Breaking News Middle East War

क्या खत्म हो जाएगी फारसी सभ्यता, ट्रंप का बड़ा ऐलान

“आज रात एक पूरी सभ्यता की मौत होगी, जिसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा.” अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी गई डेडलाइन खत्म होने से पहले एक बार फिर दिया है बड़ा बयान. अमेरिका-ईरान के बीच चल रहा युद्ध का 39वां दिन सबसे भारी पड़ता दिख रहा है.

होर्मुज स्ट्रेट के करीब खार्ग द्वीप पर धमाके होने शुरु हो गए हैं. ट्रंप हैं जो चाहते हैं कि ईरान प्रस्ताव मान ले और युद्ध खत्म कर दें. लेकिन ईरान ने अमेरिका के सामने झुकने से मना कर दिया है.

ट्रंप के ताजा बयान से दुनिया में टेंशन बढ़ गई है. क्योंकि माना जा रहा है कि ईरान पर मंगलवार की रात बहुत भयंकर पड़ने वाली है. वहीं ट्रंप की चेतावनी की गंभीरता इसलिए और बढ़ रही है क्योंकि वॉशिंगटन डीसी के करीब डूमस्डे प्लेन ने उड़ान भरी है. डूमस्डे प्लेन आसमान में चलता फिरता वॉर रूम है, जिसपर किसी भी तरह का परमाणु हमला असर नहीं करेगा. माना जा रहा है कि ईरान पर अटैक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और सभी टॉप कमांडर्स और मंत्रियों को डूमस्डे प्लेन में बैठाया जाएगा.

आज ईरान में जो होगा, उसे वापस नहीं लाया जा सकेगा: ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ईरान को फाइनल धमकी दी है. ट्रंप ने लिखा, – “आज रात एक पूरी सभ्यता मर जाएगी, जिसे दोबारा कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा. मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन संभवतः ऐसा होगा. हालांकि, अब जब हमारे पास पूर्ण और संपूर्ण सत्ता परिवर्तन है,  जहां अलग, होशियार और कम कट्टरपंथी दिमाग मौजूद हैं, तो शायद कुछ क्रांतिकारी रूप से अद्भुत हो सकता है, कौन जानता है? आज रात हम दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक का पता लगाएंगे. 47 साल की जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का अंत आखिरकार होगा. ईश्वर ईरान के महान लोगों की रक्षा करे!”

ट्रंप ने सोमवार को भी व्हाइट हाउस में प्रेसकॉन्फ्रेंस करके ईरान को डेडलाइन याद दिलाई थी. ट्रंप ने कहा है कि “मंगलवार रात  8 बजे तक अगर ईरान ने डील नहीं मानी तो उसके बाद ईरान में भयंकर तबाही मचाएंगे. पुल, प्लांट सब तबाह कर देंगे और ईरान के पास एक भी पावर प्लांट  नहीं बचेंगे.” 

युद्ध कैसे समाप्त करना है, ये ईरानी लोगों पर निर्भर: जेडी वेंस

अमेरिका-ईरान के बीच मध्यस्थता की कड़ी अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के मुताबिक, ईरान युद्ध खत्म होने वाला है.

वेंस ने कहा, “जल्द ही ईरान युद्ध का अंत होने वाला है. ईरान युद्ध के सैन्य उद्देश्य पूरे हो चुके हैं. यह संघर्ष बहुत जल्द समाप्त होने की उम्मीद है. युद्ध का अंत कैसे होगा यह ईरानी लोगों पर निर्भर करता है. अमेरिका ने ईरान की सैन्य क्षमताओं और प्रमुख समुद्री मार्गों को खतरा पहुंचाने की उसकी क्षमता को कमजोर कर दिया है.”

डेडलाइन से पहले खार्ग द्वीप पर ताबड़तोड़ हमले

अमेरिका और इजरायल ने ईरान के रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है. अमेरिका ने ईरान के खार्ग आइलैंड पर 50 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर हमले किए है. खार्ग आइलैंड ईरान का सबसे बड़ा तेल निर्यात केंद्र है,  और होर्मुज तक पहुंच का अहम स्थान है.

आईआरजीसी ने अमेरिका को लक्ष्मण रेखा पार न करने की चेतावनी दी है. ईरान के कोम प्रांत के डिप्टी गवर्नर मोर्तेजा हेदरी ने पुष्टि की कि मंगलवार को अमेरिका और इजरायल ने ईरान के कोम शहर के पास एक पुल पर हमला किया.  इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई. हमला यहया आबाद रेलवे पुल पर किया गया. यह पुल मध्य ईरान में स्थित है.

वहीं अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा है कि “ईरान समझदारी से फैसला करे, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मजाक नहीं करते. अगर उन्होंने कयामत की रात लाने की बात कही है, तो वो होगी.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *