Breaking News Geopolitics Russia-Ukraine War

लीबिया में Russian जहाज तबाह, जयशंकर-लावरोव ने फोन पर की चर्चा

शेनझेन समिट में वैश्विक शांति के संदेश के बावजूद रूस-यूक्रेन की आग लगातार बढ़ती जा रही है. यूक्रेन ने अफ्रीकी देश लीबिया में रूस के एक युद्धपोत सहित दो जहाजों को ड्रोन अटैक से तबाह कर दिया है. गुस्सा रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से फोन पर बात करना कड़ा रुख जताया है.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने खुद लीबिया के पोर्ट सिटी बेंगाज़ी में रूस के जंगी जहाज ‘मर्करी’ को डुबोने की जिम्मेदारी ली है. जेलेंस्की ने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपना बयान जारी करते हुए लिखा कि “रूस के युद्ध के जवाब में यूक्रेन का एक बेहतरीन ऑपरेशन. मैं यूक्रेन की सुरक्षा सेवा और हमारे सभी रक्षा बलों के उन योद्धाओं को धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने इन कार्यों को अंजाम देने में हिस्सा लिया। मुझे कल और आज इस ऑपरेशन के चरणों के बारे में विस्तृत जानकारी मिली – हमने जो लक्ष्य तय किए थे, उन्हें हासिल कर लिया गया है.”

रविवार और सोमवार को बेंगाज़ी बंदरगाह पर एक के बाद एक, 02 जहाजों पर हमला हुआ था. इन हमलों के ड्रोन फुटेज भी सामने आए हैं. एक हमला, बेंगाज़ी तट पर खड़े रूस के मर्करी युद्धपोत पर हुआ था. फुटेज में देखा जा सकता है कि एक आत्मघाती अनमैन्ड बोट (नेवल ड्रोन) तेजी से आकर मर्करी शिप से टकराती है. इस यु्द्धपोत पर रूसी नौसेना का एक कामोव (केए-27) हेलीकॉप्टर भी तैनात, जो हमले में बर्बाद हो गया. मर्करी, रूसी नौसेना के सबसे नए युद्धपोतों में से एक था जिसे 2023 में जंगी बेड़े में शामिल किया गया था. 

रूसी युद्धपोत और कार्गो शिप डुबोने की जेलेंस्की ने ली जिम्मेदारी

बेंगाज़ी पोर्ट पर दूसरा हमला हुआ रुस के मालवाहक जहाज एमवी अंगारा पर. जेलेंस्की का आरोप है कि इस जहाज का इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई के लिए किया जाता था. यूक्रेनी राष्ट्रपति के मुताबिक,  “हमारे योद्धाओं ने यूक्रेन में बने सात नौसैनिक ड्रोन तैनात किए…नतीजा: लक्ष्य पर सटीक प्रहार.”

पिछले चार-पांच साल यानी जब से रूस-यूक्रेन जंग शुरु हुई है, तब से यूक्रेन ने रूसी जंगी बेड़े को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है. रूस ने भी ब्लैक सी में यूक्रेनी कार्गो जहाजों को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है. सोमवार को भी रूस ने ब्लैक सी में यूक्रेन के जहाज के खिलाफ ऑपरेशन किए.

ब्लैक सी और अजोव सी के बाहर भूमध्य-सागर में यूक्रेन का रूस के खिलाफ तीसरा सबसे बड़ा अटैक है. इससे पहले इसी साल मार्च के महीने में भी रूस के एक गैस टैंकर में लीबिया के तट के करीब आग लगने से तबाह हो गया था. इस घटना के पीछे भी यूक्रेन का हाथ माना गया था. वर्ष 2025 में भी रूस की शैडो फ्लीट का हिस्सा रहे एक जहाज को यूक्रेनी ड्रोन ने निशाना बनाया था.

जेलेंस्की के मुताबिक, “हम तय किए गए समुद्री इलाकों में अपने ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं. हम रूस की आक्रामकता का जवाब दे रहे हैं. हम यूक्रेन के अपने हथियार विकसित कर रहे हैं. यूक्रेन की जय हो!”

शेनझेन समिट में पुतिन ने वैश्विक शांति पर दिया था जोर

चीन के शेनझेन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई वार्ता के बाद ऐसा लगने लगा था कि यूक्रेन जंग जल्द समाप्त हो जाएगी. लेकिन लीबिया में रूस के जहाजों पर हुए यूक्रेन अटैक के बाद साफ है कि जंग की आग अभी जल्द खत्म नहीं होने जा रही है. रूस की तरफ से हालांकि, इन हमलों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. रूस के विदेश मंत्री लावरोव ने जरूर भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर को सोमवार शाम फोन किया.

बेंगाज़ी पोर्ट अटैक के बाद लावरोव ने किया जयशंकर को फोन कॉल

फोन कॉल के बाद जयशंकर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि “ताजा हालातों पर रूसी विदेश मंत्री लावरोव से चर्चा की सराहना करता हूं.” रूसी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, फोन पर बातचीत में जयशंकर और लावरोव ने “द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया.”

दरअसल, पिछले हफ्ते, जेलेंस्की ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर जंग के बीच यूक्रेन की खाद्य सुरक्षा को लेकर चर्चा की थी. क्योंकि ब्लैक सी में रूसी हमलों से यूक्रेन के कार्गो शिप की आवाजाही लगभग बंद हो गई है. ऐसे में माना जा सकता है कि लावरोव ने बेंगाज़ी अटैक के साथ-साथ आने वाले दिनों में ब्लैक सी में यूक्रेनी जहाजों को भारत के जरिए कड़ी चेतावनी दी है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.