रूस और यूक्रेन में जारी भीषण युद्ध के बीच भारत ने दोनों देशों के बीच एक साथ संपर्क किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की है. तो विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ युद्ध के समाधान पर चर्चा की है.
रूस और यूक्रेन से भारत की बातचीत ऐसे वक्त में हुई है जब दोनों देश और अमेरिका के प्रतिनिधि अबू धाबी में युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत करने जा रहे हैं. 10-11 नवंबर को रूस-यूक्रेन-अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता की जानी है. और भारत ने इस बैठक से पहले रूस-यूक्रेन दोनों से बात की है.
पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) के अनुसार पीएम मोदी ने बातचीत में संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाले जाने पर जोर दिया. साथ ही ये भी कहा कि भारत शांतिपूर्ण समाधान के लिए की जा रही कोशिशों में योगदान देने के लिए तैयार है.
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के ऐसे पहले नेता हैं जिन्होंने युद्ध के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति दोनों से एक के बाद मुलाकात की है. और युद्ध को समाप्त करने को प्राथमिकता दी है.
मोदी-जेलेंस्की के बीच क्या बातचीत हुई
पीएम मोदी और जेलेंस्की ने रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम और भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की. पीएमओ के मुताबिक, पीएम मोदी ने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए कहा कि इस संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए. उन्होंने युद्ध के मानवीय पहलुओं और शांति बहाली की कोशिशों पर जेलेंस्की के विचार भी सुने.
बातचीत के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि जेलेंस्की के साथ उनकी बातचीत उपयोगी रही. दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के बीच व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और इसे आगे मजबूत करने पर सहमति जताई.
इस बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार शाम लावरोव के साथ हुई बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी. जयशंकर ने लिखा, “रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बातचीत की है. हमारी चर्चा यूक्रेन संघर्ष और जारी कूटनीतिक पहलों पर केंद्रित रही.”
भारत तय करे कि वो कैसे युद्ध समाप्त करवा सकता है: जेलेंस्की
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बातचीत के बाद जानकारी देते हुए कहा, कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अबू धाबी में होने वाली वार्ता की तैयारियों और हालिया कूटनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी दी है.
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यूक्रेन अबूधाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे के हर मुद्दे पर सक्रियता से तैयारी कर रहा है. भारत को यह तय करना चाहिए कि वह युद्ध खत्म कराने के लिए कौन-से कदम उठा सकता है और दूसरे विश्व नेताओं के साथ किस तरह की कूटनीतिक पहल कर सकता है.”
“भारत काला सागर में अनाज के निर्यात के लिए गलियारे बनाने में मध्यस्थता कर सकता है और यूक्रेन इन प्रयासों को जारी रहने की उम्मीद करता है. यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए रचनात्मक रुख अपनाता रहा है और रूस को भी तनाव कम करने की ऐसी ही इच्छा दिखानी चाहिए.”
अबू धाबी में रूस-यूक्रेन-अमेरिका के लिए युद्ध समाप्ति पर बातचीत
संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी में 10 और 11 नवंबर को रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधि आमने-सामने बैठकर युद्ध समाप्ति के फाइनल फॉर्मूले पर बात करेंगे. अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर शामिल होंगे.
हाल ही में स्टीव विटकॉफ ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से अलग-अलग मुलाकात की थी. लेकिन रूस ने साफ तौर पर कहा है कि उसे युद्ध का कोई अस्थाई समाधान नहीं बल्कि स्थाई युद्ध समाप्ति चाहिए, और वो भी अपनी शर्तों के अनुसार. वहीं जेलेंस्की भी अपनी शर्तों पर टिके हुए हैं, इसी मतभेद के कारण युद्ध जारी है.
बहरहाल पूरी दुनिया खासतौर पर यूरोप की निगाह अबू धाबी में होने वाली अहम बैठक पर टिकी हुई है.


Leave feedback about this