मंगलवार को देश को मिलने वाला है नया सेनाध्यक्ष. थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी अपना दो साल का कार्यकाल पूरा कर रिटायर हो रहे हैं. जनरल द्विवेदी भारतीय सेना की कमान जनरल धीरज सेठ को सौपेंगे. इसके साथ सेना के वाइस चीफ और पाकिस्तान सीमा से सटी दो अहम कमान की जिम्मेदारी भी नए कमांडर्स को मिलने जा रही है.
आर्मी चीफ के अलावा लेफ्टिनेंट संदीप जैन थलसेना का वाइस चीफ का पद संभालेंगे और दक्षिणी कमान की जिम्मेदारी कांग्रेस सांसद शशि थरूर की दिवंगत पत्नी सुनंदा पुष्कर के भाई राजेश पुष्कर को दी गई है. राजेश पुष्कर सेना में बेहद काबिल अफसर माने जाते हैं और कई अहम मोर्चे की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
ऑपरेशन सिंदूर में जनरल उपेंद्र द्विवेदी की रही थी अहम भूमिका
जनरल द्विवेदी को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की कमान संभालने के लिए जाना जाएगा. पहलगाम नरसंहार का बदला लेने के लिए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को बर्बाद करने की जिम्मेदारी भारतीय वायुसेना के साथ थलसेना की भी थी. इसके अलावा, थलसेना को ड्रोन वॉरफेयर के लिए तैयार करने के लिए भी जनरल द्विवेदी का अहम योगदान रहा है.
थलसेना में अब हर सैनिक को ड्रोन वॉरफेयर के लिए तैयार किया जा रहा है. जनरल द्विवेदी के आदेश पर हर इन्फैंट्री बटालियन में एक अश्नि ड्रोन प्लाटून खड़ी की गई है. करीब 13 लाख सैनिकों वाली थलसेना में कुल 380 इन्फैंट्री बटालियन हैं.
जनरल द्विवेदी ने सेना में नई भैरव बटालियन का गठन करने में भी अहम भूमिका निभाई. ये भैरव बटालियन, डिवीजन स्तर पर काम करती हैं और स्पेशल फोर्सेज (पैरा-एसएफ) और घातक कमांडो के बीच का गैप भरने में सहायक हैं.
जनरल द्विवेदी का स्थान अब जनरल धीरज सेठ लेंगे.
लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन, राजेश पुष्कर को अहम जिम्मेदारी
जनरल सेठ अभी तक सेना के वाइस चीफ के पद पर तैनात थे. अब उनकी जगह लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन सह-प्रमुख (वाइस चीफ) का पदभार संभालेंगे. वे अभी तक पुणे स्थित दक्षिणी कमान के कमांडिंग इन चीफ के पद पर तैनात थे.
दक्षिणी कमान की जिम्मेदारी अब लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर संभालेंगे. आर्मर्ड यानी टैंक रेजीमेंट के अधिकारी रहे ले.जनरल पुष्कर, अभी तक अंबाला स्थित खड़गा स्ट्राइक कोर (2 कोर) के कमांडर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे. ले.जनरल पुष्कर, कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद शशि थरूर की दिवंगत पत्नी सुनंदा पुष्कर के भाई हैं. सेना की दक्षिणी-पश्चिमी कमान की जिम्मेदारी गुजरात के रण ऑफ कच्छ की सुरक्षा की है.
इसके अलावा जयपुर स्थित दक्षिणी पश्चिमी कमान के कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनिंदर सिंह भी अपने पद से रिटायर हो रहे हैं. उनकी जगह लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा पाकिस्तान से सटे रेगिस्तान की सुरक्षा करने वाली इस कमान की जिम्मेदारी संभालेंगे.
मंगलवार को ही वायुसेना के नए वाइस चीफ आशुतोष दीक्षित भी अपना कार्यभार संभालेंगे.

