भारतीय नौसेना ने पिछले 60 दिनों (दो महीनों)में पृथ्वी के अलग-अलग समंदर में कुल 11 युद्धाभ्यासों में हिस्सा लेकर पूरी दुनिया को चौंका दिया है. इनमें से कई
द्विपक्षीय युद्धाभ्यास थे तो कुछ बहुपक्षीय. पश्चिम एशिया में गहराते संकट और समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा के बीच भारतीय युद्धपोतों ने यूरोप से लेकर अफ्रीका और हिंद-प्रशांत क्षेत्र तक अपनी रणनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है.
भारतीय नौसेना ने जिन मेरीटाइम मिलिट्री एक्सरसाइज में हिस्सा लिया है. वे इस प्रकार हैं:
• कोंकण और वरुण एक्सरसाइज: यूरोपीय समुद्री क्षेत्र में ब्रिटेन के साथ ‘कोंकण’ और फ्रांस के साथ ‘वरुण’ युद्धाभ्यास आयोजित कर नौसेना ने अपनी शक्ति दिखाई.
• मालाबार एक्सरसाइज: जापान में क्वाड देशों की नौसेनाओं के साथ सालाना मालाबार एक्सरसाइज. क्वाड देश यानी भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया. मालाबार अभ्यास में हिस्सा लेकर भारतीय नौसेना ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामरिक संतुलन को मजबूत किया.
• इंद्रा एक्सरसाइज: रूस के सुदूर-पूर्व व्लादिवोस्तोक में रशियन नेवी के साथ इंद्रा एक्सरसाइज. इसी दौरान, भारतीय सेना (थलसेना) और भारतीय वायुसेना भी रूस की समकक्ष सशस्त्र बलों के साथ इंद्रा एक्सरसाइज के लैंड और एयर वर्जन में हिस्सा ले रही थीं.
• इब्सामार: दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील की नौसेनाओं के साथ अफ्रीकी समुद्री क्षेत्र में मिलकर इस त्रिपक्षीय समुद्री अभ्यास को अंजाम दिया गया.
• सिम्बैक्स और स्लिनेक्स: पड़ोसी और क्षेत्रीय साझेदारों के तहत सिंगापुर के साथ ‘सिम्बैक्स’ और श्रीलंका के साथ ‘स्लिनेक्स’ युद्धाभ्यास.
• नसीम-अल-बहर: पश्चिम एशिया में ऊर्जा गलियारों की सुरक्षा के मद्देनजर अरब सागर में ओमान की नौसेना के साथ यह अहम अभ्यास किया गया.
• एडीएमएम-प्लस और आइमी (आसियान इंडिया मेरीटाइम एक्सरसाइज):फिलीपींस में भारतीय युद्धपोत आईएनएस सह्याद्री और आईएनएस कुलिश ने इन बहुपक्षीय अभ्यासों में भाग लिया.
• भारत-दक्षिण कोरिया द्विपक्षीय अभ्यास: आईएनएस सह्याद्री ने दक्षिण कोरिया के बुसान में कोरिया गणराज्य की नौसेना के साथ भी संयुक्त अभ्यास पूरा किया.

Leave feedback about this