किश्तवाड़ और कुलगाम में हुई दो घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से सुर्खियों में है. बुधवार को कुलगाम में सीआरपीएफ कैंप पर हुई फायरिंग की घटना के बाद किश्तवाड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 02 स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स के शव बरामद किए गए हैं. दोनों स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप का हिस्सा थे और उस वक्त लापता हो गए थे जब वो आर्मी की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की एक टीम को रिलीव करने जा रहे थे.
कई घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं, वहीं दोनों एसपीओ के हथियार मौके से गायब हैं. इस घटना से ठीक पहले कुलगाम में बाइक सवारों ने सीआरपीएफ जवानों पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए हैं.
इन दोनों घटनाओं के बाद घाटी में सिर उठाने की कोशिश में जुटे आतंकियों के सिर कुचलने की तैयारी है. बड़े पैमाने पर आतंकियों की तलाश की जा रही है, और नाकेबंदी बढ़ा दी गई है.
किश्तवाड़ में लापता स्पेशल पुलिस अफसरों के शव बरामद
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मारवाह के देहरना जंगल इलाके में फायरिंग की आवाज सुनने के बाद दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) लापता हो गए थे. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, “दोनों एसपीओ कियार कैंप से ढारना-मारवाह स्थित सेना की एक चौकी के लिए निकले थे, लेकिन चौकी पर नहीं पहुंचे थे. शुरुआत में तो थोड़ी देर दोनों का मोबाइल काम कर रहा था, लेकिन बाद में मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया था.”
किसी आशंका के बाद बड़े स्तर पर दोनों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इन दो जवानों के लापता होने के तुरंत बाद पुलिस और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स की तरफ से संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया था.
सर्च ऑपरेशन में दोनों के शव बरामद हो गए हैं, दोनों को गोलियों से छलनी किया गया है. और मारे गए पुलिसकर्मियों के सर्विस हथियार नहीं मिले हैं, जिसके बाद इन हत्याओं के पीछे आतंकियों का हाथ माना जा रहा है.
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने जांच का हवाला देते हुए इस घटना पर ज्यादा बयान नहीं दिया है कि ये आतंकी घटना है या नहीं.
कुलगाम में सीआरपीएफ नाके पर अंधाधुंध फायरिंग
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को बाइक सवार हथियारबंद संदिग्धों आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) नाके पर हमला कर दिया. हमले में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. फुटेज में ताबड़तोड़ गोलीबारी होती दिख रही है. बताया जा रहा है कि 15 सेकेंड में 30 राउंड फायरिंग हुई है. हमले के बाद जवानों ने भी पलटवार करते हुए कई राउंड फायरिंग की.
सीआरपीएफ के बयान के मुताबिक, “यह घटना दोपहर करीब 2.15 बजे की है. घायल कर्मियों को इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”
इस घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई. और फायरिंग करने वाले आतंकियों की तलाश तेज की गई.
इस आतंकी संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी
सीआरपीएफ जवानों की सतर्कता से कुलगाम में बड़ी आतंकी वारदात को रोक दिया गया. इस अटैक की जिम्मेदापी पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर नाम के एक आतंकी संगठन ने ली है. पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ ने एक पर्चा जारी किया है. इसके प्रवक्ता का नाम मोहम्मद उमर अज्जम बताया गया है. पर्चे में कहा गया है- पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ ने कुलगाम ज़िले में सीआरपीएफ के कर्मियों पर हुए हमले की ज़िम्मेदारी लेती है.
इस पर्चे में हिंदुओं और संघ के बारे में आपत्तिजनक बातें की गई हैं.सुरक्षा और जांच एजेंसियां इस पर्चे की सत्यता के बारे में जांच कर रही है.
बहरहाल सुरक्षा और जांच एजेंसियां सतर्क हैं और मुस्तैद हैं


Leave feedback about this