Breaking News Defence IOR Reports

नौसैनिकों की सेवाओं से जमीन पर खुशहाली, राष्ट्रपति ने कैडेट-ऑफिसर्स को दिया सफलता का मंत्र

देश की राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सुप्रीम कमांडर द्रौपदी मुर्मू ने समंदर में तैनात नौसैनिकों को याद दिलाया है कि उनकी सेवा का संबंध जमीन पर रहने वाले लोगों के जीवन से भी है और यह प्रत्यक्ष रूप में उनकी सुरक्षा, समृद्धि तथा खुशहाली में योगदान देती है. क्योंकि वैश्विक व्यापार का एक बड़ा हिस्सा समुद्री मार्गों से होकर गुजरता है।

राष्ट्रपति के मुताबिक, समुद्री मार्गों की सुरक्षा राष्ट्रों की आर्थिक खुशहाली और उनके नागरिकों के सामान्य जीवन से गहराई से जुड़ी हुई है. जहाजों की आवाजाही में किसी भी प्रकार का व्यवधान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है, लागत बढ़ा सकता है और अंततः जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल सकता है.

शनिवार को राष्ट्रपति मुर्मू ने केरलम के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में ऑटम टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड के निरीक्षण के दौरान नौसैनिकों को संबोधित करते हुये साफ तौर से कहा कि आज की परस्पर जुड़ी हुई दुनिया में समुद्री क्षेत्र का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है.

427 ट्रेनिंग कैडेट्स की हुई पासिंग आउट परेड, 09 मित्र-देशों के 18 कैडेट्स भी शामिल

शनिवार की पासिंग आउट परेड में 69 महिला प्रशिक्षुओं सहित कुल 427 प्रशिक्षुओं का कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा हुआ. भव्य परेरा परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं ने अपना ‘अंतिम पग’ पूरा किया. यह उनके सैन्य जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और मित्र देशों की नौसेनाओं में कमीशन प्राप्त अधिकारी के रूप में उनकी सेवा की शुरुआत का प्रतीक है. इस बैच में बांग्लादेश, केन्या, मलावी, मालदीव, म्यांमार, ओमान, सेशेल्स, तंजानिया और तिमोर-लेस्ते सहित कुल 09 मित्र-देशों के 18 प्रशिक्षु भी शामिल थे. उनकी भागीदारी से विभिन्न देशों के समुद्री बलों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों और पेशेवर सहयोग को बढ़ावा देने में अकादमी की भूमिका और मजबूत हुई है.

नेतृत्व का अर्थ केवल आदेश देना नहीं, उदाहरण प्रस्तुत करना भी

राष्ट्रपति ने कहा कि युवा कैडेटों की सत्यनिष्ठा, पेशेवर दक्षता, साहस और संवेदनशीलता ही भारतीय नौसेना के स्‍वरूप को निर्धारित करेंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें अक्सर दबाव की परिस्थितियों में कठिन निर्णय लेने होंगे. उन्होंने कैडेटों को सलाह दी कि वे हमेशा यह याद रखें कि नेतृत्व का अर्थ केवल आदेश देना नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी निभाना, स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना और अपने साथ सेवा करने वाले कर्मियों के साथ दृढ़ता से खड़े रहना भी है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनका प्रशिक्षण, परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता और प्रतिबद्धता उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करेगी. (https://x.com/rashtrapatibhvn/status/2126645131105452218?a=P4-qEm4BCOSWNcuftaY&s=46)

राष्ट्रपति ने कहा कि कैडेटों द्वारा धारण की जाने वाली वर्दी में एक अरब से अधिक भारतीयों का विश्वास और अपेक्षाएं निहित हैं. प्रत्येक नागरिक हमारी सशस्त्र सेनाओं की ओर विश्वास और गर्व के साथ देखता है. उन्होंने युवा कैडेटों से भारतीय नौसेना की सर्वोच्च परंपराओं को बनाए रखने का आग्रह किया. 

महिला ट्रेनिंग कैडेट्स में भी सुप्रीम कमांडर ने भरा जोश

इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने भारतीय तटरक्षक बल तथा मित्र देशों के प्रशिक्षुओं सहित सभी प्रशिक्षुओं को अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं में अनेक बेटियां भी शामिल हैं. उनकी उपस्थिति पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है. राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी उपलब्धियां अनेक अन्य युवा बेटियों को बड़े सपने देखने और राष्ट्र की सेवा में चुनौतीपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेंगी.

समारोह में केरल के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन और दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे. इनके अलावा, विदेशी सैन्य अताशे, प्रशिक्षक, प्रशिक्षण स्टाफ तथा प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं के गौरवान्वित माता-पिता व परिवारजन भी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.