ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद भारतीयों को लेकर एडवायजरी जारी की गई है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने भारतीयों से कहा है कि जो भारतीय नागरिक इस समय ईरान में हैं, वो अगले 48 घंटे तक जहां हैं, वहीं रहें. सुरक्षित जगह पर शरण लें और कहीं भी आने-जाने से बचें.
विदेश मंत्रालय की सलाह से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि तेहरान में मौजूदा समय में हालात बेहद गंभीर हैं. किसी भी वक्त ट्रंप की आदेश होगा और ईरान पर कहर टूट पड़ेगा. लेकिन ईरान ने भी साफ कर दिया है कि अमेरिका को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा. यानि ईरान भी कड़ा पलटवार करने को तैयार बैठा हुआ है.
ऐसे में भारत भी एक्शन में है और ईरानी शहरों में रह रहे भारतीयों को लेकर सलाह जारी की है.
भारतीयों को सुरक्षित रहने की सलाह, भारतीय दूतावास अलर्ट
ईरान की सभ्यता खत्म करने की ट्रंप की धमकी के बाद मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बदल रहे हैं. विदेश मंत्रालय ने ईरान में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अगले 48 घंटे तक भारतीय घर में ही रहें. कहीं भी आने-जाने से पहले भारतीय दूतावास से संपर्क कर लें.
इसके अलावा दूतावास ने भारतीय नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे बढ़े हुए जोखिम के कारण बिजली के प्रतिष्ठानों, सैन्य ठिकानों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहें.
एडवाइजरी को दोहराते हुए दूतावास ने कहा, “पिछले निर्देशों के अनुसार, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को अगले 48 घंटों तक वहीं रहना होगा, बिजली के उपकरणों, सैन्य प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहना होगा, घर के अंदर ही रहना होगा और राजमार्ग पर आवागमन के लिए दूतावास से सख्ती से समन्वय करना होगा.”
भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की तरफ से कहा गया है कि “सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे आधिकारिक अपडेट पर बारीकी से नजर रखें. इसके अलावा दूतावास ने जरूरतमंद नागरिकों की सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिसपर किसी भी वक्त कॉल करके मदद मांगी जा सकती है.
ये आपातकालीन नंबर हैं-
- +989128109115
- +989128109102
- +989128109109
- +989932179359
दूतावास ने ईमेल भी जारी किया है. दूतावास ने कहा है कि ईमेल जरिए भी संपर्क किया जा सकता है.
- ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in
ट्रंप का अल्टीमेटम, ईरान में कयामत की रात
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी खत्म नहीं की, तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं. ईरान को भारतीय समय के अनुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे तक की समयसीमा दी है.
ईरान ने भी ट्रंप की धमकी पर पलटवार किया है कहा है कि हम तैयार हैं. धमकी का जवाब देने के लिए. आईआरजीसी ने बयान जारी करके कहा है कि हर स्थिति को संभालेंगे, दुश्मन को करारा जवाब देंगे.
हालांकि इस तल्खी भरे समय में पर्दे के पीछे कई देशों के माध्यम से अमेरिका और ईरान अप्रत्यक्ष तौर से संपर्क में हैं. बातचीत के माध्यम से सीजफायर की कोशिश की जा रही है.

