Alert Breaking News Classified Geopolitics Indo-Pacific Reports

अमेरिकी सैनिकों ने किया यौन शोषण, जापान गुस्से में

जापान में अमेरिकी सैनिकों के यौन शोषण में लिप्त पाए जाने से टोक्यो जबरदस्त नाराज है. जापान ने अमेरिका को दो टूक कह दिया है कि यूएस आर्मी की ऐसी हरकत कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 

एक समझौते के तहत चीन के खतरे को भांपते हुए तकरीबन 50 हजार अमेरिकी सैनिक जापान में तैनात हैं. लेकिन अब उन्हीं में से कुछ सैनिकों पर जापानी लोगों से यौन शोषण का आरोप लगा है. अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ स्थानीय जापानी लोगों का गुस्सा बढ़ गया है. आक्रोशित लोगों ने ओकिनावा में अमेरिकी कडेना एयरबेस के सामने प्रदर्शन किया. 

जापान के लोगों का गुस्सा आरोपी अमेरिकी सैनिकों में से एक को जमानत पर रिहा किए जाने के बाद फूट पड़ा. अमेरिकी सैनिक को हिरासत में रखा गया है. ओकिनावा में कई शहरों और कस्बों में अमेरिकी सरकार से पीड़ितों को मुआवजा देने और किडनैपिंग-रेप जैसी घटनाओं को फौरन रोकने की मांग की गई है.

पिछले कई दशक से जापान और अमेरिका बेहद ही करीबी दोस्त हैं. लेकिन अब जापानी विदेश मंत्री योको कामिकावा अमेरिकी सैनिकों पर भड़क गई हैं. योको कामिकावा ने अमेरिकी सैनिकों को हड़काते हुए कहा है, कि उनकी हरकत “बर्दाश्त नहीं करेंगे.”  

जापानी लोगों के साथ यौन शोषण कर रहे अमेरिकी सैनिक
जापान में तैनात अमेरिकी सैनिकों पर यौन शोषण का सनसनीखेज आरोप लगा है. जापानी विदेश मंत्री के मुताबिक, “अमेरिकी सैनिकों के जापानी लोगों के साथ यौन उत्पीड़न के मामले सामने आ रहे हैं. सबसे ज्यादा ओकिनावा में शिकायत की गई है. देश में अमेरिकी बलों से जुड़े यौन उत्पीड़न के मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.”  
जापानी विदेश मंत्री ने अमेरिका से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की अपील की है.

दो अमेरिकी सैनिकों को हुई सज़ा
अमेरिकी नौसैनिक जेमेल क्लेटन पर एक महिला ने किडनैपिंग और रेप की कोशिश आरोप लगाया था. क्लेटन को मई में गिरफ्तार किया गया था और 17 जून को नाहा जिला अभियोजक के कार्यालय ने दोषी ठहराया गया. इसके अलावा पिछले हफ्ते भी वरिष्ठ अमेरिकी एयरमैन ब्रेनन वाशिंगटन को दिसंबर में एक नाबालिग के यौन उत्पीड़न और अपहरण के लिए भी दोषी ठहराया गया है.
अमेरिकी एयरमैन पर आरोप था कि 24 दिसंबर, 2023 की रात को ओकिनावा के एक पार्क में 16 वर्ष से कम उम्र की लड़की को जबरन अपनी कार में बिठाया और उसे कडेना एयर बेस ले गया और रेप किया.

यौन हिंसा को रोकना हमारी जिम्मेदारी: जापान
पिछले साल जापान में अमेरिकी बलों द्वारा यौन शोषण के पांच मामले सामने आए थे, जिनमें से ज्यादातर ओकिनावा में दर्ज किए गए थे. विदेश मंत्री कामिकावा के मुताबिक ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोग दहशत में है, लोग डरे हुए हैं.

विदेश मंत्री ने कहा, “ये घटनाएं ऐसी हैं, जो नहीं होनी चाहिए थी. बेहद ही शर्मनाक और दुख देने वाली घटनाएं हैं. मैं जब पीड़ितों के बारे में सोचती हूं तो मुझे गहरा दुख होता है, सैन्य कर्मियों की इस यौन हिंसा को रोकना हमारी जिम्मेदारी है.”

घटनाओं पर पेंटागन की क्या है प्रतिक्रिया?
अमेरिका के रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने अमेरिकी सैनिकों के यौन शोषण के मामलों पर अफसोस जताया है. पेंटागन ने कहा  “हमें अफसोस है कि जापान में अमेरिकी सैनिकों ने यौन अपराध किए हैं. अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन इस मामले पर करीब से नजर रख रहे हैं.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.