अमेरिका की बड़ी टेक कंपनी एनवीडिया में महिला चीनी जासूस की सेंधमारी से हड़कंप मच गया है. जासूसी का आरोप कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग की चाइनीज़ गर्लफ्रेंड पर लगा है.
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने खुलासा किया है कि जेन्सन की गर्लफ्रेंड एलिस चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करती है. आरोप है कि चीन ने एलिस को सीईओ जेन्सन हुआंग से जानकारी जुटाने और एनवीडिया की एआई चिप बिक्री नीति को प्रभावित करने के लिए तैयार किया था.
जांच में पता चला है कि सीईओ से नजदीकी से पहले एलिस ने चीन के सीसीटीवी और हुनान टीवी जैसे मीडिया संस्थानों में रिपोर्टर के तौर पर काम किया था. इसके बाद बैंकिंग सेक्टर में गई. इसके बाद मेगास्पीड नाम की सिंगापुर की कंपनी में काम करने के दौरान एलिस की मुलाकात एनवीडिया कंपनी के सीईओ जेनसेन हुआंग से हुई.
अमेरिकी एजेंसियों को शक है कि एलिस को चीनी खुफिया एजेंसियों ने खासतौर से तैयार किया था, ताकि उसकी मदद से वो प्रतिबंधित लेटेस्ट आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (एआई) अमेरिकी चिप हासिल कर पाए.
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने आरोपों को खारिज कर दिया है. चीन का कहना है कि अमेरिका द्वारा लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद है और चीन को बदनाम करने के लिए हैं.
एनवीडिया के सीईओ की गर्लफ्रेंड निकली चीनी जासूस
एनवीडियो एक बड़ी अमेरिकी टेक कंपनी है, जिसके सीईओ जेन्सन हुआंग अमेरिकी नागरिक हैं और ताइवान में जन्मे हैं. लेकिन पिछले कुछ महीनों से जेन्सन हुआंग अमेरिकी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं. वजह है साल 2024 से उनके साथ नजर आने वाली एक महिला. ये महिला एलिस हुआंग, जिसे हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है, वो एक चीनी नागरिक है और सिंगापुर की बड़ी कंपनी मेगास्पीड की बड़ी अधिकारी है.
जून 2024 में ताइवान की राजधानी ताइपे के एक बार में एलिस और जेन्सन की तस्वीर सामने आई थी. दोनों वहां बड़ी टेक कंपनियों के अधिकारियों के साथ मौजूद थे. इसके अलावा मई 2025 में भी एलिस को ताइपे के एक रेस्टोरेंट के बाहर भी एलिस को जेन्सन के पीछे खड़े देखा गया था. और फिर मीडिया से बात करने के बाद जेन्सन और चीनी महिला एलिस को एक साथ गाड़ी में बैठकर जाते देखा गया था. इसके बाद अमेरिकी एजेंसियों के कान खड़े हो गए.
एजेंसियों का शक उस वक्त और बढ़ गया जब मेगास्पीड ने पिछले दो साल में एनवीडिया की 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा की चिप खरीदीं. मेडास्पीड दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया की सबसे बड़ी ग्राहकों में शामिल है. लेकिन ये कंपनी चीन की गेमिंग कंपनी जुड़ी है.
जिस वक्त अमेरिका में जो बाइडेन की सत्ता थी, उस वक्त चीन को एडवांस चिप बेचने पर रोक लगाई गई थी. लेकिन जब डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति बने तो एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग ने चीन को चिप बिक्री की पाबंदियों में ढील देने की मांग की थी.
मेगास्पीड एनवीडिया की एआई चिप्स खरीदती है. इसी वजह से अमेरिका की ओर से चीन की एडवांस सेमीकंडक्टर तकनीक तक पहुंच सीमित करने की कोशिशों के बीच यह कंपनी भी जांच के दायरे में आई.
अमेरिकी एजेंसियों का मानना है कि चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (एमएसएस) ने एलिस नाम की महिला को खासतौर पर इस जासूसी के लिए तैयार किया ताकि एनवीडियो के सीईओ को हनीट्रैप में फंसा कर एआई चिप हासिल की जा सके, जिसपर बैन लगाया गया था.
एनवीडिया के सीईओ ने माफी मांगी, ट्रंप ने किया बचाव
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने चीनी जासूसी मामले में अपने परिवार और कर्मचारियों से माफी मांगी है. जेन्सन हुआंग ने इस बारे में कंपनी को एक संदेश भेजा है. जेन्सन ने अपने संदेश में कहा- “मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की. मेरी इस हरकत से बच्चों को ठेस पहुंची है. मैंने जो किया, उसे किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता. मुझे इसका गहरा अफसोस है.”
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एनवीडियो के सीईओ का बचाव किया. ट्रंप ने कहा, “जेन्सन को वह हमेशा ईमानदार मानते आए हैं और प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच करेगा.”
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे एनवीडिया का अंदरूनी मामला बताया है.
इस पूरे विवाद के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है. कंपनी का कहना है कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि उसके कारोबार से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां लीक हुई हैं.
चीन ने जासूसी के आरोपों को बताया गलत, सिंगापुर ने भी झाड़ा पल्ला
चीन ने सारे आरोपों को बदनाम करने की कोशिश बताया है. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि इन आरोपों का कोई आधार नहीं है. भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर गुओ के बयान का वीडियो साझा करते हुए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया. कहा कि तथाकथित चीनी जासूस से जुड़ी खबरें चीन के खिलाफ बदनाम करने का अभियान हैं.
सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने भी एलिस को चीनी खुफिया एजेंसी का सूत्र मानने वाली रिपोर्ट को खारिज किया है.

