Breaking News Indo-Pacific

आतंकवाद के खिलाफ क्वाड लामबंद…इंडोपैसिफिक में दादागीरी नहीं चलेगी

फिलीपींस की राजधानी मनीला में दो साल बाद ‘क्वाड समिट’ में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, समंदर की सुरक्षा और मजबूत आर्थिक साझेदारी पर मंथन किया. इस बैठक के बाद जारी साझा बयान में पहलगाम हमले के बाद पहली बार सीमा पार आतंकवाद की खुलकर निंदा की गई है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पीएम नरेंद्र मोदी, जापानी पीएम साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज आमने-सामने आए. चारों ने मिलकर पाकिस्तान को आतंकवाद और चीन की विस्तारवाद नीति की दादागीरी पर कड़ा संदेश दिया.

 क्वाड देश करेंगे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की आसमान से निगहबानी

क्वाड बैठक के बाद भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी किया है.

इस संयुक्त बयान में कहा गया है कि- “हमें इंडो-पैसिफिक मैरीटाइम सर्विलांस कोलैबोरेशन का स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है, जो सूचना साझा करने और समुद्री क्षेत्र जागरूकता को बढ़ाने के लिए एक नई पहल है. साल 2027 में, हमारे संबंधित पी-8 और पी-3C गश्ती (टोही) विमान पहली बार क्वाड संदर्भ में समुद्री अभ्यास में उड़ान भरने के लिए निर्धारित हैं, जिससे हमारे समुद्र और अधिक सुरक्षित होंगे.”

“हम आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में, जिसमें सीमा पार आतंकवाद भी शामिल है, स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं, और आतंकवाद-रोधी पर क्वाड के चल रहे सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”

क्वाड नेताओं ने इंडो पैसिफिक में शांति बनाए रखने पर साफ और सीधे संदेश देते हुए कहा है कि “कोई भी देश ताकत के बल पर या अपनी मनमानी करके मौजूदा हालात को बदलने की कोशिश न करे.”

क्वाड की बैठक में पीएम मोदी ने क्या मुद्दे उठाए

पीएम मोदी ने क्वाड को एक कंस्ट्रक्टिव और भरोसेमंद पार्टनर बताया है जो आपदा राहत से लेकर नई तकनीकों तक हर मोर्चे पर दुनिया को ठोस समाधान दे रही है. प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत रखना और भविष्य की नई तकनीकों में आपसी सहयोग बढ़ाना समय की सबसे बड़ी मांग है.

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आप सभी मित्रों से मिलकर मुझे हार्दिक खुशी हो रही है. मनीला का क्वाड से पुराना और विशेष नाता रहा है. साल 2007 में चारों देशों के अधिकारी पहली बार यहीं मिले थे. इसके दस साल बाद 2017 में इसी शहर में हमने अपना संवाद फिर से शुरू किया था.”

पीएम मोदी ने कहा, “पिछले वर्ष जनवरी से अब तक हमारे विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं. यह हमारी साझेदारी के प्रति राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है.”

ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ

क्वाड देशों के नेताओं के फोटो ऑप्स के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को मजबूत और सशक्त नेता बताया. पीएम मोदी की तारीफ करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “वे (पीएम मोदी) बहुत टफ मैन हैं. हो सकता है कि वे (जापानी पीएम सनाए ताकाइची) उनसे भी ज्यादा सख्त हों. हम भी ठीक हैं.”

ट्रंप ने आगे कहा, “इन लोगों और इन देशों के साथ हमारे शुरुआत से ही बहुत अच्छे संबंध हैं. मैं काफी लंबे समय से इन तीनों के साथ जुड़ा रहा हूं. ये सभी बहुत शानदार लोग हैं. ये मेरे दोस्त हैं. इससे काफी मदद मिलती है.”

पीएम मोदी ने तिरंगा वाला फ्लोर मार्क उठा दिल जीता

क्वाड की बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने जगह दर्शाने के लिए रखे गए भारतीय तिरंगे को जमीन से उठाया और उसे अपनी जेब में रख लिया. ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “यह एक छोटा सा कदम है, लेकिन यह तिरंगे के प्रति गहरे सम्मान को दर्शाता है. एक ऐसा ध्वज जो पूरे राष्ट्र के सम्मान, इतिहास और गौरव का प्रतीक है.”

दरअसल राष्ट्राध्यक्षों के स्टेज पर खड़े होने के लिए जमीन पर मार्कर रखा जाता है, जिसमें देशों के नाम या फिर ध्वज को दिखाया जाता है. भारतीय पीएम के स्थान के लिए भी ऐसा फ्लोर मार्क रखा था. लेकिन पीएम मोदी ने उसे भी उठाकर सम्मान दिया.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.