रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध के साथ-साथ जुबानी जंग भी तेज है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका पर कटाक्ष करके एक बार फिर से उनकी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अनबन की सच्चाई दुनिया के सामने ला दी है.
जेलेंस्की ने कहा, कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रूस के बारे में जितना वो जानते हैं, उतना अमेरिका नहीं जानता है.
जेलेंस्की ने ट्रंप की युद्ध समाप्ति की नीयत को सही बताया, लेकिन तरीके से असहमति जताई है.
रूस-अमेरिका के बीच हुई तेल डील को लेकर जेलेंस्की भड़के हुए हैं, और रूस के साथ-साथ लगातार अमेरिका पर भी हमला बोल रहे हैं. यही कारण है कि अपने बयान में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ये कह दिया था कि अब यूक्रेन में कोई नया राष्ट्रपति आना चाहिए.
सोवियत जैसी सोच है पुतिन की, मैं उन्हें बहुत अच्छे से जानता हूं: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने कहा है कि “रूस की सोच और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के इरादों को यूक्रेन अमेरिका से बेहतर समझता है. राष्ट्रपति ट्रंप और मेरा लक्ष्य रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करना है, लेकिन दोनों नेता शांति हासिल करने के तरीकों पर अलग-अलग राय रखते हैं.”
जेलेंस्की ने पुतिन की सोच को सोवियत संघ वाला बताया. कहा- “पुतिन की मानसिकता और उनकी वास्तविकता, दोनों पर सोवियत दौर का गहरा असर है. मेरी पीढ़ी का जन्म सोवियत संघ में हुआ था, इसलिए मैं इस सोच को अच्छी तरह समझता हूं.”
जेलेंस्की ने कहा कि “जब रूस का युद्ध खत्म करने की बात आती है, तो राष्ट्रपति ट्रंप और वह एक ही पक्ष में हैं, लेकिन इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उनके तरीके अलग हैं.
“हम इतने सालों तक रूसियों के पड़ोसी रहे हैं. यही वजह है कि मुझे लगता है कि हम रूसियों को अमेरिका की तुलना में ज्यादा स्पष्ट रूप से समझते हैं. यूक्रेन का रूस के साथ सीधा और पुराना अनुभव उसे रूसी नेतृत्व के व्यवहार को समझने में बढ़त देता है.”
अमेरिका के साथ कुछ मुद्दों पर मतभेद है: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने युद्ध समाप्ति को लेकर अमेरिका की कोशिशों को सही बताया. लेकिन साथ ही कई मुद्दों पर असहमति भी जता दी. जेलेंस्की ने कहा कि “अमेरिका वैश्विक सुरक्षा को ध्यान में रखकर रूस के साथ अलग-अलग मुद्दों पर बातचीत कर सकता है, लेकिन रूसी सैनिक और लोग क्या चाहते हैं, वो हम जानते हैं.”
अमेरिका-यूक्रेन के संबंधों पर बात करते हुए जेलेंस्की बोले-“ राष्ट्रपति ट्रंप के साथ कई मुद्दों पर रणनीतिक मतभेद हैं, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप ने कुछ मुद्दों पर हमारा समर्थन किया है, जबकि कुछ अन्य मुद्दों पर हमारे विचार अलग हैं.”
मेलानिया ट्रंप ने करवाया अस्थाई सीजफायर, बाकी जगह युद्ध जारी
रूस-यूक्रेन के बीच अमेरिका की प्रथम महिला यानि ट्रंप की पत्नी मेलानिया ने सीजफायर की घोषणा की थी. 27 नवंबर को यह सीजफायर तय समय से 2 दिन पहले लागू किया गया, ताकि युद्ध प्रभावित क्षेत्र में जरूरतमंदों को मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके.
रूस और यूक्रेन के बीच पूरी तरह सीजफायर नहीं हुआ है बल्कि ये सिर्फ एक जगह पर किया गया सीजफायर है, जो यूक्रेन के दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र के रूसी-कब्जे वाले शहर ओलेश्की के आसपास लागू हुआ है
इस बीच कीव के अधिकारियों ने कहा कि 29 अक्टूबर को रूसी ड्रोन हमले में यूक्रेन के शहर निप्रो में एक भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 14 लोग मारे गए.
तो जेलेंस्की ने खुलासा किया कि “यूक्रेन के पास रूस द्वारा नए बैलिस्टिक मिसाइल हमलों की योजना बनाने की जानकारी है, और कहा कि उसे ऐसे हमलों का मुकाबला करने के लिए साधनों की आवश्यकता है.”


Leave feedback about this