Breaking News Middle East War

हूती का सऊदी एयरपोर्ट पर हमला, दिल्ली-रियाद फ्लाइट वापस लौटी

सऊदी अरब में हालात बेहद बिगड़ चुके हैं. यमन के हूती लगातार सऊदी अरब के हवाईअड्डों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहे हैं. वहीं सऊदी अरब की ओर से भी हूतियों पर लगातार टारगेट किया जा रहा है. मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों के लिए बेहद अहम एडवायजरी जारी की है.

इस बीच हूतियों के रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले के दावे के बाद नई दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट लौट आई। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर तक उड़ानें रोक दी हैं.

आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच सैन्य संघर्ष जारी है. और मक्का पैक्ट के तहत तुर्किए और पाकिस्तान की सेना सऊदी अरब की मदद करने को तैयार है. वहीं हूती विद्रोहियों के पीछे ईरान है जो हथियार, मिसाइल और ड्रोन समेत सभी तरह की मदद पहुंचा रहा है. पिछले 24 घंटों में हूती और सऊदी अरब के बीच जंग बेहद बढ़ चुकी है. सऊदी अरब में लगातार धमाके सुने गए हैं, हूतियों ने सऊदी अरब के कई हवाईअड्डों पर हमला किया है, जिसके बाद कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं. लोग दहशत में हैं, जिसके बाद भारतीयों को लेकर सरकार ने एडवायजरी जारी की हैं.

सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों के लिए एडवायजरी में क्या कहा गया

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने 8 अक्तूबर 2026 को एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी की गई है. दूतावास ने भारतीयों को पूरी तरह सतर्क रहने, जरूरत पड़ने पर घरों के अंदर ही रहने और किसी भी तरह के वीडियो या खबरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट न करने की सख्त सलाह दी है.

दरअसल सोशल मीडिया को लेकर दूतावास ने ये समझाने की कोशिश है कि अगर भारतीय नागरिक किसी भी वीडियो या खबर को सोशल मीडिया पर शेयर, रीपोस्ट या प्रसारित करते हैं तो इससे कानून-व्यवस्था से जुड़ी मुश्किलें बढ़ सकती हैं. दरअसल सऊदी अरब में कानून व्यवस्था बेहद सख्त है और बिना पुष्टि वाली संवेदनशील खबरों या वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है.

दूतावास की तरफ से आए आधिकारिक बयान सीधे तौर पर भारतीयों को अलर्ट रहने और दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है.

एडवायजरी में कहा गया है कि, “भारतीय स्थानीय प्रशासन द्वारा आधिकारिक माध्यमों से दिए जा रहे सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें.”

हम सऊदी अरब के हालात पर रख रहे हैं नजर:  भारतीय दूतावास

भारतीय दूतावास ने नागरिकों को यकीन दिलाया है कि ताजा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी सेवाएं बिना किसी रुकावट के चालू हैं. रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ-साथ वीएफएस  के माध्यम से दी जाने वाली आउटसोर्स सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं.

दूतावास ने बताया है कि “जैसे-जैसे जरूरत होगी, वे समय-समय पर नई जानकारियां और ताजा एडवाइयरी जारी करते रहेंगे. किसी भी नागरिक को घबराने की जरूरत नहीं है. भारतीय केवल आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा करें, किसी भी तरह की अफवाह पर यकीन न करें.”

दूतावास ने कहा है कि “भारतीयों की सहायता के लिए प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र की 24×7 हेल्पलाइन लगातार सक्रिय है. भारतीय नागरिक किसी भी समय टोल फ्री नंबर 8002471234 पर कॉल करके सीधे सहायता प्राप्त कर सकते हैं.”

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रोकी उड़ानें

नई दिल्ली से सऊदी अरब की राजधानी रियाद जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हूतियों के हमले की खबर के बाद बीच रास्ते से लौटना पड़ा. फ्लाइट की वापसी का फैसला ऐसे वक्त में लिया गया जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नए मिसाइल हमले का दावा किया.

एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद से आने-जाने वाली अपनी उड़ानें 10 अक्टूबर 2026 तक रोक दी हैं.

वहीं इंडिगो और अकासा एयर ने भी रियाद के लिए अपनी फ्लाइट कैंसिल कर दी हैं.

रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 8 अक्टूबर को यात्रियों के लिए ट्रैवल अलर्ट जारी किया जिसके बाद एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई. अलर्ट के मुताबिक, “एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से सीधे संपर्क कर उड़ान की स्थिति की पुष्टि करें.”

एयरपोर्ट के इस अलर्ट को सऊदी अरब में स्थित भारतीय दूतावास ने भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.