Breaking News Russia-Ukraine War

वार-पलटवार, युद्धबंदी और रूस-यूक्रेन के बीच लुका डिप्लोमेसी

जंग के दौरान ताबड़तोड़ हमलों के बीच रूस और यूक्रेन ने 160-160 युद्धबंदियों की अदला-बदली की है. यूएई की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन ने युद्ध के दौरान बंदी बनाए गए सैनिकों की रिहाई की. 

जानकारी के मुताबिक, बेलारूस के बॉर्डर पर रूस और यूक्रेन ने सैनिकों की अदला-बदली की है. दोनों देशों ने युद्धबंदियों की रिहाई के वीडियो भी जारी किए हैं. स्वदेश लौटने पर सैनिकों ने अपने-अपने साथी सैनिकों और घरवालों से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान युद्धबंदियों की भावनाएं जाग गई और आंखों में आंसू छलक पड़े. सैनिकों ने अपने साथियों और परिवारवालों को गले लगा लिया. यूएई ने पहले भी रूस और यूक्रेन के युद्धबंदियों की अदला-बदली में अहम भूमिका निभाई है.

जेलेंस्की ने रूस से युद्ध रोकने का किया आह्वान

इस बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस से जंग रोकने का आह्वान किया है. जेलेंस्की ने कहा कि “रूस को यूक्रेन से अपनी जंग खत्म करके बाहर निकलना चाहिए – हम कोई जंग नहीं चाहते.” यूक्रेनी राष्ट्रपति ने जंग खत्म करने के लिए ‘पार्टनर’ देशों के सामने प्रस्ताव रखने की बात कही है. जेलेंस्की ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर “पुतिन के दोस्तों ने भी हमसे सुना है कि बैठक हो सकती है और इस जंग को खत्म किया जा सकता है. अब रूस को शांति की दिशा में वह कदम उठाना चाहिए.”

पुतिन-जेलेंस्की के बीच लुकाशेंको डिप्लोमेसी

माना जा रहा है कि जेलेंस्की ने बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको को पुतिन के दोस्त के तौर पर संबोधित किया है. क्योंकि एक दिन पहले, बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में जेलेंस्की के प्रतिनिधियों ने लुकाशेंको से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद, लुकाशेंको ने बेलारूस में रशिया के लगे ट्रांसपोंडर्स बंद कर दिए थे. इन ट्रांसपोंडर्स की मदद से रूस, यूक्रेन में ड्रोन अटैक कर रहा था. इसे लेकर जेलेंस्की ने बेलारूस से नाराजगी जाहिर की थी. पुतिन और लुकाशेंको की दोस्ती जगजाहिर है. ऐसे में माना जा रहा है कि जेलेंस्की ने लुकाशेंको के जरिए पुतिन को युद्ध रोकने का संदेश भिजवाया है. 

उल्लेखनीय है कि शनिवार को लुकाशेंको ने रूस के वलदाई पहुंचकर पुतिन से खास मुलाकात की है. इस मुलाकात का उद्देश्य, जेलेंस्की का संदेश पुतिन तक पहुंचाना माना जा रहा है. ऐसे में रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम करीब दिखाई पड़ रहा है. हालांकि, दोनों देशों के एक दूसरे के अहम ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन अटैक जारी हैं. 

रूस-यूक्रेन के बीच घमासान जारी

यूक्रेन ने फ्लैमेंगो क्रूज मिसाइल से रूस के वोल्गोग्राड शहर के एक मिलिट्री कॉम्प्लेक्स पर हमला किया है. इस कॉम्प्लेक्स में रूस की बैलिस्टिक मिसाइल के लॉन्चर तैयार किए जाते हैं. 

उधर रशिया ने यूक्रेन की राजधानी कीव, सुमी,जपोरिजिया, खेरसोन, ओडेशा और डिनिप्रो में बैलिस्टिक मिसाइल और 200 ड्रोन के जरिए हमले किए. इन हमलों में यूक्रेनी नागरिकों के हताहत होने की खबर है. 

रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, कीव में सैनिकों के रिक्रूटमेंट सेंटर और आयुध स्टोर पर हमला किया गया. साथ ही पोलटावा में एक रिफाइनरी पर अटैक किया गया. डिनिप्रो में रूसी फाइटर जेट्स ने एफएबी-500 एरियल बमों से यूक्रेन के ड्रोन स्टोरेज फैसिलिटी को तबाह कर दिया. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *