Breaking News Indo-Pacific Reports

दुनिया को चाहिए शांति, मोदी का ASEAN से संदेश

फिलीपींस की राजधानी मनीला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान समिट में वैश्विक संघर्षों का जिक्र करते हुए आसियान देशों की भागीदारी को बेहद मजबूत बताया है. पीएम मोदी ने दुनिया से शांति की अपील करते हुए कहा है, हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी जिससे हम आपसी भागीदारी को नई दिशा दे सकते हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए कई नई पहल का प्रस्ताव भी रखा है, इसमें आसियान देशों के पर्यटकों को मुफ्त इलेक्ट्रॉनिक वीजा (ई-वीजा देने), समुद्री सहयोग की दीर्घकालिक योजना बनाने और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान जैसे प्रस्ताव शामिल हैं. ये प्रस्ताव मंगलवार को मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के बाद विदेश मंत्रालय की ओर से साझा किए गए.

पीएम मोदी ने देशों में आपसी प्रतियोगिता की जगह कोऑपरेशन पर जोर दिया.

भारत की प्रतिबद्धता अटल है और अटल रहेगी: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आसियान देशों से कहा- “हमारा विश्वास है कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं. आने वाले समय में आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 हमारी साझा आकांक्षाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. पिछले 12 वर्षों में हमने अपनी साझेदारी को नई गति दी है. अब हमें मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देनी है. इस साझेदारी में आसियान की यूनिटी और सेंट्रैलिटी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटल है और अटल रहेगी.”

पीएम मोदी ने “देशों में आपसी सहयोग बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा, भारत और आसियान मिलकर विश्व की लगभग एक चौथाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं. इसलिए हमारा भविष्य कॉम्पटीशन से नहीं, कोऑपरेशन से तय हो.” 

भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी से नई गति दी: पीएम मोदी

आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा- “पिछले वर्षों में हमारी एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने भारत के आसियान संबंधों को नई गति और नई गहराई दी है. हमारी साझेदारी अब साझी संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल, डिफेंस और स्पेस जैसे सेक्टर्स में नए आयाम प्राप्त कर रही है.”

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, “पीएम मोदी ने आसियान-भारत समुद्री सहयोग योजना का प्रस्ताव रखा.  इसके तहत समुद्री संपर्क, वैज्ञानिक शोध, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग, समुद्री गतिविधियों की जानकारी साझा करने और नाविकों की सुरक्षा जैसे विषय शामिल होंगे. इसके अलावा क्षेत्र में साइबर सुरक्षा से जुड़ी क्षमता बढ़ाने के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया गया. परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भी भारत और आसियान देशों के बीच तकनीकी आदान-प्रदान की बात कही गई.”

नियमों पर आधारिक इंडो-पैसिफिक में विश्वास: पीएम मोदी

मोदी ने आसियान के साथ व्यापक सामरिक साझेदारी के महत्व पर जोर दिया, और कहा, भारत स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित इंडो-पैसिफिक में विश्वास रखता है. सम्मेलन में मोदी और आसियान नेताओं ने आपदा प्रबंधन में सहयोग पर आसियान-भारत संयुक्त वक्तव्य भी जारी किया है।

विदेश मंत्रालय ने बताया है कि बैठक में पीएम मोदी ने कई अन्य प्रस्ताव भी रखे, जिनमें आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन, खनन और महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग, युवा कनेक्ट (युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों का आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन), नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के लिए छात्रवृत्ति बढ़ाना भी शामिल हैं.

आपको बता दें कि आसियान, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का एक क्षेत्रीय संगठन है इसमें वर्तमान में 11 सदस्य देश शामिल हैं, जिनमें भारत के अलावा इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, म्यांमार, कंबोडिया, लाओस, वियतनाम, तिमोर लेत्से शामिल हैं. पिछले साल कंबोथिया और थाईलैंड के बीच शुरु हुए संघर्ष को रोकने के लिए आसियान ने ही अहम भूमिका निभाई थी.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.