Breaking News Defence NATO Reports

जनरल सेठ का Czech दौरा, टाट्रा ट्रक विवाद छूटा पीछे

टाट्रा मिलिट्री ट्रक खरीद विवाद के करीब डेढ़ दशक बाद भारत ने एक बार फिर चेक गणराज्य से सैन्य संबंधों को पटरी लाने की कवायद शुरु कर दी है. इस हफ्ते थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ (16-19 नवम्बर) यूरोपीय देश चेक (पूर्ववर्ती चेकस्लोवाकिया) का दौरा करने जा रहे हैं. इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान, दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने के साथ सभी की निगाहें टिकी होंगी जनरल सेठ की नाटो के सीबीआरएन डिफेंस एक्सीलेंस सेंटर दौरे पर.

रूस-यूक्रेन जंग के दौरान कई बार केमिकल, बायोलॉजिकल और परमाणु हमले तक की नौबत आती दिखाई दी थी. यही वजह है कि अमेरिका और यूरोपीय देशों के मिलिट्री संगठन, नाटो में सीबीआरएन यानी केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर अटैक के संभावित खतरों से निपटने पर खासा जोर दिया जाता है. भारतीय सेना में भी सीबीआरएन अटैक से बचने पर खासा जोर दिया जाता है.

पाकिस्तान की तरफ से परमाणु हथियारों की धमकी के चलते, भारतीय सेना ने डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) की मदद से सीबीआरएन कवच को बेहद मजबूत बनाया है. सितंबर के महीने में रक्षा मंत्रालय ने थलसेना के लिए सीबीआरएन व्हीकल्स का एक बल्क ऑर्डर भी दिया था.  सीबीआरएन रेकी वाहन, केमिकल बायोलॉजिकल रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर एजेंटों से दूषित क्षेत्रों का पता लगाने, उनकी पहचान करने, निगरानी करने और उन्हें चिन्हित करने में सक्षम होते हैं.

भारतीय सेना के मुताबिक,  जनरल सेठ की चेक गणराज्य की यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी संपर्क व समन्वय बढ़ाना तथा रक्षा प्रौद्योगिकी एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशना है.

2012 में जनरल वीके सिंह ने फोड़ा था टाट्रा ट्रक खरीद का भंडाफोड़

वर्ष 2012 में तत्कालीन थल सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह ने टाट्रा मिलिट्री ट्रक खरीद के मामले में एक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अधिकारी पर घूस देने का सनसनीखेज आरोप वगाा था. इन टाट्रा ट्रक को चेक गणराज्य की एक प्राइवेट कंपनी के साथ भारत की डिफेंस पीएसयू बीईएमएल (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) मिलकर निर्माण करती थी. इस मामले की जांच सीबीआई ने की थी. जनरल वी के सिंह (रिटायर्ड) फिलहाल मिजोरम राज्य के गवर्नर के पद पर हैं.

चेक गणराज्य के रक्षा विश्वविद्यालय का होगा दौरा

भारतीय सेना के मुताबिक, थल सेनाध्यक्ष अपनी यात्रा के दौरान चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे. इनमें राजधानी प्राग स्थित जनरल स्टाफ मुख्यालय में जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख और उप रक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र सेपेलका भी शामिल होंगे. थल सेनाध्यक्ष जनरल स्टाफ मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा, वे रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे. इन बैठकों में आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें सैन्य सहयोग, प्रशिक्षण, आधुनिकीकरण और उभरती सुरक्षा चुनौतियां शामिल हैं.

इस कार्यक्रम के तहत जनरल धीरज सेठ ब्रनो स्थित रक्षा विश्वविद्यालय का दौरा भी करेंगे. इन दौरों का उद्देश्य चेक सशस्त्र बलों के विशेष प्रशिक्षण, परिचालन क्षमताओं और भविष्य की तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त करना है.

थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ रक्षा प्रौद्योगिकी एवं रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए अंतर-सरकारी रक्षा सहयोग एजेंसी (एएमओएस), रक्षा व सुरक्षा उद्योग संघ और प्रमुख रक्षा निर्माताओं के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे.

यह दौरा भारत व चेक गणराज्य की उस साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत निरंतर सैन्य संवाद, पेशेवर आदान-प्रदान तथा औद्योगिक साझेदारियों के माध्यम से द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.