Alert Breaking News Classified Geopolitics NATO Reports

रुस अमेरिका के बीच ‘Girlfriend’ बनी बड़ा विवाद

यूक्रेन युद्ध को लेकर चल तनातनी के बीच रुस के व्लादिवोस्तोक शहर में अमेरिकी सैनिक की गिरफ्तारी से सनसनी फैल गई है. क्या वाकई अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने अमेरिकी सैनिक दक्षिण कोरिया से रुस गया था या मकसद कुछ और था. कारण जो भी हो, दो महाशक्तियों में विवाद बढ़ना लाजमी है. 

अमेरिकी सैनिक को रूस के व्लादिवोस्तोक शहर से चोरी के आरोप में पकड़ा गया है. अमेरिकी सैनिक की गिरफ्तारी को लेकर रूस और अमेरिका में पहले से चल रही तल्खी को और बढ़ा दिया है. अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि अमेरिकी सैनिक को गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया है. सैनिक से पहले एक अमेरिकी पत्रकार को भी जासूसी के आरोप में रूस में गिरफ्तार किया जा चुका है. 

साउथ कोरिया में पोस्टिंग, रूस में अमेरिकी सैनिक अरेस्ट
2 मई को अमेरिकी सैनिक को रूस में गिरफ्तार किया गया. अमेरिकी सैनिक की पहचान गॉर्डन ब्लैक के तौर पर हुई है. 34 साल के सैनिक की पोस्टिंग साउथ कोरिया में थी. दक्षिण कोरिया से ही गॉर्डन व्लादिवोस्तक गया था जहाँ चोरी के आरोप में उसे पकड़ लिया गया. गॉर्डन को 2 जुलाई तक हिरासत में रखने का आदेश दिया गया है. दरअसल, दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल और व्लादिवोस्तोक के बीच सीधी फ्लाइट है. साथ ही व्लादिवोस्तोक शहर उत्तर कोरिया और चीन की सीमा के ट्राई-जंक्शन पर है. हालांकि, ये साफ नहीं है कि गॉर्डन रुस कैसे पहुंचा है.

साउथ कोरिया से रूस कैसे पहुंचा अमेरिकी सैनिक ?
रूसी सैनिक को चोरी के इल्जाम में गिरफ्तार किया गया है. परिवार और अमेरिका का हालांकि दावा है कि आरोप बेबुनियाद है. गॉर्डन ब्लैक साउथ कोरिया से वापस अमेरिका जाने वाला था लेकिन टेक्सास में अपने घर जाने की जगह गॉर्डन रूस में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने चला गया. गॉर्डन कुछ समय तक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहा. पर फिर किसी बात पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया और गॉर्डन ने उसके कुछ रुपये और अन्य दूसरी चीज़ें चुरा ली. गर्लफ्रेंड ने पुलिस में शिकायत की जिसके बाद रूसी पुलिस ने गार्डन को गिरफ्तार कर लिया.

अपने सैनिक की गिरफ्तारी पर अमेरिका क्या बोला ?
अमेरिकी विदेश विभाग का कहना है कि सैनिक दक्षिण कोरिया से छुट्टी लेकर गया था. मॉस्को में अमेरिकी दूतावास के माध्यम से सैनिक के लिए काउंसलर पहुंचाया जा रहा है. अमेरिका ने कहा है कि अमेरिकी नागरिकों की विदेश में सुरक्षा से बढ़कर उनके लिए कुछ भी नहीं है. लेकिन अभी तक काउंसलर को अमेरिकी सैनिक से मिलने की अनुमति नहीं दी गई है. राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने भी कहा है कि रूसी सैनिक की गिरफ्तारी पर व्हाइट हाउस की पूरी नजर है. सैनिक के अलावा एक और अमेरिकी नागरिक को रूस से गिरफ्तार किया गया है. अमेरिकी नागरिक पर हुड़दंग मचाने और बवाल काटने का आरोप है.

सैनिक को छुड़ाने के बदले होगी कैदी की अदला बदली ?

हाल के कुछ साल में रूस में कई अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें अमेरिकी मरीन के पॉल व्हेलन भी शामिल हैं. पॉल व्हेलन को साल 2018 में रूस ने गिरफ्तार किया था. 4 साल तक जेल में रहने के बाद साल 2022 में एक कैदी की अदला बदली के बाद पॉल व्हेलन को रूस ने छो़ड़ दिया था. इसके अलावा अमेरिकी बास्केटबॉल स्टार ब्रिटनी ग्रिनर को भी रूस ने गिरफ्तार किया था. मॉस्को एयरपोर्ट से ब्रिटनी को अवैध ड्रग्स के मामले में अरेस्ट किया गया था. बाद में रूस ने ब्रिटनी ग्रिनर को छोड़ने के बदले एक रूसी हथियार डीलर विक्टर बाउट को छुड़ाया था. अबू धाबी के सीक्रेट एयरपोर्ट के ठिकाने पर रूसी हथियार डीलर विक्टर बाउट और बास्केट बॉल खिलाड़ी ब्रिटनी की अदला बदली की गई थी. 

हाल ही में रूस की जेल में वॉल स्ट्रीट जर्नल के रिपोर्टर इवान गेर्शकोविच भी हैं, जिन्हें साल 2023 में रूस-यूक्रेन की कवरेज के दौरान रूस ने गिरफ्तार किया था. इवान गेर्शकोविच पर रूस के सैन्य ठिकानों समेत कई संवेदनशील जानकारी की जासूसी का आरोप है. पत्रकार इवान गेर्शकोविच को छोड़ने के बदले रूस ने जर्मनी में कैद रूसी खुफिया जासूस वेदिम क्रासिकोव को छुड़ाने की मांग की है. क्रासिकोव रूस का वो जासूस है, जिसने बर्लिन के एक पार्क में साइकिल पर नकाब पहनकर चेचेन कमांडर की हत्या की थी. क्रासिकोव को पुतिन का करीबी माना जाता है (Bridge of Spies: जासूसों की अदला-बदली जल्द ?).

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.