Acquisitions Breaking News Defence

नौसेना का प्रोजेक्ट 17A पूरा, GRSE ने सौंपा विंध्यागिरी युद्धपोत

कोलकाता के जीआरएसई शिपयार्ड ने नीलगिरि श्रेणी (प्रोजेक्ट 17 ए) का सातवां एवं अंतिम युद्धपोत आईएनएस विंध्यगिरी बनाकर भारतीय नौसेना को सौंप दिया है. परियोजना 17ए के अंतर्गत निर्मित सभी 07 स्टील्थ फ्रीगेट (जहाज) बहुउद्देशीय युद्धपोत हैं, जो विभिन्न प्रकार के समुद्री अभियानों को पूरा करने में सक्षम हैं. इन्हें समुद्री क्षेत्र में वर्तमान एवं भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है.

आईएनएस नीलगिरी का निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) द्वारा किया गया है. इसके साथ ही परियोजना 17 ए के अंतर्गत सभी सात युद्धपोतों की सुपुर्दगी सफलतापूर्वक पूर्ण हो गई है. यह उपलब्धि स्वदेशी युद्धपोत अभिकल्पना एवं निर्माण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता, आत्मनिर्भरता और रक्षा विनिर्माण में सशक्त होती स्वदेशी भागीदारी का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है.

कर्नाटक की विंध्यगिरी पर्वत श्रृंखला के नाम पर इस युद्धपोत का नामकरण किया गया है. इसका यह नाम इसके पूर्ववर्ती जहाज आईएनएस विंध्यगिरी की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाता है, जो लीएंडर श्रेणी का युद्धपोत था. पुराना आईएनएस विंध्यगिरी 8 जुलाई 1981 से लेकर 11 जून 2012 तक भारतीय नौसेना का हिस्सा रहा और उसने 31 वर्षों तक राष्ट्र की निष्ठापूर्वक सेवा की थी. अब नया विंध्यगिरी अत्याधुनिक तकनीकों एवं उन्नत प्रणालियों से सुसज्जित है, जो नौसैनिक अभिकल्पना, गोपनीय संचालन शक्ति, मारक क्षमता, स्वचालन व प्रतिकूल परिस्थितियों में परिचालन क्षमता के क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण प्रगति को प्रदर्शित करता है. इसके साथ ही, यह स्वदेशी युद्धपोत अभिकल्पना एवं निर्माण के क्षेत्र में भी भारत की बढ़ती सामर्थ्य और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है. 

प्रोजेक्ट17ए के सभी 07 युद्धपोत शिवालिक क्लास से उन्नत

भारतीय नौसेना के वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो (डब्ल्यूडीबी) द्वारा अभिकल्पित और युद्धपोत पर्यवेक्षण दल (कोलकाता) की निगरानी में निर्मित परियोजना 17ए के जहाज स्वदेशी युद्धपोत अभिकल्पना, गोपनीय संचालन क्षमता, उत्तरजीविता एवं युद्धक शक्ति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पीढ़ीगत प्रगति का प्रतिनिधित्व करते हैं.  प्रोजेक्ट 17 (शिवालिक श्रेणी) के युद्धपोतों की तुलना में इन जहाजों में हथियारों एवं संवेदकों की अधिक उन्नत प्रणालियां स्थापित की गई हैं. इनमें संयुक्त डीजल अथवा गैस टरबाइन प्रणोदन प्रणाली (सीओडीओजी) का उपयोग किया गया है, जिसमें एक डीजल इंजन और एक गैस टरबाइन शामिल हैं. ये दोनों प्रणालियां प्रत्येक शाफ्ट पर स्थापित परिवर्तनीय पिच प्रोपेलर (सीपीपी) को संचालित करती हैं.  

इसके अतिरिक्त, इन युद्धपोतों में अत्याधुनिक एकीकृत प्लेटफॉर्म प्रबंधन प्रणाली (आईपीएमएस) भी स्थापित की गई है, जो विभिन्न पोत प्रणालियों के प्रभावी नियंत्रण एवं निगरानी में सहायक है. उन्नत हथियार प्रणालियों, अत्याधुनिक संवेदकों और आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित ये युद्धपोत सतह-रोधी संघर्ष, वायु-रोधी युद्ध तथा पनडुब्बी-रोधी कार्रवाई के तीनों प्रमुख क्षेत्रों में भारतीय नौसेना की बहुआयामी युद्धक क्षमता को उल्लेखनीय रूप से सुदृढ़ करते हैं.

07 जंगी जहाज जीआरएसई ने बनाए, 03 बनाए एमडीएल ने

विंध्यगिरी का सौंपा जाना भारतीय नौसेना के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. परियोजना 17 ए फ्रिगेट में पहले ‘आईएनएस नीलगिरि’ की सुपुर्दगी के मात्र 23 महीनों के भीतर सभी सात 17ए फ्रिगेट जहाज भारतीय नौसेना को सौंप दिए गए. इसके अतिरिक्त, परियोजना 17 ए के अंतर्गत पूर्ववर्ती छह युद्धपोतों के निर्माण से प्राप्त अनुभव एवं तकनीकी दक्षता के परिणामस्वरूप ‘विंध्यगिरि’ के निर्माण की अवधि घटाकर 68 महीने कर दी गई, जबकि इस श्रेणी के पहले युद्धपोत ‘आईएनएस नीलगिरि’ के निर्माण में 84 महीने लगे थे.

प्रोजेक्ट 17ए के तहत जीआरएसई ने चार (04) युद्धपोत का निर्माण किया है और बाकी तीन (03) मुंबई स्थित मझगांव डॉकयार्ड लिमिटेड (एमडीएल) ने किया है. जीआरएसई ने विंध्यागिरी के अलावा दूनागिरी, हिमगिरी और महेंद्रगिरी का निर्माण किया है. जबकि एमडीएल ने नीलगिरी, उदयगिरी और तारागिरी का निर्माण किया है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.