Breaking News Conflict India-Pakistan Islamic Terrorism LOC Terrorism

ऑपरेशन सिंदूर का वीडियो, सेना ने दिखाया भारत का पराक्रम

भारत के शौर्य का प्रतीक, दुश्मन को न छोड़ने वाला जवाब, आतंकियों तो मिट्टी में मिला देने वाले एक्शन ऑपरेशन सिंदूर का एक वीडियो जारी किया गया है. बुधवार को सेना की नॉदर्न कमांड (उत्तरी कमान) ने हर हिंदुस्तान को गर्व में भर देने वाला वीडियो साझा किया है. 

भारतीय सेना की ऑपरेशन सिंदूर को लेकर वीडियो जारी करते हुए, इसे आतंक के सामने ‘संयम का निर्णायक जवाब’ का एक उदाहरण बताया है.

ऑपरेशन सिंदूर दृढ़ अभियान संयम के साथ निर्णायक जवाब का उदाहरण: सेना की उत्तरी कमान

03 मिनट 32 सेकेंड का वीडियो शेयर करके सेना ने लिखा, ‘ऑपरेशनसिंदूर में दृढ़ कार्रवाई, संयम के निर्णायक प्रतिक्रिया में बदलने का एक उदाहरण थी. आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले और पहलगाम नरसंहार के दोषियों का सफाया, इस क्षेत्र में शांति के लिए हमारी अटूट कोशिश को रेखांकित करता है.

सेना ने वीडियो में दिखाई, कैसे किया गया सैन्य ऑपरेशन

सेना द्वारा जारी वीडियो में ऑपरेशन सिंदूर की पूरी कहानी बताई गई है. वीडियो में की शुरुआत 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरण घाटी के क्रूर नरसंहार से की गई है. वीडियो में रोते-बिलखते पर्यटकों और आतंकियों की फायरिंग दर्शाने के बाद भारत के एक्शन पर जोर दिया गया है.

कैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों सेनाओं के साथ समन्वय किया, कैसे इंडियन आर्मी, एयरफोर्स और नेवी के चीफ ने अपना साझा सैन्य ऑपरेशन तैयार किया और कैसे तीनो चीफ कंट्रोल रूम में रहकर पूरे ऑपरेशन को मॉनिटर करते रहे. 

वीडियो में पाकिस्तानी आतंकियों पर की गई एयरस्ट्राइक को दर्शाया गया है. सटीक मिसाइल अटैक के जरिए लश्कर और जैश आतंकी संगठनों के ठिकानों को तबाह करते दिखाया गया. 

वीडियो में ये भी दिखाया गया कि आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के बाद पाकिस्तान ने जब ड्रोन अटैक किए तो भारत का जवाबी हमला कैसा रहा. पाकिस्तान के एक एक ड्रोन को जमीन पर गिरने से पहले हवा में ही ध्वस्त कर दिया गया. एयर डिफेंस सिस्टम एस 400 के काम करने को भी वीडियो में प्राथमिकता से दिखाया गया है.

वीडियो में दिखाया गया पाकिस्तान का कबूलनामा कि उन्हें पहुंचा नुकसान

नॉदर्न कमांड के इस वीडियो में पाकिस्तानी अधिकारी के उस बयान को सुनाया गया, जिसमें पाकिस्तान ने अपना नुकसान माना था. 

वीडियो में सैन्य एक्शन और पराक्रम दिखा. आपको बता दें कि 22 अप्रैल को हुए अटैक के बाद 06-07 मई की रात में भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च करे आतंकी ठिकानों पर एक्शन लिया था.इस दौरान थल सेना और नेवी भी पूरी तरह से चौकस थीं और एलओसी पर पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंह तोड़ जवाब दिया गया था जिसमें पाकिस्तानी सेना के अधिकारी समेत कई सैनिक हताहत हुए थे.

भारतीय सेना ने सीजफायर का सच भी बताया

सेना के वीडियो में इसके बारे में भी संदेश दिया गया कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कैसे हुआ. भारतीय डीजीएमओ का मैसेज सुनाया गया, जिसमें वो कहते दिखे कि पाकिस्तानी सेना के डीजीएमओ ने कॉल करके सैन्य ऑपरेशन रोकने की गुहार लगाई है. 

आपको बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दावा करते फिर रहे हैं कि उन्होंने सीजफायर करवाया है. लेकिन वीडियो में संघर्ष विराम के बारे में मई महीने का एक क्लिप है, जिसमें भारत के सैन्य अभियान महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई स्पष्ट रूप से कह रहे हैं कि उनके पाकिस्तानी समकक्ष ने प्रस्ताव दिया था कि हम युद्धविराम करें.

ऑपरेशन महादेव की भी दिखी झलक

ऑपरेशन सिंदूर के बाद सबसे ज्यादा चुनौती उन आतंकियों का खात्मा करने की थी, जिन्होंने पर्यटकों को मारा था. उन आतंकियों को अगस्त के महीने में जम्मू-कश्मीर की महादेव की पहाड़ियों पर मारा गया था. सेना के वीडियो में तीनों आतंकियों के खात्मे का भी जिक्र किया गया.

सेना का ये वीडियो को सोशल मीडिया पर डाले जाने के कुछ ही देर बाद ये वायरल हो गया है. कुछ ही मिनटों में इस वीडियो के लाखों व्यूज हो गए हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.