By Nalini Tewari
रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की तमाम कूटनीतिक कोशिशें फेल नजर आ रही हैं, क्योंकि दोनों देशों में सैन्य वार और पलटवार आक्रामकता से किया जा रहा है. पिछले 48 घंटे में दूसरी बार ब्लैक सी में रूस और यूक्रेन ने ताजा हमला किया, तो बदले में रूसी सेना ने कीव पर ताबड़तोड़ मिसाइल दाग कर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बर्थडे गिफ्ट दिया है.
यूक्रेन ने मंगलवार को रूस के रिजॉर्ट सिटी सोची के करीब ड्रोन हमला करके रूसी टैंकर को निशाना बनाया था, जिस जहाज पर हमला किया गया, उसमें 23 भारतीय सवार थे. हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और काला धुआं चारों ओर देखा गया. हालांकि रूस ने फौरन एक्शन लेते हुए सभी लोगों को बचा लिया है.
इस हमले से ठीक पहले काला सागर में एक और कार्गो जहाज पर हमला किया गया था, हमले में एक भारतीय जख्मी हुआ जबकि दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई थी.
पिछले कुछ हफ्तों में रूस-यूक्रेन के बीच जंग और बढ़ चुकी है, यूक्रेन एक के बाद एक ड्रोन हमले करके रूस के रिफाइनरियों और तेल-गैस आपूर्ति जैसी संरचनाओं को निशाना बना रहा है, तो बदले में रूसी सेना भी कीव को कड़ा जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले कर रही है.
कीव पर रूस ने दागी मिसाइलें मचा हड़कंप
ब्लैक सी में लगातार हमलों के बाद रूस ने कीव पर भी हमले तेज कर दिए हैं. रूस ने 7 अक्टूबर की रात में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 74वें जन्मदिन के मौके पर कीव में मिसाइल और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमले किए हैं. रूस ने कीव के इन्फ्रास्ट्रक्चर्स पर हमला किया है, जिसमें अहम पुल शामिल हैं. सुबह करीब 3:15 बजे कीव में 10-12 धमाके सुने गए. यूक्रेन की राजधानी कीव में आग की लपटें और धुआं देखा गया. साथ ही ओबोलॉन जिले में एक अज्ञात “गैर-आवासीय इलाके” में हमला हुआ, जबकि पोडिल जिले में गोदामों को निशाना बनाया गया. इसके अलावा शेवचेंकिव्स्की और डार्नित्स्की जिलों में भी धुआं उठता देखा गया.
मंगलवार को ब्लैक सी में फिर हुआ हमला, 23 भारतीयों का रेस्क्यू
यूक्रेन ने ब्लैक सी में लाइबेरिया का झंडा लगे जहाज को टारगेट किया है. ये जहाज रूस से जुड़ा था. हमले के बाद जहाज में आग लग गई और दूर दूर तक लपटें और काला गुबार देखा गया. हमला रूस के दक्षिणी तट के पास सोची शहर के करीब किया गया था. तेज आग और काले धुएं को देखते हुए एहतियातन अधिकारियों ने समुद्र तटों और तटीय इलाकों के कुछ हिस्सों में लोगों के जाने पर रोक लगा दी. बीच (समंदर तट) पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई. लोगों को घर के अंदर रहने और खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी गई.
रूस के ट्रांसपोर्ट मंत्रालय ने बताया कि “लाइबेरिया के झंडे वाले इस टैंकर पर काला सागर में हमला किया गया. आग इतनी भीषण थी कि फायरफाइटर्स तुरंत उस पर काबू नहीं पा सके, लेकिन जहाज पर मौजूद सभी 23 क्रू सदस्यों को बचा लिया गया. ये सभी भारतीय नागरिक थे.”
यूक्रेन का कहना है कि ये हमले यूक्रेनी शहरों पर मॉस्को के लगातार हमलों का जवाब हैं. रूस ने हाल ही में रोमानियाई तट के पास यूक्रेनी सामान ले जा रहे अनाज के जहाजों पर अटैक किया था, जबकि यूक्रेन ने रूस के तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है.
ब्लैक सी में हुए हमले पर भारत ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
इस ताजा हमले से एक दिन पहले भी ब्लैक सी में जहाज पर निशाना साधा गया था. इस हमले में 3 भारतीयों की बाल-बाल जान बच गई, जबकि दो विदेशी नागरिकों की मौत हुई थी. जयशंकर ने कहा, “काला सागर से लेकर खाड़ी क्षेत्र तक आम नागरिकों के जहाजों पर हमला पूरी तरह से अस्वीकार्य है. यूएन में गतिरोध बना हुआ है और कुछ देश इसके सुधारों का विरोध कर रहे हैं. हमारा मानना है कि रूस-यूक्रेन विवाद को सुलझाने का रास्ता बातचीत और कूटनीति ही है.”

