अमेरिका से भयंकर तनाव के बीच ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में संदिग्ध विस्फोट से हड़कंप मच गया है. धमाका इतना जोरदार था कि दो मंजिला इमारत चंद सेकेंड में ध्वस्त हो गई. ईरानी अधिकारी इस धमाके की जांच में जुट गए हैं और धमाके पर ज्यादा कुछ जानकारी साझा नहीं की जा रही है. हालांकि आईआरजीसी (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर) ने अटैक की अटकलों को खारिज किया है
लेकिन ये विस्फोट ऐसे वक्त में हुआ है, जब खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की सैन्य गतिविधियां तेज हैं और युद्धपोत के जरिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को धमाकाया है.
ईरान के बंदर अब्बास में धमाके के बाद अफरातफरी
ईरान के मुख्य शहर बंदर अब्बास में बड़़ा धमाका हुआ है. विस्फोट बंदर अब्बास शहर के मोअल्लेम बुलेवार्ड इलाके में स्थित एक आठ मंजिला इमारत में हुआ. धमाका इतना तेज था कि इमारत की दो मंजिलें पूरी तरह तबाह हो गईं. आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई गई.
अमेरिकी सैन्य एक्शन की धमकी के बीच हुए इस धमाके के बाद स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई. वहीं सोशल मीडिया पर दावा किया जाने लगा कि जिस इमारत में विस्फोट हुआ है वो ईरानी नौसेना से जुड़ी बिल्डिंग है.
ईरानी नौसेना की इमारत पर हमले की खबर अफवाह: आईआरजीसी
इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने अपना बयान जारी किया है. आईआरजीसी की ओर से कहा गया है, “प्रांत में उनकी नौसेना बलों से संबंधित किसी भी इमारत को निशाना नहीं बनाया गया.”
सोशल मीडिया पर फैली उन रिपोर्टों को “पूरी तरह झूठा” बताया जिनमें दावा किया गया था कि विस्फोट आईआरजीसी नौसेना कमांडर को निशाना बनाकर किया गया था.
आईआरजीसी ने कहा, यह खबरें बेबुनियाद और भ्रामक हैं, और किसी भी सैन्य कमांडर को लक्ष्य नहीं बनाया गया.
रणनीतिक शहर है बंदर अब्बास, दुनिया का 20% तेल यहीं के बंदरगाह से गुजरता है
बंदर अब्बास होर्मुज की खाड़ी पर स्थित है, जो ईरान और ओमान के बीच एक अहम जलमार्ग है. ये शहर रणनीतिक तौर पर बेहद अहम है. दुनिया में जो तेल समुद्र के जरिए भेजा जाता है, उसका लगभग 20 फीसदी इसी बंदरगाह से होकर गुजरता है. रोजाना करीब 100 अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाज इस संकरे रास्ते से गुजरते हैं, जो क्षेत्रीय आर्थिक स्थिरता के लिए जरूरी है.
होर्मुज की खाड़ी में ईरान-अमेरिका आमने सामने
अमेरिका से तनातनी के बीच ईरानी नौसेना रविवार से होर्मुज जलडमरूमध्य में दो दिन का लाइव फायर अभ्यास करेगी. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि “यह अभ्यास सुरक्षित, पेशेवर तरीके से और अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात की स्वतंत्र आवाजाही को खतरे में डाले बिना किया जाना चाहिए.”
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बयान में कहा कि “अमेरिकी सैन्य ठिकानों, जहाजों या विमानों के आसपास आईआरजीसी का कोई भी असुरक्षित या अनप्रोफेशनल व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. समुद्र में किसी भी तरह की उकसाने वाली गतिविधि टकराव और तनाव बढ़ा सकती है.”
हमारी सेना तैयार, हर वार की कड़ी प्रतिक्रिया मिलेगी: ईरानी सेना प्रमुख
ईरानी सेना प्रमुख अमीर हातमी ने देश की सुरक्षा को लेकर सख्त बयान दिया है. उन्होंने कहा कि “किसी भी संभावित हमले का जवाब देने के लिए ईरान की सेनाएं पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं.”

