कुछ.”

गार्सेटी ने भारत की अपनी आखिरी यात्रा के दौरान उनके गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने जोर दिया कि “अमेरिका-भारत साझेदारी मजबूत है, आने वाले वर्षों में यह और मजबूत होती जाएगी.”

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू मामले से दोनों देशों के संबंधों में आई दरार

अमेरिका में रह रहे खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कोशिश की साजिश में भारतीय एजेंसियों पर आरोप लगने के चलते जून 2023 से दोनों देशों के संबंधों में कड़वाहट जरूर आ गई थी. इस दौरान भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवाल के खिलाफ अमेरिकी कोर्ट के वारंट से भी रिश्तों में दरार दिखाई पड़ी.

पन्नू मामले के चलते (तत्कालीन) राष्ट्रपति जो बाइडेन के भारत दौरे को रद्द करने और एलसीए तेजस (फाइटर जेट) प्रोजेक्ट के लिए जरूरी अमेरिका से एविएशन इंजन की डील भी ठंडे बस्ते में चली गई.

गार्सेटी के कार्यकाल के दौरान ही अमेरिकी डीप-स्टेट के भारत की राजनीति और समाज में दखल के चलते भी संबंधों में खटास आई.

पिछले साल आम चुनावों में अमेरिकी एंबेसी के अधिकारियों के विपक्षी नेताओं से मुलाकात पर भी भारत ने कड़ी आपत्ति जताई थी.

माना जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन के आने से एक बार फिर दोनों देशों के संबंध पटरी पर आ सकते हैं. (ट्रंप की भारत-चीन यात्रा जल्द, सलाहकारों ने तैयार किया प्लान)

एरिक गार्सेटी की जगह अब कौन बनेंगे अमेरिकी राजदूत?

एरिक गार्सेटी को भारतीय लोग भी बहुत पसंद करते थे. कई मौकों पर हिंदी बोलते थे और भारतीय लोगों के साथ त्योहार मनाते नजर आते थे. भारत के कई राज्यों में घूम चुके हैं और तरह-तरह के भारतीय पकवान खाना गार्सेटी का शौक था. 

गार्सेटी के बाद डोनाल्ड ट्रंप किसे भारत में राजदूत नियुक्त करते हैं, जल्द फैसला किया जाएगा. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.