बांग्लादेश में खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बात करके बधाई दी है. पीएम मोदी ने तारिक रहमान से कहा है कि भारत और बांग्लाेश दो निकट पड़ोसी देश हैं, दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध हैं, जिसे पारस्परिक संबंध मजबूत करके और गहरा किया जाएगा.
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से लेकर यूरोपीय देशों ने बांग्लादेश में बीएनपी की बंपर जीत की सराहना की है और कहा है कि नई सरकार आने के बाद बांग्लादेश पटरी पर लौट सकेगा.
पीएम मोदी और तारिक रहमान के बीच क्या बात हुई?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर जानकारी दी है कि उन्होंने तारिक रहमान से बातचीत की और बांग्लादेश के चुनावों में उनकी उल्लेखनीय जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई दी.
पीएम मोदी ने लिखा कि, “तारिक रहमान के नए नेतृत्व में बांग्लादेश विकास और स्थिरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगा. भारत और बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते बेहद गहरे हैं. इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत ने दोनों देशों के लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के प्रति मिलकर काम करेंगे.”
प्रधानमंत्री मोदी ने इस जीत को बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक विश्वास का प्रतीक बताया.
भारत संग संबंधों पर बीएनपी ने क्या प्रतिक्रिया दी?
पीएम मोदी की बधाई पर बीएनपी ने खुशी जाहिर की है. बीएनपी ने पीएम मोदी के एक्स पर लिखे गए पोस्ट को शेयर भी किया है.
बीएनपी ने भारत के साथ संबंधों को सुधारने के संकेत दिए हैं. बीएनपी की स्थायी समिति के सदस्य और 2026 चुनाव के मुख्य समन्वयक नजरुल इस्लाम खान ने तारिक रहमान और पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत-बांग्लादेश के संबंधों में मजबूती आने की उम्मीद जताई है.
नजरूल ने कहा, “यह बहुत अच्छी बात है कि एक लोकतांत्रिक देश को जनता के फैसले को मान्यता देनी चाहिए, और श्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा किया है. हम उन्हें धन्यवाद देते हैं. हम पार्टी की ओर से भी उन्हें धन्यवाद देते हैं, और हमारा मानना है कि हमारे नेता श्री तारिक रहमान के नेतृत्व में इन दो देशों और इन दो देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत होंगे.”
वहीं बीएनपी मीडिया सेल के सदस्य कबीर खान ने कहा, “हम भारत के प्रधानमंत्री से मिली बधाई का स्वागत करते हैं और उनका आभार व्यक्त करते हैं. हम उनके (पीएम मोदी के) समर्थन के लिए आभारी हैं और बांग्लादेश के हित में उनके साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने की उम्मीद करते हैं. अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ मिलकर काम करना, हमारे बीएनपी चेयरमैन (तारिक रहमान) द्वारा निर्धारित दृष्टिकोण को लागू करने का लक्ष्य है.”
बांग्लादेश के साथ व्यावहारिक और रणनीतिक पार्टनरशिप गहरी करेंगे: चीन
चीन ने भी बांग्लादेश में बीएमपी की जीत पर प्रतिक्रिया दी है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा, “चीन दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के मकसद से बांग्लादेश के साथ काम करने के लिए तत्पर है. लिन जियांग ने कहा, बीजिंग बांग्लादेश के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक है, ताकि दोनों पक्षों के बीच व्यावहारिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को गहरा किया जा सके.”
तारिक रहमान की जीत पर अमेरिका ने क्या कहा
ढाका स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी बीएनपी और तारिक रहमान को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी और कहा कि “अमेरिका बांग्लादेश के साथ विकास और सुरक्षा के साझा लक्ष्यों पर काम करने को तैयार है.”

