अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेसकॉन्फ्रेंस करके ईरान को दी है सीधी धमकी. ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वो चाहे तो एक ही रात में ईरान का खात्मा कर सकते हैं. और ईरान के लिए वो आखिरी रात मंगलवार हो सकती है.
ट्रंप ने होर्मुज खोलने को लेकर ईरान आखिरी अल्टीमेटम दिया है. ट्रंप ने कहा, अगर मंगलवार रात 8 बजे से पहले होर्मुज स्ट्रेट नहीं खुला तो वो ईरान में तबाही का दरवाजा खोल देंगे. ट्रंप की धमकी ऐसे वक्त में आई है, जब कहा जा रहा था कि अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम पर सहमति आखिरी चरण में है.
हालांकि पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका ने जो प्रस्ताव भेजे हैं, उसे ईरान खारिज कर चुका है. ईरान ने कहा है, हमारी तैयारी पूरी है. हमारी शर्तों के बिना युद्धविराम नहीं होगा. अमेरिका को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा.
एक मिनट में हजारों कमांडो कर देंगे ईरान पर अटैक: ट्रंप
व्हाइट हाउस में प्रेसकॉन्फ्रेंस करके ट्रंप ने अमेरिकी सेना की तारीफ की और ईरान को कयामत की रात वाली धमकी दी है. ट्रंप ने कहा, “अगर जरूरत पड़ी तो एक ही रात में पूरे ईरान को खत्म किया जा सकता है, और यह हमला कभी भी हो सकता है.”
ट्रंप बोले, “अगर ईरान तय समय तक होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलता, तो उसके बिजली घर, पुल और दूसरे जरूरी ढांचे पर बड़े हमले किए जाएंगे. अमेरिका ईरान के खिलाफ युद्ध में अच्छा कर रहा है.”
ट्रंप ने बताया कि “हजारों अमेरिकी कमांडो एक इशारे का इंतजार कर रहे हैं, अगर ईरान ने सरेंडर नहीं किया और अमेरिका की बात नहीं मानी तो कमांडो टूट पड़ेंगे और वो ईरान की बर्बादी की रात होगी. वो रात कभी भी हो सकती है. कल (मंगलवार) भी हो सकती है.”
अमेरिकी का ओर से ईरान को भेजा गया प्रस्ताव
अमेरिका की ओर से दावा किया गया है कि ईरान ने जंग को खत्म करने के लिए अमेरिका के प्रस्ताव पर 10 प्वाइंट का जवाब भेजा है. लेकितन ईरान ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है. सुप्रीम लीडर की ओर से कहा गया है कि ईरान अपनी शर्त पर ही युद्धविराम मानेगा. अमेरिका ने पाकिस्तान के माध्यम से ईरान को अपना प्रस्ताव भेजा था. लेकिन ईरान इस अमेरिकी प्रस्ताव को गंभीरता से नहीं ले रहा.
आपको बता दें कि इस युद्ध को रोकने के लिए पाकिस्तान, मिस्र, तुर्किए समेत कई देश मध्यस्थता कर रहे हैं. चीन और सऊदी भी सक्रिय हैं, लेकिन अंतिम फैसला ईरान को करना है.
हमें स्थायी समाधान चाहिए, हमारी शर्तों के बिना युद्धविराम नहीं
ईरान ने युद्ध खत्म करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर सोमवार को पाकिस्तान के माध्यम से 10-सूत्रीय प्रतिक्रिया भेजी है. इस प्रतिक्रिया में ईरान ने अस्थायी सीजफायर को खारिज कर दिया है. ईरान ने कहा है कि वो अपनी शर्तों पर ही युद्ध खत्म करेंगे.
ईरान ने कहा है कि “वह सिर्फ सीजफायर के लिए तैयार नहीं है. वह एक स्थायी समाधान चाहता है जिसमें शामिल है- क्षेत्रीय लड़ाई का अंत, प्रतिबंधों से राहत, पुनर्निर्माण का समर्थन, होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित ट्रांजिट के लिए नियम.”
क्या है अमेरिका का प्रस्ताव, जिसे ईरान ने किया खारिज
ईरान और क्षेत्रीय मध्यस्थ टू-फेज डील पर चर्चा कर रहे हैं. इसमें पहले 45 दिन का सीजफायर. इसके बाद जंग खत्म करने के लिए रोडमैप तैयार करने की बात कही गई है. ईरान परमाणु हथियार न बनाने की गारंटी देगा. बदले में अमेरिका ईरान पर लगे प्रतिबंध हटाएगा और जब्त की गई सारी संपत्तियां छोड़ दी जाएंगी. होर्मुज स्ट्रेट के लिए एक क्षेत्रीय सहमति का भी जिक्र किया गया है.
लेकिन ईरान अपने नुकसान की भरपाई चाहता है. ईरान का कहना है कि “परमाणु कार्यक्रम पर किसी भी समझौते से पहले उस पर हो रहे हमले पूरी तरह बंद होने चाहिए. ईरान का कहना है कि “जब तक अमेरिका और इजराइल हमले करते रहेंगे, तब तक वह सीधी बातचीत में शामिल नहीं होगा.”

