Breaking News Defence Viral Videos

हेगसेथ को हड़काया सैनिक ने, वॉर मेमोरियल पर हंसी-ठिठोली पड़ी भारी

ईरान युद्ध में अपनी सेना के मुंह की खाने के बाद महाभियोग की मार झेल रहे अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ को सरेआम एक गार्ड ने हड़का डाला. वेटरेन्स डे के मौके पर वॉर मेमोरियल पर रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, उनकी पत्नी और ग्रुप की हंसी ठिठोली देखकर एक सैनिक भड़क गया. और सेरेमोनियल गार्ड ने सबसे सामने ही तेज आवाज में फटकारते हुए कह दिया, कि कुछ तो सम्मान करो.

गार्ड की तेज आवाज से एक बार को पीट हेगसेथ और उनका ग्रुप ठिठक गया. और अब यही वीडियो वायरल हो गया है, जिसके बाद सभी पीट हेगसेथ को बचकाना बता रहे हैं और गार्ड की तारीफ कर रहे हैं.

इस वॉर मेमोरियल को प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध के अज्ञात सैनिकों की याद में बनाया गया था. साल 1948 से सेना की तीसरी इन्फैंट्री रेजिमेंट (‘द ओल्ड गार्ड’) के जवान हर मौसम में चौबीसों घंटे यहां तैनात रहते हैं. 

सच में युद्ध स्मारक जैसे संवेदनशील जगहों पर जहां वीरगति प्राप्त सैनिकों को सम्मान दिया जाता है, वहां रक्षामंत्री जैसे पद पर बैठे पीट हेगसेथ की इस हरकत से ट्रंप प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

अमेरिकी सैनिक ने पीट हेगसेथ को फटकारा

एक सैनिक ने अमेरिकी रक्षा मंत्री (सचिव) पीट हेगसेथ को सरेआम हड़काया है. वीरगति को प्राप्त सैनिकों के युद्ध स्मारक पर पत्नी और साथियों के साथ फोटो खींचवाने और हंसी ठिठोली करने वॉर मेमोरियर पर तैनात सेरेमोनियल गार्ड ने तेज आवाज में कहा, थोड़ा तो सम्मान दो.

आपको बता दें कि अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का वेटरन्स डे पर टोंब ऑफ अननोन सोल्जप (आर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान) जाना हुआ था. उनके साथ उनकी पत्नी जेनिफर, चीफ ऑफ स्टाफ रिकी बुरिया, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ पैट्रिक वीवर और वरिष्ठ सलाहकार तमी राडाबाग भी थे. वहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद हेगसेथ के साथ ये सभी सीढ़ियों पर खड़े होकर फोटो खिंचवाने लगे, यहां तक तो ठीक था, लेकिन जैसे ही ग्रुप के लोग ठहाके लगाने लगे, तो ये आवाज सुनने के बाद वहां तैनात एक सैनिक ने आगंतुकों से तेज स्वर में शांति और सम्मान’ बनाए रखने का आह्वान किया. सैनिक ने सख्त लहजे में आवाज लगाते हुए कहा, “सभी पर्यटक हर समय शांति और सम्मान का माहौल बनाए रखेंगे.”

जिसके बाद पीट हेगसेथ ने मुड़कर उस गार्ड की ओर देखा, और फिर आगे बढ़ गए.

महाभियोग से बचते ही नई कंट्रोवर्सी, पेंटागन ने दी प्रतिक्रिया

इस विवाद से एक दिन पहले ही पीट हेगसेथ के सिर से महाभियोग का काला साया टला था. हेगसेथ पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे. महाभियोग प्रस्ताव में हेगसेथ पर अपने पद का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है. दूसरा आरोप ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियान को लेकर था. कहा गया था कि सरकार ने कांग्रेस की स्पष्ट मंजूरी के बिना 60 दिनों की निर्धारित समयसीमा के बाद भी सैन्य कार्रवाई जारी रखी. हेगसेथ पर सैन्य अभियानों में आम नागरिकों की मौत रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाने, कैरेबियन और प्रशांत महासागर में संदिग्ध ड्रग तस्करी करने वाले जहाजों के खिलाफ गैरकानूनी सैन्य कार्रवाई करने और यमन तथा वेनेजुएला में बिना अनुमति सैन्य अभियान चलाने के आरोप भी लगाए गए. इसके अलावा दावा ये भी किया गया कि हेगसेथ ने उनकी आलोचना करने वाले राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ बदले की कार्रवाई की. हालांकि ये प्रस्ताव मौजूदा संसदीय संत्र में आगे नहीं बढ़ पाया और हेगसेथ बाल-बाल बच गए.

लेकिन फिर अगले ही दिन वॉर मेमोरियल पर वीरगति प्राप्त सैनिकों का सम्मान न करने जैसा आरोप लग गया. गार्ड की फटकार पर पेंटागन ने सफाई दी है. पेंटागन के शीर्ष प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा, “इस गंभीर दिन को मनाते समय, एक सैनिक ने सही और सम्मानजनक तरीके से सभी को मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई. रक्षामंत्री और पूरे विभाग ने अमेरिका को सुरक्षित रखने के लिए हमारे सैन्य पुरुषों और महिलाओं के दिए गए बलिदानों का हमेशा सम्मान किया है और हमेशा करते रहेंगें.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.